सूरदास जन्मान्ध थे या नहीं? प्रमाण और विद्वानों के मत

SHARE:

सूरदास जन्मान्ध थे या बाद में अन्धे हुए? वार्ता-साहित्य, सूरसागर के पदों और विद्वानों के मतों के आधार पर जानिए सूर की जन्मान्धता के प्रमाण।

सूरदास जन्मान्ध थे या नहीं? प्रमाण और विद्वानों के मत


हिन्दी साहित्य के भक्तिकाल में सूरदास का स्थान अप्रतिम है। कृष्ण-भक्ति की जिस धारा को उन्होंने अपने पदों से समृद्ध किया, उसकी लोकप्रियता आज भी अक्षुण्ण है। फिर भी उनके जीवन-वृत्त से जुड़े अनेक प्रश्न अब तक विवाद का विषय बने हुए हैं, और उनमें सबसे चर्चित प्रश्न है उनके अन्धत्व का। सूर जन्मान्ध थे, बाद में अन्धे हुए, या वस्तुतः काने थे, इस पर विद्वानों में मतभेद रहा है।

इस विषय पर विचार करते समय दो प्रकार की सामग्री सामने आती है। एक ओर 'वार्ता-साहित्य', श्रीनाथ भट्ट की 'संस्कृत-मणिमाला', हरिराय कृत 'भाव-प्रकाश', प्राणनाथ कवि की उक्ति, मियाँ सिंह कृत 'भक्त-विनोद' जैसे बाह्य साक्ष्य हैं, जो सूर को जन्मान्ध बताते हैं। दूसरी ओर 'सूरसागर' के कुछ पद हैं, जिनमें कवि ने स्वयं अपनी नेत्रहीनता का संकेत दिया है। इसके साथ ही सूर के काव्य में रूप, रंग और शृंगार का जो सजीव चित्रण मिलता है, उसने आधुनिक काल के अनेक अध्येताओं को यह सोचने पर विवश किया कि क्या कोई जन्मान्ध कवि ऐसा चित्रण कर सकता है। इसी से यह मत उठा कि सूर बाद में, बाल्यावस्था या वृद्धावस्था में, दृष्टिहीन हुए होंगे। कुछ विद्वानों ने "सूरदास की एक आँखि है, ताहू मैं कुछ कानौ" पंक्ति के आधार पर उन्हें काना भी माना है।

'वार्ता-साहित्य' में सूरदास जी को जन्मान्ध ही नहीं कहा गया है बल्कि यह उल्लेख है कि मात्र कुहर-रूप में सूर के चक्षु-चिह्न थे। ‘वार्ता-साहित्य' के अतिरिक्त भी अन्यत्र सूर को जन्मान्ध कहा गया है- 
  1. श्रीनाथ भट्ट जो सूरदास जी के समकालीन थे। उन्होंने 'संस्कृत-मणिमाला' में सूर को जन्मान्ध कहा है- 'जन्मान्धो सूरदासोऽभूत । ' 
  2. सूरदास के निधन के लगभग सौ वर्ष बाद की रचना श्री हरिराय जी कृत भाव-प्रकाश' में सूर की जन्मान्धता का उल्लेख इस प्रकार हुआ है- 'सो सूरदास को जन्म ही सों नेत्र नाहीं है।' 
  3. वृन्दावन निवासी प्राणनाथ कवि ने भी सूर को जन्मान्ध कहा है- 'बाहर नैन-विहीन सों, भीतर नैन विसाल। जिन्हें न जग कछु देखिबो, लखि हरि रूप निहाल ।। ' 
  4. कवि मिया सिंह ने 'भक्त-विनोद' में सूर की जन्मान्धता का इस प्रकार विश्लेषण किया है- “जनम अंध दूग ज्योति-विहीना । "
सूरदास की अमरकृति ‘सूरसागर' में भी कतिपय ऐसे पद पाये जाते हैं, जिनमें सूरदास के जन्मान्ध होने का प्रमाण मिलता है- तथा- 

