रंगभूमि उपन्यास में भारतीय समाज का चित्रण

SHARE:

रंगभूमि उपन्यास में देशकाल एवं वातावरण-चित्रण की समीक्षा। प्रेमचंद ने स्वाधीनता-संग्राम के भारतीय समाज, गाँव-नगर और प्रकृति को कैसे चित्रित किया।

रंगभूमि उपन्यास में भारतीय समाज का चित्रण


प्रेमचन्द के 'रंगभूमि' उपन्यास की देश-काल एवं वातावरण के चित्रण की दृष्टि से अपनी एक महत्त्वपूर्ण विशिष्टता है। इसमें लेखक ने कथानक के अनुसार वातावरण का सृजन किया है। तत्कालीन समाज के गुण-दोषों को स्पष्ट करने के लिए प्रेमचन्द ने तदनुकूल सामाजिक विचारधारा और परिप्रेक्ष्यानुकूल वातावरण पर कथा को प्रतिष्ठित किया है। परिणामतः 'रंगभूमि' तत्कालीन भारतीय जीवन का प्रामाणिक रिकॉर्ड बन गया है. जिसमें व्यक्ति, परिवार, समाज, धर्म, राजनीति और इतिहास के दर्शन होते हैं। डॉ. हजारी प्रसाद द्विवेदी ने सत्य ही कहा है कि, “अगर आप उत्तर भारत की जनता के आचार-विचार, भाषा-भाव, रहन-सहन, आशा-आकांक्षा, सुख-दुःख और सूझ-बूझ जानना चाहते हैं, तो प्रेमचन्द से उत्तम परिचायक कहीं नहीं मिल सकता।"
 

स्वाधीनता संग्राम का युग और उसका समाज

रंगभूमि उपन्यास में भारतीय समाज का चित्रण
'रंगभूमि' का समाज भारत के स्वाधीनता संग्राम के युग का समाज है, जो औपनिवेशिक राजतन्त्र से संघर्षरत है। भारतीय जीवन-संघर्ष के जिस मार्ग पर चल रहा था, 'रंगभूमि' में उसका अत्यन्त जीवन्त विवरण उपलब्ध होता है। इस उपन्यास में आर्थिक तथा सामाजिक स्तरों पर पूँजीवाद के बढ़ते हुए प्रभाव का चित्रण भी उतना ही सटीक है, जितना लेखक ने पूँजीवाद से लड़ते हुए स्वाधीनता 'की आकांक्षा रखने वाले भारतीय समाज का यथार्थ रूप अंकित किया है। सन् 1900 से 1923 ई. के बीच हुए कृषक आन्दोलनों के राजनैतिक इतिहास की झलक ही 'रंगभूमि' में नहीं मिलती, वरन् उनके स्पष्ट चित्र भी, जो भारतीय समाज में एक परिवर्तन ला रहे थे, उभरे हैं, परिस्थिति-भिन्नता, परिवेश-भिन्नता तथा वैचारिक आधार की भिन्नता के फलस्वरूप 'रंगभूमि' में एक साथ कई जीवन-दृष्टियों के रूप चित्रित हो गये हैं। उसमें पूँजीवादी दृष्टि भी है, सामन्तीय दृष्टि भी और समझौतावादी दृष्टि भी । सारांश यह कि 'रंगभूमि' में सामाजिक जीवन के अनेक पहलू चित्रित हुए हैं। इस चित्रण में इतनी विविधता है कि उसके अन्तर्गत तत्कालीन जीवन का शायद ही कोई अंश छूट पाया हो। यही कारण हैं कि प्रेमचन्द के उपन्यासों के विषय में कहा जाता है— “उनके उपन्यास तत्कालीन भारतीय समाज का एन्साइक्लोपीडिया हैं, जिसमें जीवन के प्रत्येक अंश और जीवन की गतिविधियों के प्रत्येक कोण देखे जा सकते हैं।"
 

