प्रेमचंद के 'रंगभूमि' की भाषा-शैली की विशेषताएँ: सरलता, सजीवता, मुहावरे-लोकोक्तियाँ, पात्रानुकूलता, चित्रात्मकता और व्यंग्य का सरल विवेचन।
रंगभूमि उपन्यास की भाषा शैली | मुंशी प्रेमचंद
प्रेमचन्द की भाषा उनके लेखन-क्रम के साथ उत्तरोत्तर निखरती गई और 'रंगभूमि' तक आते-आते उर्दू का यह लेखक 'हिन्दी भाषा के उपन्यास-सम्राट' की उपाधि से विभूषित हो गया । वस्तुतः प्रेमचन्द ने भाषा के किसी स्थायी रूप को प्रस्तुत करने की चेष्टा नहीं की, वरन् पात्र के अनुकूल आवश्यकतानुसार वे उसे ढालते रहे हैं। एक जन-नायक अथवा जन-नेता जन-भाषा में ही अपने विचारों को जनता के सामने प्रस्तुत करता है। गाँधी यदि इस युग के भारतीय समाज के जन-नायक थे, तो प्रेमचन्द जन-मन के साहित्यकार । अतएव दोनों ही जन-भाषा की स्वीकृति देते हैं।
रंगभूमि' में प्रेमचन्द ने जन-भाषा विषयक वह आदर्श स्थापित कर दिया है, जिसे पाने के लिए उनकी कलम तेजी से चल रही थी। सरलता, स्पष्टता, सहजता, सजीवता, मुहावरे एवं लोकोक्तिपरकता, व्यंजकता, चित्रमयता एवं पात्रानुकूलता 'रंगभूमि' की भाषा की प्रमुख विशेषताएँ हैं, जिनका संक्षिप्त विवेचन यहाँ किया जा रहा है-
सरल और अभिरुचि जाग्रत करने वाली भाषा
'रंगभूमि' की भाषा का प्रधान गुण उसकी बोधगम्यता है। सहज बोधगम्य वही भाषा हो सकती है, जो सरल भी हो और सुस्पष्ट भी । भाषा के सरल और स्पष्ट रूप को प्रेमचन्द ने सप्रयोजन स्वीकार किया है। उनकी दृष्टि में, "जीवित भाषा तो जीवित देह की तरह बनी रहती है। भाषा सुन्दरी को कोठरी में बंद करके आप उसका सतीत्व तो बचा सकते हैं लेकिन उसके स्वास्थ्य का मूल्य देकर । हमारा आदर्श तो यह होना चाहिए कि हमारी भाषा अधिक से अधिक आदमी समझ सकें। अगर इस आदर्श को हम अपने सामने रखें तो लिखते समय भी हम शब्द-चातुरी के मोह में न पड़ेंगे।" जनता का साहित्यकार जनता की भाषा में ही अपनी अभिव्यक्ति प्रस्तुत करता है। प्रेमचन्द जनता के कलाकार थे, वर्ग-विशेष के नहीं। वे अपने विचारों को ईमानदारी के साथ जनता तक पहुँचाना चाहते थे । ईमानदार व्यक्ति की भाषा वक्र और अस्पष्ट नहीं होती, वरन् सीधी, सरल और प्रत्या होती है। यही कारण है कि प्रणय-प्रेम-जैसे प्रसंगों का चित्रण भी प्रेमचन्द की लेखनी द्वारा बड़ी स्वाभाविक और पात्रानुकूल चरित्र की गम्भीरतायुक्त भाषा में हुआ है । विनय की प्रेमातुरता देखकर सोफिया कहती है- “विनय मुझे अभी विवश न करो, मैं तुम्हारी हूँ । मैं इस वक्त यह बात जितने शुभ-भाव और निष्कपट हृदय से कह रही हूँ, उससे अधिक किसी मन्दिर में, कलीसा में या हवनकुंड के सामने नहीं कह सकती। जिस समय मैंने तुम्हारा तिरस्कार किया था, उस समय भी तुम्हारी थी। लेकिन क्षमा करना, मैं कभी कोई ऐसा कार्य नहीं करूँगी, जिससे तुम्हारा अपमान, तुम्हारी अप्रतिष्ठा, तुम्हारी निंदा हो ।”
जनभाषा के सीधे-सादे और सधे हुए शब्दों में इतनी बड़ी बात प्रेमचन्द-जैसे उपन्यासकार ही कहला सकता था। दूसरा कोई होता, तो या तो इस कथन को इतना वीभत्स बना डालता कि मितली आ जाती या इसमें इतनी वायवी लाक्षणिकता भर देता कि हम अर्थ खोजते ही रह जाते । यहाँ यह भी दृष्टव्य है कि प्रेमचन्द बोलचाल की भाषा का प्रयोग अवश्य करते हैं, पर उसे असाहित्यिक नहीं बनाते। “मैं तुम्हारी हूँ तथा जिस समय मैंने तुम्हारा तिरस्कार किया था, उस समय भी तुम्हारी थी", आदि वाक्य अनन्त प्रणय की जिस संघन भावना को अपने भीतर सँजोए हुए हैं उसका अनुभव एक सहृदय ही कर सकता है ।
