रंगभूमि उपन्यास में गांधीवादी विचारधारा दर्शन

SHARE:

प्रेमचन्द 'रंगभूमि' में आदर्शोन्मुखी यथार्थवाद और गाँधीवादी दर्शन को कैसे रूपायित करते हैं? सूरदास, औद्योगीकरण और हृदय-परिवर्तन के संदर्भ में विवेचना।

रंगभूमि उपन्यास में गांधीवादी विचारधारा दर्शन


हिन्दी उपन्यास-साहित्य में प्रेमचन्द का आगमन एक युगान्तकारी घटना है। उनसे पहले उपन्यास प्रायः तिलस्म, ऐयारी, जासूसी और मनोरंजन तक सीमित था। प्रेमचन्द ने उसे जीवन की वास्तविकताओं से जोड़ा और किसान, मजदूर, मध्यवर्ग तथा शोषित-पीड़ित जन को कथा के केन्द्र में प्रतिष्ठित किया। उनकी दृष्टि केवल यथार्थ के चित्रण तक सीमित नहीं रही। वे समाज की विसंगतियों को जैसी हैं वैसी दिखाते हैं, किन्तु साथ ही यह संकेत भी करते हैं कि उन्हें कैसा होना चाहिए। यही प्रवृत्ति 'आदर्शोन्मुखी यथार्थवाद' कहलाती है, जिसमें यथार्थ कथा की आधारभूमि होता है और आदर्श उसकी दिशा।

'रंगभूमि' (1925) प्रेमचन्द की इसी जीवन-दृष्टि का प्रौढ़ और प्रतिनिधि उपन्यास है। इसमें एक ओर ग्राम और नगर, किसान और पूँजीपति, देशी रियासतों और विदेशी सत्ता के बीच चलते संघर्ष का सजीव चित्रण है, तो दूसरी ओर औद्योगीकरण की समस्या के बहाने स्वार्थ और शोषण पर आधारित व्यवस्था का पर्दाफाश है। उसी समय राष्ट्रीय आन्दोलन पर गाँधीजी के सत्य, अहिंसा, प्रेम और हृदय-परिवर्तन के विचारों का गहरा प्रभाव था। प्रेमचन्द उससे अछूते नहीं रहे। अन्धे भिखारी सूरदास के रूप में उन्होंने गाँधीवादी जीवन-दर्शन को साकार किया है। इसी कारण यह प्रश्न उठता है कि 'रंगभूमि' में यथार्थ और आदर्श का सम्बन्ध क्या है तथा गाँधीवादी विचार-दर्शन को इसमें कहाँ तक अभिव्यक्ति मिली है।

रंगभूमि उपन्यास में गांधीवादी विचारधारा दर्शन
'रंगभूमि' के कथानक में वातावरण-निर्माण, चरित्र-संयोजन तथा समस्याओं के निरूपण में यथार्थवाद का साक्षात् स्वरूप परिलक्षित होता है। 'रंगभूमि' का मुख्य विषय सामयिक समाज है। कथाकार ने इसमें जीवन के विविध रूपों का चित्रण किया है। यह सामाजिक जीवन ग्राम और नगर दोनों में बिंधा हुआ है। हिन्दू, मुसलमान और ईसाई इन तीन बड़े धर्मों से भी वह जुड़ा हुआ है। वृद्ध, युवक और किशोर अवस्थाएँ भी इस जीवन में प्रवाहित हो रही हैं तथा स्त्री और पुरुष दोनों ही जीवन की वास्तविकता का उद्घाटन करने में जुटे हुए हैं। भारतीय ग्राम्य जीवन की यथार्थ झलक पांडेपुर, जसवंतनगर की कथा में मिलती है। धूल-धक्कड़, टूटी-फूटी सड़कें, चुहल ठठोली, ईर्ष्या-द्वेष, झगड़े-टण्टे, भजन-कीर्तन, जादू-टोने, तन्त्र-मन्त्र, अन्ध-विश्वास, सरलता-संतोष, लूट-खसोट, मारपीट इन सबको मिलाकर जीवन का जो रूप निर्मित होता है, वहाँ सूर की झोंपड़ी है और ठाकुरदीन का मन्दिर, भैरों की ताड़ी की दुकान है और बजरंगी की गाय-भैंस, जगधर की डाह और सुभागी की कलह, भीलनी की जड़ी है और गंगा की पवित्रता, गाड़ियाँ हैं, बैल हैं, घंटियों की खनक है, खली और भूसे की महक है और उपलों में सिकी बाटियों की सौंधी सुगन्ध, ऊबड़-खाबड़ पगडंडियाँ और लुटेरों के अड्डे हैं।

