रीतिकाल के लोकप्रिय कवि बिहारी: सतसई की विशेषताएँ और भावार्थ

SHARE:

बिहारी सतसई की काव्य-विशेषताएँ, प्रसिद्ध दोहे और भावार्थ पढ़ें। रीतिकाल के लोकप्रिय कवि बिहारी का 'गागर में सागर' काव्य-वैभव समझें।

रीतिकाल के लोकप्रिय कवि बिहारी: सतसई की विशेषताएँ और भावार्थ


हिन्दी साहित्य के इतिहास में रीतिकाल को शृंगार और कलात्मक सौष्ठव का युग माना जाता है, और इस युग के सर्वाधिक लोकप्रिय कवियों में बिहारी का नाम अग्रणी है। बिहारी ने अपने जीवन में केवल एक ही ग्रन्थ रचा, 'बिहारी सतसई', किन्तु इस एक कृति ने उन्हें अमर कर दिया। मात्र 719 दोहों की यह रचना आकार में छोटी है, पर भाव, कला और अर्थ की दृष्टि से इतनी समृद्ध है कि चार सौ वर्षों के बाद भी इसकी चमक फीकी नहीं पड़ी है।

बिहारी की एक मात्र कृति है 'बिहारी सतसई'। काव्य-रसिकों के लिए 'सतसई' जैसी श्रेष्ठ रचना अन्य नहीं। जैसी लोकप्रियता बिहारी सतसई को प्राप्त हैं, वैसी 'रामचरितमानस' को छोड़कर अन्य किसी कृति को नहीं। ग्रियर्सन ने बिहारी और उनकी सतसई की प्रशंसा इन शब्दों में की है- "बिहारी भारत के थाम्पसन हैं। लेकिन, मुझे सन्देह है कि वह या यूरोप का अन्य कोई कवि बिहारी की समता में ठहर सकेगा। सम्भवतः, बिहारी जैसी कविता यूरोप की किसी भी भाषा में उपलब्ध नहीं होगी।"

बिहारी की सतसई अपने व्यक्तित्व में अनूठी है। मात्र 719 दोहों की रचना है- सतसई, पर इसमे शृङ्गार, भक्ति, नीति, राजनीति, दर्शन, ज्योतिष आदि अनेक विषयों को कलात्मक अभिव्यक्ति मिली है। शृङ्गार-सौष्ठव, सौन्दर्य-बोध, भाव-सौकुमार्य, रस माधुर्य एवं अर्थ- गाम्भीर्य आदि की दृष्टि से बिहारी सतसई अद्वितीय है। सतसई एक मुक्तक रचना है, जो दोहा छन्द में लिखी गयी है। बिहारी ने अपनी कल्पना की समाहारशक्ति और भाषा की समासशक्ति के माध्यम से छोटे से कलेवर के दोहों में जो वैभव भर दिया है, उसके सम्बन्ध में किसी ने ठीक ही लिखा है-

सतसैया के दोहरे, ज्यों नावक के तीर । 
देखन में छोटे लगें, घाव करें गंभीर । ।
 
बिहारी ने अपनी अभिव्यक्ति के लिए 'दोहा' छन्द को अपनाया। दोहा अपभ्रंश भाषा का प्रख्यात छन्द है। इसमें 13-11 की यति से दो पंक्तियों में कुल 48 मात्राएँ होती हैं। आचार्य हजारीप्रसाद द्विवेदी के अनुसार- "मुक्तक काव्य का प्रसिद्ध छन्द है दोहा।" रहीम जी कहते हैं-

दीरघ दोहा अरथ के, आखर थोरे आहिं । 
ज्यों रहीम नट कुण्डली, सिमटि कूदि चलि जाहिं । ।
 
जैसे नट का थोड़ा-सा भी सन्तुलन बिगड़ जाय तो काम समाप्त, वैसे ही दोहा, छन्द का प्रयोग भी बड़ी सावधानी से किया जाना चाहिए। अक्षरों एवं मात्राओं का संतुलन तभी सम्भव है जब कवि को कल्पना की समाहारशक्ति और भाषा की समासशक्ति पर अधिकार हो । आचार्य रामचन्द्र शुक्ल के अनुसार- "जिस कवि में कल्पना की समाहारशक्ति के साथ-साथ भाषा की समासशक्ति जितनी अधिक होगी, उतना ही वह मुक्तक रचना में सफल होगा।"