'कहावत ऐसे त्यागी दानि । 
चारि पदारथ दिये सुदामहिं, अरु गुरु के सुत आनि । 
रावन के दस मस्तक छेदे, सरगहि सारंग पानि । 
लंका दई विभीषन जन कों, पूरबली पहिचानि ।। 
विप्र सुदामा कियौ अजाची, प्रीति पुरातन जानि । 
सूरदास सौं बहुत निठुरता, नैननि हूँ की हानि ।। 
'इहै निज मंत्र, यह ज्ञान यह ध्यान है, 
दरस दम्पति भजन सार गाऊँ। 
इन्हें माँगौं बार-बार प्रभु, 
सूर के नैन है रहौ, नर देह पाऊँ।। ' 
(सूरसागर - ना० प्र० सभा - संस्करण पद 1624) 

यदि इन कथनों को सही माना जाये तो यह बात निर्विवाद हो जाती है कि सूरदास निपट जन्मान्ध थे। इसमें किसी प्रकार की टीका-टिप्पणी का कोई अवसर नहीं मिल सकता है।

विद्वानों ने सूर के अन्धत्व के विषय में यह भी कल्पना की है कि सूर जन्मान्ध नहीं, बल्कि बाद में अन्धे हुए हों, क्योंकि रूप-रंग का जैसा चित्रण सूर के काव्य में पाया जाता है वह जन्मान्ध व्यक्ति द्वारा सम्भव नहीं है, लेकिन सूर को भगवत्कृपा से आध्यात्मिक प्रज्ञा-चक्षु प्राप्त था, इस बात को भी दरकिनार नहीं रखा जा सकता।

सूर सम्बन्धी कुछ पद ऐसे भी हैं, जिनमें सूर को एक आँख वाला माना जाता है। उदाहरण-स्वरूप यह पद द्रष्टव्य है- 

'अब हौं माया हाथ बिकानौ । 
परबस भयौ पसू ज्यों रजु-बस, भज्यौ न श्रीपति रानौ । 
हिंसा-मद-ममता-रस भूल्यौ, आसाही लपटानौ । 
याही करत अधीन भयौ हौं, निद्रा अति न अघानौ । 
अपने ही अज्ञान तिमिर मैं, बिसरयौ परम ठिकानौ । 
सूरदास की एक आँखि है, ताहू मैं कुछ कानौ।।'

सूरदास जन्मान्ध थे या नहीं? प्रमाण और विद्वानों के मत
बाह्य साक्ष्य के आधार पर यह तथ्य स्पष्ट हो जाता है कि सूरदास जी जन्मान्ध थे । जन्मान्ध होते हुए उन्हें दिव्य दृष्टि प्राप्त थी । कतिपय ऐसे उदाहरण पाये जाते हैं, जिनमें दिव्य दृष्टि का चमत्कार पाया जाता है। जैसे- महाभारत में यह प्रसंग आता है कि व्यास जी से दिव्य दृष्टि प्राप्त होने पर संजय ने कुरुक्षेत्र से दूर होते हुए भी धृतराष्ट्र को महाभारत युद्ध की सारी घटनाओं का यथार्थ रूप में बताया था। सूर के विषय में भी ऐसे ही उदाहरण प्राप्त होते हैं। सूरदास जी गोकुल में नवनीत प्रिय जी का जैसा शृंगार होता था वैसा ही चित्रण कीर्तन के समय अपने पदों में कर देते थे। यह बात गोस्वामी बालकों को बड़ी आश्चर्यजनक लगती थी। उन्होंने सूरदास के दिव्यदृष्टि की परीक्षा लेनी चाही। इसके लिए उन्होंने एक दिन ठाकुर जी की प्रात:कालीन झाँकी के समय वस्त्राभूषण से उनका श्रृंगार नहीं किया, केवल मोतियों के दो एक आभूषण पहना दिये वस्त्र भी नहीं पहनाया । उन लोगों ने सूर से कीर्तन करने के लिए कहा। सूर ने ठाकुर जी के असाधारण वेश का यथार्थ चित्रण इन शब्दों में कर दिया-

'देखे री, हरि नंगम नंगा । 
जल-सुत भूषन अंग बिराजत, बसन हीन छबि उठत तरंगा।।'

यह घटना जब गोस्वामी विट्ठलनाथ जी को ज्ञात हुई तब उन्होंने बालकों से कहा कि 'सूरदास जी परम भगवदीय हैं। ठाकुर जी के अनुग्रह से उन्हें दिव्य-दृष्टि प्राप्त है। चर्म चक्षुओं के बिना भी वे सब कुछ देखने में समर्थ हैं।'
 