काशी, उदयपुर और जसवन्तनगर के माध्यम से प्रेमचन्द ने 'रंगभूमि' में नगरों को देखा-परखा है, जहाँ उद्योगपति हैं, राजे-महाराजे हैं, कारें-फिटन हैं-बड़े-बड़े महल हैं और धन और मान-सम्मान की भूख है, निर्मम स्वार्थ और थोथे तर्क हैं, क्रूर शासक और लालची व्यापारी हैं, जिनमें आत्मबल तो नहीं पर क्रूरता, जटिलता, छल-कपट, धोखा और दिखावा बेहद मात्रा में है। वहाँ एक ओर जॉनसेवक-जैसे लालची व्यापारी हैं, राजा महेन्द्र कुमार जैसे यशलोलुप हैं, उदयपुर के महाराजा जैसे विवश और विलासी राजा हैं, वहीं दूसरी ओर मि. क्लार्क-जैसे मद्यप, अहंकारी और चरित्रहीन शासक भी हैं। ये सब मिलकर जोंक की तरह गाँव की जनता से चिपटकर उनका रक्त चूसते हैं, विकास का बहाना कर विनाश के बीज बोते हैं और इस प्रकार देशद्रोह को देशभक्ति की संज्ञा देते हैं ।
 
उपन्यास के पृष्ठाधार—उपर्युक्त दो पृष्ठभूमियों में प्रेमचन्द 'रंगभूमि' के अन्तर्गत यदि साधारण तथा उच्च वर्ग की सामयिक स्थिति का स्पष्ट मानचित्र प्रस्तुत करते हैं, तो ताहिर अली की कथा वह तीसरी पृष्ठभूमि है, जिसके द्वारा वे मध्यवर्ग की गरीबी, घुटन, शोषण और सम्मिलित परिवार के झगड़ों का यथार्थ चित्र भी प्रस्तुत करते हैं।

'रंगभूमि' की प्रधान समस्या है—औद्योगीकरण । प्रेमचन्द ने इस समस्या को सामने रखकर सिद्ध किया है कि यह राष्ट्र-हितैषी औद्योगीकरण नहीं है, वरन व्यक्तिपरक स्वार्थीकरण - है, जिसमें व्यक्तिगत स्वार्थ निहित है, समाजगत मानवीय गरिमा नहीं। व्यापारियों की चालें, दाँव-पेच, चाटुकारिता, नैतिक पतन और वाक्पटुता का प्रेमचन्द ने पूरी तरह से विश्लेषण किया है। इस प्रधान समस्या के साथ-साथ देशी रियासतों की समस्या को भी लेखक ने उठाया है, जिसमें राजाओं की पंगुता, कायरता, वैभव-विलास और कुटिलता को प्रकट कर उनके मुखों पर चढ़े हुए देशभक्ति और प्रजा-वत्सलता के नकली चेहरे नोंचकर जनता के सामने उनका वास्तविक रूप अनावृत कर दिया है।

आदर्शवाद में लिपटी रंगभूमि

'रंगभूमि' में नई-नई कथाओं तथा पात्रों के संयोजन का उद्देश्य केवल कथा-कहानी नहीं है, वरन् मानव-जीवन के आदर्श चित्र को प्रस्तुत करना है। इसलिए 'रंगभूमि' भी प्रेमचन्द के अन्य उपन्यासों की भाँति आदर्शोन्मुखी, उद्देश्यमूलक रचना है। प्रेमचन्द ने अपने मनोनीत आदर्शों तथा सिद्धान्तों के प्रतिपादन के लिए स्थान-स्थान पर कथा को तोड़ा है, नए चरित्रों को जन्म दिया है और कुछ पात्रों के चरित्र के स्वाभाविक विकास की गति भी रोक दी है या उन्हें मृत्युलोक पहुँचा दिया है। 'रंगभूमि' का मूल कथानक हमारे. देश में औद्योगीकरण के आरम्भ के साथ उत्पन्न हुई अनेक समस्याओं से सम्बद्ध है । परन्तु वह भी कथाकार की उद्देश्यमूलकता के कारण एकांगी बनकर ही प्रकट हुई है। प्रेमचन्द ने अपने आदर्शवाद को प्रमुखता देकर ग्रामीण समाज की कठिनाइयों, इच्छाओं, आशंकाओं तथा नैतिक विचारों को 'रंगभूमि' में प्रकट किया है। वे जॉन सेवक के द्वारा औद्योगीकरण से समाज और देश के हित की हलकी-सी चर्चा करवाकर उसे चुप कर देते हैं, क्योंकि यह चर्चा उनके आदर्शवादी विचारों तथा उद्देश्य के प्रतिकूल पड़ती है। ताहिरअली और उसके समस्त परिवार की कथा उद्देश्यमूलक है। इस कथा के द्वारा प्रेमचन्द मध्यवर्गीय परिवार की प्रमुख समस्याओं तथा नैतिक मान्यताओं को चित्रित करते हैं। तात्पर्य यह है कि 'रंगभूमि' के कथानक, चरित्र-चिरण तथा उद्देश्य में प्रेमचन्द ने अन्ततोगत्वा आदर्शवाद की ही स्थापना की है।