रीतिकाल के लोकप्रिय कवि बिहारी: सतसई की विशेषताएँ और भावार्थ
बिहारी की सतसई में 565 दोहे शृङ्गारपरक हैं, 50 दोहे भक्तिपरक हैं, 45 दोहे नीतिपरक हैं, 32 दोहे प्रकृति परक हैं एवं 27 दोहे मिले-जुले रूपों में दिखायी देते हैं। बिहारी ने अपने काव्य-कौशल से कल्पना की समाहारशक्ति द्वारा विराट्भाव-सागर को छोटे से कलेवर के दोहों में भर दिया है। गागर में पानी भरा जाता है, पर बिहारी ने अपनी समाहारशक्ति एवं समासशक्ति के द्वारा गागर में सागर भर दिया है। उन्होंने एक-एक दोहे में कई-कई भाव भर दिये हैं। उदाहरणार्थ, निम्नलिखित दोहे में कवि ने शृङ्गार, भक्ति एवं वैद्यक तीनों को एक-साथ अभिव्यक्ति दी है-

मेरी भव राधा हरौं, राधा नागरि सोय । 
जा तन की झाई परत, स्याम हरित दुति होय ।।

शृङ्गार, भक्ति एवं वैद्यक ज्ञान के अतिरिक्त इस दोहे की एक विशेषता यह भी है कि यह कृति का 'मंगलाचरण' है, जिसमें कवि ने रचना की निर्विध्न समाप्ति हेतु राधा की वन्दना की है। एक बात और, यहाँ कवि ने 'कृष्ण' का स्मरण न करके राधा का स्मरण किया है, जो कि रीतिकालीन शृङ्गार-भावना का परिचायक है।
 
सतसई का अंगीरस शृङ्गार है। उनका प्रथम दोहा, जिसके माध्यम से उन्होंने अपने कवि जीवन को सार्थकता दी थी शृङ्गार परक है। उन्होंने अपनी कल्पनाशक्ति, रचना-कौशल और प्रभविष्णुता से राजा जयसिंह को दायित्व बोध कराते हुए कहा था-

नहिं पराग नहिं मधुर मधु, नहि विकास इहिकाल । 
अली कली ही सों बध्यो, आगे कौन हवाल ।।
 
यूँ तो बिहारी के अनेक दोहे 'गागर में सागर' की उक्ति को चरितार्थ करते हैं, पर निम्नलिखित दोहा विशेष रूप से ध्यान देने योग्य है-

कहत नटत रीझत खिझत मिलत खिलत लजियात । 
भरे भवन में करत हैं, नैनन ही सौं बात ।।
 
घर में सभी लोग बैठे हैं, नायिका भी है। नायक चाहता है कि प्रेमालाप करे, पर कैसे ? आखिर आँखों के संकेत में बात तय हो गयी, देखें कैसे ? प्रथम पंक्ति में सात शब्द हैं और कवि ने कल्पना की समाहार-शक्ति से हर शब्द में एक भाव भर दिया है-
 
  • कहत- नायक ने संकेत में कहा (कि चलो, अकेले में प्रेम करें) नटत- नायिका ने चाहते हुए भी लज्जावश इनकार कर दिया। रीझत- नायिका की इनकार की अदा पर नायक रीझ गया।
  • खिजत- लेकिन नायिका खीझ गयी कि यहाँ तो जान आफत में है, इन्हें मिलने की पड़ी है। 
  • मिलत- कुछ सोचकर नायिका ने सिर उठाकर देखा तो दोनों के नेत्र मिल गये, जो सूचित कर रहे थे कि कुछ करूंगी। 
  • ख़िलत- मिलन का संकेत पाकर नायक प्रसन्न हो गया। 
  • लजियात- और नायिका, नायक की आतुरता देख संयोग के क्षणों की कल्पना से लजा गयी। 
क्या कल्पना-वैभव, समाहार-शक्ति और समासशक्ति का ऐसा उदाहरण किसी अन्य भाषा में मिल सकेगा ? निश्चय ही नहीं।
 
डॉ. विश्वनाथप्रसाद मिश्र ने कहा- "मुक्तक रचना में जितनी भी विशेषताएँ संभाव्य हैं; उनकी रचना में सब पायी जाती हैं।” इसके लिए बिहारी की निम्नलिखित पंक्तियाँ द्रष्टव्य हैं : 

डिगति पानि डिगुलात गिरि लख सब ब्रज बेहाल । 
कम्पि किसोरी दरसि कै खड़े लजाने लाल ।।
 