इस प्रकार के प्रमाणों से तो सूर जन्मान्ध ही सिद्ध होते हैं, किन्तु आधुनिक काल में जब सूर-साहित्य का विस्तृत अध्ययन किया गया, तब सूर की अनुपम उत्कृष्टता ने सभी अध्येताओं को बहुत प्रभावित किया। वे यह मानने लगे कि इस प्रकार के सर्वांगपूर्ण काव्य का सृजन कोई अन्धा कवि नहीं कर सकता। सम्भवतः सूरदास जी जन्मान्ध न होकर बाद में अन्धे हुए होंगे या वृद्धावस्था में दृष्टिहीन हुए होंगे। 

इस प्रकार की मान्यता सूर-साहित्य के जिन प्रारम्भिक अध्येताओं को हुई उनमें सर्वश्री मिश्र बन्धुओं, डॉ० श्यामसुन्दर दास, डॉ० बेनीप्रसाद, श्री नलिनीमोहन सान्याल, आचार्य हजारीप्रसाद द्विवेदी, डॉ० ब्रजेश्वर वर्मा, और डॉ० रामरतन भटनागर का नाम उल्लेखनीय है। डॉ० दीनदयाल गुप्त ने भी सूरदास जी को जन्मान्ध नहीं माना है। उनका यह अनुमान है कि सूर अपनी बाल्यावस्था में अन्धे हुए होंगे। यह हो सकता है कि सूरदास जीवन का अनुभव प्राप्त करते हुए वृद्धावस्था में दृष्टिहीन हुए हो, किन्तु बाल्यावस्था में अन्धे हो गये हों, यह बात विधि के विधान के तहत हो सकती है, यान भी हो कुछ नहीं कहा जा सकता है। 

आधुनिक काल के कतिपय विद्वानों ने सूर के विषय में यह भी कहा है कि सूर अँधे न होकर काने थे। अपने इस कथन की पुष्टि में इन लोगों ने इन पंक्तियों को आधार माना है- 

'अब हौं माया हाथ बिकानौ । 
'सूरदास' की एक आँख है, ताहू में कछु कानौ।'

यहाँ पर यह बात विचारणीय है कि जब एक आँख वाला व्यक्ति ही 'काना' कहलाता है, तब उसी आँख में 'कछु कानौ' कहना निरर्थक एवं अनावश्यक है।

चाहे जो कुछ भी हो जब तक कोई पुष्ट प्रमाण न प्राप्त हो जाये कि सूरदास जन्मान्ध नहीं थे तब तक सूरदास को जन्मान्ध मानना ही समीचीन है। सूर-साहित्य के वरिष्ठ विद्वान् डॉ० मुंशीराम शर्मा, आचार्य नन्ददुलारे बाजपेयी, डॉ० हरवंशलाल शर्मा, डॉ० गोवर्धननाथ शुक्ल, और पं० सीताराम चतुर्वेदी प्रभृति विद्वानों का अभिमत सूर की जन्मान्धता के पक्ष में ही है।

COMMENTS

Leave a Reply

इन्हे भी अवश्य पढ़ें -

Loaded All Posts Not found any posts VIEW ALL Readmore Reply Cancel reply Delete By Home PAGES POSTS View All RECOMMENDED FOR YOU LABEL ARCHIVE SEARCH ALL POSTS Not found any post match with your request Back Home Sunday Monday Tuesday Wednesday Thursday Friday Saturday Sun Mon Tue Wed Thu Fri Sat January February March April May June July August September October November December Jan Feb Mar Apr May Jun Jul Aug Sep Oct Nov Dec just now 1 minute ago $$1$$ minutes ago 1 hour ago $$1$$ hours ago Yesterday $$1$$ days ago $$1$$ weeks ago more than 5 weeks ago Followers Follow THIS PREMIUM CONTENT IS LOCKED STEP 1: Share to a social network STEP 2: Click the link on your social network Copy All Code Select All Code All codes were copied to your clipboard Can not copy the codes / texts, please press [CTRL]+[C] (or CMD+C with Mac) to copy बिषय - तालिका