संस्कारबद्ध सामाजिक वातावरण

वातावरण का समग्र स्वरूप तभी उपस्थित होता है, जब जीवन के अनुकूल और प्रतिकूल दोनों पक्ष अपने सहज-स्वाभाविक रूप से समक्ष आते हैं। 'रंगभूमि' में चाहे सोफिया को लें, चाहे सुभागी को; चाहे विनय को लें, चाहे सूरदास को; उनमें अगर जीवन की उन्मुक्तता है तो संस्कारबद्धता भी विद्यमान है; अगर उनमें धर्म और अन्धविश्वास के प्रति विरोध है, तो मानवीय पक्ष का सहानुभूतिपरक समर्थन भी है और अगर वे समाजवादी हैं, तो राजनैतिक चेतना से ओत-प्रोत भी। गाँव, शहर या कस्बे, जहाँ का भी चित्रण प्रेमचन्द ने किया है, वहाँ का जीवन अपनी तमाम कुरूपताओं के साथ उनके उपन्यासों में स्पष्ट दिखायी देता है। भैरों, बजरंगी और जगधर का पांडेपुर; जॉनसेवक, कुँवर भरतसिंह और राजा महेन्द्रकुमार सिंह का बनारस तथा सरकारी हुक्कामों की उदयपुर रियासत, सभी अपने सही और सम्पूर्ण भूगोल और इतिहास के साथ 'रंगभूमि' के रंगक्षेत्र में उपस्थित हैं, जो स्वाभाविक, सहज रूप से प्रेमचन्द के उपन्यासों का मुख्य आकर्षण बिन्दु है। प्रेमचन्द स्वयं गाँव के थे और उस सामाजिक वातावरण से भी पूरी तरह परिचित थे। गाँव की धरती सर्वत्र और सदैव उनकी दृष्टि में भारत-भाग्य-विधात्री रही।
 

क्षेत्रीय सीमाओं का उल्लघंन करता वातावरण

प्रेमचन्द के वातावरण-चित्रण की प्रमुख विशेषता ये है कि यह शुरू तो होता है स्थानीय रंग के यथार्थवादी चित्रण से, किन्तु क्षेत्रीयता अन्तर्देशीय बन जाती है। पांडेपुर का वातावरण भारत के प्रत्येक गाँव के वातावरण का दृश्य प्रस्तुत करता है। यह व्यापकता भारत की सांस्कृतिक व्यापकता है। देश-प्रदेश, भाषा बोलचाल, वेश-भूषा, कर्मकाण्ड, दिनचर्या, भाव-विचार सब मिलकर हमें यह अनुभव करा देते हैं कि यह सारा सांस्कृतिक स्वरूप भारतीय है। उनमें क्षेत्रीय असमानताएँ हैं, भाषा-सम्बन्धी असमानताएँ हैं, किन्तु उनका समग्र प्रभाव भारतीय है। 

वातावरण-चित्रण में जिस प्रकार प्रेमचन्द ने क्षेत्रीयता को अन्तर्देशीय बनाया है, उसी प्रकार कालगत अन्विति की रक्षा करते हुए उन्होंने काल-सीमा को इतिहास के पृष्ठ की भाँति कालातीत बना दिया है। उनके उपन्यासों में समय का 'थीम' प्रतीक रूप नहीं, 'मिथ' के रूप में आया है । यह व्यक्ति की उस दशा का 'मिथ' है जो स्वाधीनता के संघर्ष-काल के बीच बन रही थी; इसलिए जहाँ यह सत्य है कि प्रेमचन्द ने अपने समय के मनुष्य को अपने उपन्यासों में प्रतिबिम्बित किया, वहाँ यह भी सत्य है कि उपन्यासों का व्यक्ति उनके समय के बाद में आने वाले व्यक्ति का आधार चरित्र है, अर्थात् वह देशातीत भी है और कालातीत भी। 'रंगभूमि' के सूरदास, सोफिया, प्रभुसेवक और जॉनसेवक ऐसे व्यक्ति हैं जो अपनी शाश्वत मानव-प्रकृति को लेकर उस समय भी थे, 'आज भी हैं और शायद आगे भी मिलेंगे।