इतने छोटे दोहे में बिहारी ने कृष्ण के गोबर्धन-धारण का पूरा चित्र प्रस्तुत कर दिया है। श्रीकृष्ण ने ब्रज की रक्षा हेतु गोबर्धन उठाया, अचानक उनकी दृष्टि राधिका पर पड़ी। प्रेम के कारण उन्हें कम्प हो गया, हाथ काँपने लगा, पर्वत डगमगाने लगा। ब्रजवासी व्याकुल हो गये कि अब क्या होगा ? श्रीकृष्ण को जब यह ज्ञात हुआ तो उन्हें बड़ी लज्जा हुई। कृष्ण के लज्जित होने में प्रेम से वाञ्छित हो जाने की आशंका भी है और ब्रज की रक्षा में शैथिल्य हो जाने का डर भी। यहाँ बिहारी की समास-शक्ति का वैभव दर्शनीय है। एक-एक शब्द में कसावट है। गिने-चुने शब्दों में कवि ने अपने कौशल से सम्पूर्ण भाव व्यक्त कर दिया है।

इसके अतिरिक्त बिहारी के मुक्तक की अन्य विशेषताओं को भी ध्यान दिया जा सकता है। मार्मिकता की सृष्टि के लिए काव्य की अन्य आवश्यक विशेषताओं को बिहारी ने सँजोया है। उसके लिए आवश्यक प्रसंगों का निर्वाचन, सरसता उत्पन्न करने के लिए सार्थक भावों की व्यंजना, व्यंग्य तथा ध्वनि की प्रधानता, दृश्यों का स्पष्ट चित्रण, नाद-सौन्दर्य, काव्यशास्त्र का ज्ञान एवं रागात्मिका वृत्ति का चयन किया है। एक उदाहरण से बात स्पष्ट हो सकती है-
 
नयकु उतै उठि बैठिये कहाँ रहे गहि गेहु । 
छुटी जाति मेंहदी छनकु मेंहदी सूखन देहु ।।
 
नायिका मेंहदी लगवा रही है। नायक पास बैठा है। इस कारण नायिका के अंगों में स्वेद आ जाता है। एक सखी पंखा झलते-झलते थक गयी तो दूसरी सखी नायक से कहती है कि आप जरा दूसरी जगह बैठ जाइए, जिससे मेंहदी सूख जाय। आप तो 'घर घेर कर बैठे हैं'। इसमें मेंहदी की बात में अति विदग्धता है। इसमें नायिका की सखी का क्रोध नहीं है। 'कहा रहे गहि गेहु' में मुहावरे का पुट है। उक्त दोहा माधुर्य गुण से मण्डित है।

राष्ट्रकवि दिनकर का विचार है कि- "बिहारी के दोहे में न तो कोई बड़ी ऊँची अनुभूति है, न कोई ऊँची बात, सिर्फ लड़कियों की कुछ अदाएँ हैं। मगर कवि ने उसे इस ढंग से चित्रित किया है कि आज तक रसिकों का मन कचोट खाकर रह जाता है।" कवि के शब्दों में-

मैं मिसहा सोयो समुझि मुख चूम्यौ ढिग जाय । 
हँस्यों खिसानी गलबयों रही गरे लपटाय ।।
 
नायक नींद का बहाना लिये पड़ा था। अनुरागिनी नायिका ने नायक को सोया समझकर उसके पास जाकर उसका मुख चूम लिया। नायक हँस पड़ा। नायिका लजाकर खीझ उठी।नायक ने उसके गले में बाँहे डाल दीं और नायिका भी प्रेम-विभोर होकर उससे लिपट जाती है।

बिहारी यों तो शृङ्गांर के संयोग और वियोग दोनों पक्षों का चित्रण किया, परन्तु उनकी दृष्टि अधिकतर संयोग के चित्रण पर रमीं। प्रिय के प्रेम के कारण उसके सम्बन्ध की हर वस्तु प्यारी लगती है। कवि के शब्दों में-

उड़ी गुड़ी लखि लाल की अँगना-अँगना माँह । 
बौरी लौ दौरत फिरत छुपत छबीली छाँह ।।
 
नायक द्वारा उड़ायी जाने वाली पतंग की परछाई नायिका के घर पर भी पड़ रही है और नायिका उन्मादिनी-सी छाया के साथ-साथ भागकर दिव्य स्पर्श का सुख लूट रही है।
 
प्रेम की एक और मीठी छेड़-छाड़ देखने लायक है। नायक नायिका की वेणी गूँथ रहा है-
 
रही गुही बेनी लखे गुहिवे को त्योनार । 
लागे नीर चुचान ते नीठि सुखाए बार । ।
 
नायिका नायक से कहती है चलो ! रहने दो देख ली तुम्हारी वेणी गुहने की प्रवीणता। कठिनता से तो मैंने बाल सुखाये थे, तुमने उन्हें फिर गीला करके रख दिया।
 