प्रेमचन्द अपने सुधारवादी दृष्टिकोण से 'रंगभूमि' में जरा भी हटे नहीं हैं। गाँधीवादी प्रभाव से वे पूरी तरह अनुप्राणित हैं। सूरदास गाँधीवादी विचारधारा का महान् प्रतीक है। उसका समग्र जीवन गाँधीवादी आदर्श का व्यावहारिक रूप है । वह घृणा के बदले प्रेम, द्वेष के बदले सहानुभूति, हिंसा और क्षोभ के बदले सन्तोष दिखाकर सबके हृदय जीत लेता है। भैंरों में सद्वृत्तियाँ जाग उठती हैं, उसके घर की कलह मिट जाती है। बजरंगी, नायकराम, जगधर सबके मन शुद्ध हो जाते हैं। राजा महेन्द्र कुमार सिंह और जॉन सेवक तक आत्म ग्लानि का अनुभव करते हैं। हृदय परिवर्तन का यह आदर्श गाँधीवादी आदर्श ही है। इतना अवश्य है कि सुधार और हृदय-परिवर्तन 'रंगभूमि' में सर्वत्र नहीं किया गया, वरन् अनिवार्य स्थलों पर ही कुछ एक पात्रों में किया गया है। विनय की पथभ्रष्टता सोफिया के द्वारा परिशोधित होती है। यही नहीं, वह अपने त्याग और अभिनन्दीनीय कार्यों से रानी जाह्नवी का मन भी जीत लेती है। इस प्रकार सूरदास, सोफिया, विनय, प्रभुसेवक, इन्द्रदत्त और गांगुली की सर्जना प्रेमचन्द के आदर्शवादी दृष्टिकोण के आधार पर ही हुई हे।

उपन्यास में आदर्श प्रेम के स्वरूप हैं-विनय और सोफिया । यह वह प्रेम है जिसमें वासना नहीं, पवित्रता है; प्राप्ति की आतुरता नहीं, उत्सर्ग की उत्कंठा है। त्याग और सेवा-भाव इसके विकास के सम्बल हैं। दोनों एक-दूसरे के लिए आत्मोत्सर्ग करके प्रेम के इस महान् आदर्श की स्थापना करते हैं।

प्रेमचन्द आज के युवक के सामने कर्मठता और लगन का आदर्श भी प्रस्तुत करते हैं इन्द्रदत्त निर्भीक, स्पष्ट वक्ता और सच्चा सेवक है। मानो प्रेमचन्द अपने वर्तमान के लिये ही नहीं, भविष्य-दर्शन कराते हुए भी कहना चाहते हैं कि, “आज हमारे देश को इन्द्रदत्त-जैसे युवकों की भारी जरूरत है, जो नकली नेताओं की कलई खोल सकें।" और प्रभु सेवक के रूप में तो स्पष्टतः प्रेमचन्द सचेत करते हैं कि हमारा युवक-समाज आत्महीन हो रहा है। जब तक वह आत्महीनता की केंचुली को नहीं छोड़ेगा, उसकी शक्ति और प्रतिभा का सही उपयोग नहीं हो सकेगा। इसलिए यदि हमारे युवक प्रभु सेवक की तरह आत्मचैतन्य बनें तो जीवन की रंगभूमि में सूरदास भी पराजित नहीं होगा। डॉ. गांगुली फक्कड़ अलमस्त और सच्चा देशभक्त है। उसकी बात बेलाग होती है। काश, हमारा एक भी नेता डॉ. गांगुली होता।
 
गाँधीवादी विचारधारा की गरिमा को प्रकट करना 'रंगभूमि' का आदर्श उद्देश्य है, शायद इसलिए ही इस उपन्यास के करुणान्त में नैतिक विजय निहित की गई है। वह गाँधीवादी आदर्श के प्रति श्रद्धा-आस्था का मर्मस्पर्शी समर्पण मालूम होता है जिसमें स्थूल विजय नहीं, शाश्वत विजय की अनन्त आशा और असीम साहस और अपरिमित आत्मबल हैं ।

'रंगभूमि' उपन्यास का अथ (प्रारम्भ) यथार्थवादी है और उसकी इति (अन्त) आदर्शवादी । अथ और इति के द्वारा ही तो अपूर्णता की परिणति पूर्णता में होती है। 'रंगभूमि' में ऐसा ही हुआ है। इस प्रकार 'रंगभूमि' को आदर्शोन्मुखी यथार्थवादी उपन्यास कहा जा सकता है।

COMMENTS

Leave a Reply

इन्हे भी अवश्य पढ़ें -

Loaded All Posts Not found any posts VIEW ALL Readmore Reply Cancel reply Delete By Home PAGES POSTS View All RECOMMENDED FOR YOU LABEL ARCHIVE SEARCH ALL POSTS Not found any post match with your request Back Home Sunday Monday Tuesday Wednesday Thursday Friday Saturday Sun Mon Tue Wed Thu Fri Sat January February March April May June July August September October November December Jan Feb Mar Apr May Jun Jul Aug Sep Oct Nov Dec just now 1 minute ago $$1$$ minutes ago 1 hour ago $$1$$ hours ago Yesterday $$1$$ days ago $$1$$ weeks ago more than 5 weeks ago Followers Follow THIS PREMIUM CONTENT IS LOCKED STEP 1: Share to a social network STEP 2: Click the link on your social network Copy All Code Select All Code All codes were copied to your clipboard Can not copy the codes / texts, please press [CTRL]+[C] (or CMD+C with Mac) to copy बिषय - तालिका