रंगभूमि के नगर और ग्राम

देशकाल और वातावरण पर विचार करने पर एक बात स्पष्ट रूप से ज्ञात होती है कि प्रेमचन्द के उपन्यास अनेक रूपों में एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। उनमें भारतीय गाँव और नगरों के समाज का चित्रांकन है। किसानों की समस्याएँ हैं। शासन और शासित हैं, शोषक और शोषित हैं। सब तस्वीरों में जीवन्त प्राणशक्ति है। उनमें शोषण और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का नारा है। 'रंगभूमि' का सूरदास विकेन्द्रीयकरण के आदर्श की रक्षा के लिए, सामाजिक सुविधाओं के लिए तथा भूमि के लिए जीवनपर्यन्त संघर्ष में रत रहता है। वस्तुतः 'रंगभूमि' में पूँजीपतियों के उद्योग-धन्धों से गाँवों की आर्थिक स्थिति के दुर्बल हो जाने का वैज्ञानिक तर्क वर्ग-संघर्ष का रूप धारण करता है। इस प्रकार यह उपन्यास तत्कालीन सामाजिक-क्रिया व्यवहारों का दर्पण माना जा सकता है।

वातावरण की सर्जना में प्रेमचन्द ने प्राकृतिक स्वरूप का भी सुन्दर चित्रण किया है सूरदास जिस स्थान पर बैठकर भीख माँगता है, उसका मार्मिक और सजीव रूप प्रस्तुत करने के लिए लेखक प्रकृति का सहारा लेता है-"कार्तिक का महीना था। वायु में सुखद शीतलता आ गई थी। संध्या हो चुकी थी। सूरदास अपनी जगह पर मूर्तिवान बैठा हुआ किसी इक्के या बग्घी के आशाप्रद शब्द पर कान लगाये था।”

किसी महत्त्वपूर्ण घटना की तैयारी करने से पहले प्रेमचन्द उसके अनुकूल वातावरण का निर्माण कर लेते हैं। विनय को बचाने के लिए सोफिया के आग में कूदने के लिए वे पहले से प्रेरक वातावरण तैयार कर देते हैं- “आत्मसमर्पण और उत्कर्षण का पवित्र संदेश विराट आकाश में, नीरव गगन में और सोफिया के अशान्त हृदय में गूंजने लगा। उसके रोम-रोम में भी ध्वनि, दीपक से ज्योति के समान निकलने लगी ।” 

निष्कर्ष रूप में यह कहा जा सकता है कि “प्रेमचन्द सजीव वातावरण के सफल चितेरे हैं। ग्रामीण वातावरण से जूझते हुए कृषक, आन्दोलनों की आँधी में जनसमूह का प्रबल आवेग आदि का वे ऐसा सजीव वातावरण प्रस्तुत करते हैं कि उनके उपन्यास सहज ही आकर्षण का केन्द्र बन जाते हैं।

COMMENTS

Leave a Reply

इन्हे भी अवश्य पढ़ें -

Loaded All Posts Not found any posts VIEW ALL Readmore Reply Cancel reply Delete By Home PAGES POSTS View All RECOMMENDED FOR YOU LABEL ARCHIVE SEARCH ALL POSTS Not found any post match with your request Back Home Sunday Monday Tuesday Wednesday Thursday Friday Saturday Sun Mon Tue Wed Thu Fri Sat January February March April May June July August September October November December Jan Feb Mar Apr May Jun Jul Aug Sep Oct Nov Dec just now 1 minute ago $$1$$ minutes ago 1 hour ago $$1$$ hours ago Yesterday $$1$$ days ago $$1$$ weeks ago more than 5 weeks ago Followers Follow THIS PREMIUM CONTENT IS LOCKED STEP 1: Share to a social network STEP 2: Click the link on your social network Copy All Code Select All Code All codes were copied to your clipboard Can not copy the codes / texts, please press [CTRL]+[C] (or CMD+C with Mac) to copy बिषय - तालिका