डॉ. नगेन्द्र के अनुसार - "संगीत के रेशमी तारों में इनके शब्द माणिक मोती की तरह गुँथे हुए हैं। ऐसी माणिक शब्दावली अन्यत्र दुर्लभ है।"
 
श्री पद्मसिंह शर्मा के अनुसार - "अन्य कवियों की अपेक्षा बिहारी ने विरह का वर्णन बड़ी विचित्रता से किया है। उनके उस वर्णन में एक निराला बाँकपन है...... जिस पर रसिक सुजान सौजान से फिदा है।" इसके चित्रण के लिए एक उदाहरण देखा जा सकता है-

औंधायी सीसी सुलखि विरह बरनि बिललात । 
बिच ही सूखि गुलाब गौ छीटो छुई न गात ।।
 
विरहणी नायिका के तप्त शरीर को शीतल करने के लिए सखी गुलाब जल की शीशी उड़ेल देती है, परन्तु विरह का ताप इतना भयंकर है कि एक बूँद भी नायिका के शरीर तक नहीं पहुँच पाती और बीच में ही भाप बनकर उड़ जाती है। इस सम्बन्ध में एक आलोचक ने लिखा है- "खेद है कि बिहारी के पास ताप मापने का थर्मामीटर नहीं था नहीं तो डिग्री का भी पता लग जाता ।" 

वियोगी हरि के शब्दों में- "बिहारी के हर दोहे रत्न समान हैं। ये रत्न क्षीर सागर के रत्नों से कहीं अधिक चोखे और अनोखे हैं।"

बिहारी के काव्य में भाव सबलता के चित्र अपनी रोचकता के लिए प्रसिद्ध हैं-

नाक चढ़ सीवी करै जितै छबीली छैल । 
फिरिफिरि भूलि वहैगहै त्यों ककरीली गैल ।।
 
नायक कँकरीले पथ पर जाता है तो नायिका उसके पैर में पत्थर गड़ने का अनुमान कर 'सी-सी' करने लगती है। यह 'सी-सी' ध्वनि नायक को अच्छी लगती है। इसलिए वह बार-बार इसी पथ पर चलता है। भाव सबलता की उच्चता प्रस्तुत दोहे में दिखायी देती हैं। डॉ. ग्रियर्सन कहते हैं-"बिहारी जैसी कविता यूरोप के किसी भी भाषा में नहीं देखी।"
 
आचार्य रामचन्द्र शुक्ल ने कहा है- “बिहारी की रस व्यंजना का पूर्ण वैभव उनके अनुभावों के विधानों में दिखायी पड़ता है। अनुभावों और भावों की ऐसी सुन्दर योजना कोई शृंगारी कवि नहीं कर सका है।" बिहारी के निम्नलिखित दोहे में अंग-चेष्टाओं का सूक्ष्म और मनमोहक रूप उपस्थित हुआ है- 

नासा - मोरि नचाय दृग करी कका सी सौंह । 
काँटे सी कसकत हिय, गड़ी कटीली भौंह ।। 

बिहारी की लोकप्रियता का एक अन्य कारण उनकी बहुज्ञता है। उनके काव्य में नीति, भक्ति, दर्शन इतिहास, पुराण, गणित, ज्योतिष, भूगोल, आयुर्वेद आदि की सामान्य बातें सहज ही मिल जाती हैं। श्री त्रिलोकीनाथ द्विवेदी के शब्दों में- "बिहारी सतसई में सागर लहराता है। मनुष्य के मन-सागर की भावना तरंगों के सहज सुकुमार सजीव चित्र, खींचने में बिहारी लाल जी की प्रतिभा अप्रतिम है। 

बिहारी ज्योतिष के पण्डित हैं। उनके शब्दों में- 

पत्रा ही तिथि पाइए वा घर के चहु पास । 
नित ही पूनम इव रहे आनन ओप उजास । । 

बिहारी की नायिका का मुख चन्द्रमा के समान प्रकाशमान् है। उसके घर के चारों ओर हमेशा पूनम तिथि रहती है। वास्तविक पूर्णमासी तिथि की जानकारी पञ्चाङ्ग के माध्यम से ही होती है।
 
बिहारी लोकज्ञान के भाण्डार हैं, इसके प्रमाण हेतु निम्नलिखित पंक्तियाँ द्रष्टव्य हैं-
 
सन सूख्यौ वीत्यो बनौ, ऊखौ लई उखारि । 
हरी-हरी अरहरि अजौ, धरि धरहरि हिय नारि ।।

सनई, कपास और ईख के खेतों के खाली हो जाने के कारण ग्राम्य अनुशयाना नायिका के दुःखी होने और सखी द्वारा अरहर के खेतों के हरे-भरे होने की बात कहलाकर उसे धैर्य बँधाने के पीछे बिहारी का लोकज्ञान उजागर हुआ है।

श्री राधाचरण गोस्वामी ने ठीक ही कहा है- "बिहारी के उदय होते ही कवि-कोकिल कुहकने, मन-मयूर नृत्य करने और चतुर चातक चहँकने लगते हैं। फिर बीच-बीच में जो लोकोत्तर भावों की विद्युत चमकती है, वह हृदय छेद कर जाती है।" 

सीता की अग्नि परीक्षा, दुर्योधन- जल-स्तम्भन, द्रोपदी चीर हरण जैसे कथा-प्रसंगों से रामायण, महाभारत, पुराण, दर्शन का ज्ञान दिखायी पड़ता है।
 
कवि यौवन को नृपति मानकर पयोधर, नितम्ब, नेत्र और मन को उसका सहायक बताते हुए कहता है, जिस प्रकार राजा के सिंहासन पर आसीन होने पर उसके पक्ष के लोगों की पदोन्नति हो जाती है, ठीक उसी प्रकार यौवन का पदार्पण होते ही उक्त अङ्गों में अभिवृद्धि हो गयी है। इससे राजनीतिक नियम का परिचय मिलता है। कवि के शब्दों में - 

अपने अंग के जानि कै जोबन नृपति प्रवीन । 
स्तन, मन, नैन नितम्ब को बड़ो इजाफा कीन ।। 

पद्मसिंह शर्मा के अनुसार- "इस खाँड़ की रोटी को जिधर से तोड़िए उधर से ही मीठी है। "
 
बिहारी के काव्य में विशुद्ध साहित्यिक ब्रजभाषा का प्रयोग हुआ है। मिश्रबन्धु के अनुसार - "बिहारी की भाषा बड़ी मनोहारी है। इसके सभी शब्दों में झिलमिलाहट, जगमगाहट और चमकीलापन मिलता है। वे ऐसे शब्दों का प्रयोग करते हैं कि दोहा चमचमा उठता है। भाषा भावों के अनुसार परिवर्तित होती है।" 

बिहारी के शब्दों में-

भौंहनि त्रासति मुँह नटति आँखिन सो लपटाति । 
ऐंचि छुड़ावति कर ईंची, आगे आवति जाति । । 

बतरस लालच लाल की मुरली धरी लुकाय । 
सौंह करें भौंहनि हँसै देन कहै नटि जाय ।।
 
अन्त में हम कह सकते हैं कि बिहारी ने सचमुच अपनी छोटी सतसई के द्वारा गागर में सागर भर दिया। बिहारी सतसई की लोकप्रियता के विषय में कहा गया है-
 
सतसैया के दोहरे ज्यों नावक के तीर । 
देखन में छोटे लगें घाव करें गंभीर ।।

डॉ. हजारीप्रसाद द्विवेदी के शब्दों में- “बिहारी रीतिकाल के सबसे अधिक लोकप्रिय कवि हैं। "

COMMENTS

Leave a Reply

इन्हे भी अवश्य पढ़ें -

Loaded All Posts Not found any posts VIEW ALL Readmore Reply Cancel reply Delete By Home PAGES POSTS View All RECOMMENDED FOR YOU LABEL ARCHIVE SEARCH ALL POSTS Not found any post match with your request Back Home Sunday Monday Tuesday Wednesday Thursday Friday Saturday Sun Mon Tue Wed Thu Fri Sat January February March April May June July August September October November December Jan Feb Mar Apr May Jun Jul Aug Sep Oct Nov Dec just now 1 minute ago $$1$$ minutes ago 1 hour ago $$1$$ hours ago Yesterday $$1$$ days ago $$1$$ weeks ago more than 5 weeks ago Followers Follow THIS PREMIUM CONTENT IS LOCKED STEP 1: Share to a social network STEP 2: Click the link on your social network Copy All Code Select All Code All codes were copied to your clipboard Can not copy the codes / texts, please press [CTRL]+[C] (or CMD+C with Mac) to copy बिषय - तालिका