बोलचाल का सजीव स्वरूप
सरल और सुस्पष्ट भाषा भी यदि सजीवतारहित होती है, तो वह पाठक के मन पर अपना प्रभाव नहीं डाल पाती, वरन् एक रूखा विवरण का ही आधार बनकर रह जाती है। प्रेमचन्द इस तथ्य से परिचित थे, अतएव उन्होंने अपनी भाषा में शोखी और चुस्ती भरकर उसे सजीव बनाया है। सूरदास का आत्म-चिंतन देखिये, पाठक के मन को कितनी सरलता से छू लेता है - "यह बड़े आदमियों की स्वार्थपरता । पहले कैसी हेकड़ी दिखाते थे, मुझे कुत्ते से भी नीचा समझा, लेकिन ज्यों ही मालूम हुआ कि जमीन मेरी है, कैसी लुल्लो-चुप्पो करने लगे। इन्हें मैं अपनी जमीन दिये देता हूँ। पाँच रुपये दिखाते थे मानो मैंने रुपये देखे ही नहीं। पाँच तो क्या पाँच सौ भी दें, तो भी जमीन न दूँगा । मील भर दौड़ाकर कह दिया—चल हट ।"
भाषा-प्रवाह का प्राणः मुहावरे, लोकोक्तियाँ और सूक्तियाँ- असंख्य मुहावरे 'रंगभूमि' को भाषा की जीवन्त शक्ति देते हैं। मुहावरों की तरह ही लोकोक्तियाँ भी थोड़े में बहुत से अर्थ को समेटकर 'रंगभूमि' की भाषा को सारगर्भित एवं सशक्त रूप देती हैं- “आँख का अंधा गाँठ का पूरा' 'समाज में निक्कू', 'घर का भेदी लंका ढाए', 'खेत की मूली' आदि लोकोक्तियाँ प्रमाण रूप में प्रस्तुत की जा सकती हैं। तीसरा साधन सूक्तियों का प्रयोग है, जिनके द्वारा भाषा में अर्थ-गाम्भीर्य एवं सजीवता उत्पन्न होती है। 'रंगभूमि' में इस साधन का प्रयोग बड़ी सुन्दरता से हुआ है। उसमें सूक्तियों का बाहुल्य है-'अंधे सूक्ष्मदर्शी होते हैं". 'ई में गुणग्राहकता नहीं होती', 'निराशा निर्बलता से उत्पन्न होती है' आदि सूक्तियाँ 'रंगभूमि' के भाषा-कंचन से जुड़ी हुई अनश्वर मणियाँ हैं, जो उसे ज्योतित करते हुए प्राणवत्ता प्रदान करती हैं।
मात्र स्वरूपों का बोध चैतन्य प्रस्तुत करने वाली भाषा
ऐसी भाषा जिसे बोलते ही या जिसके आलेख-वर्णन से यह आभाषित हो कि उसे कौन-सा पात्र बोल रहा है या वह किस पात्र की ओर संकेतपरक है। पात्र-स्वरूप को सजीव बल देती है—यह गुण प्रेमचन्द की भाषा में विद्यमान है। इसी को पात्रानुकूलता कहते हैं।
'रंगभूमि' की भाषा में वैविध्य तो नहीं है, परन्तु पात्रानुकूलता पूर्णतया विद्यमान है।ध्यानपूर्वक देखने से ज्ञात हो जायेगा कि पांडेपुर के ग्रामीणों की भाषा, ताहिर अली और उसके परिवार की भाषा, ईश्वर सेवक और जॉन सेवक की भाषा तथा बंगाली डॉक्टर गांगुली की भाषा में सूक्ष्म भेद है, जिसका कारण हैं उनका जातिगत वाणी-संस्कार । प्रेमचन्द इस वाणी-संस्कार को बहुत महत्त्वपूर्ण मानते हैं। उनकी दृष्टि में उसकी उपेक्षा कर देने से भाषा की स्वाभाविकता नष्ट हो जाती है, इसलिए भाषा को सर्वत्र स्वाभाविक और सजीव बनाने के लिए उन्होंने पात्रानुकूलता की ओर विशेष ध्यान दिया है।
प्रेमचन्द के अलंकार-प्रयोग की विशेषता को एक विद्वान आलोचक इस प्रकार व्यक्त करता है—“ भाषा की गति रोकथाम, ऐंठ-मरोड़ और सौन्दर्य को नियन्त्रित करने के लिए प्रेमचन्द ने अलंकारों का बड़ी ही विचित्रता से प्रयोग किया है। भाषा की गति तीव्र हो जाती है तो उसे अलंकार का एक ब्रेक लगाकर कम कर देते हैं। मन्द पड़ जाती है तो अलंकार का एक पैडल मार देते हैं। मानो अलंकार इनकी भाषा के रेगुलेटर हों।”
चित्र निरूपण की क्षमता
प्रेमचन्द की भाषा की एक अविस्मरणीय विशेषता यह है कि वह जिस तरह किसी बात का वर्णन करते हैं, वह पाठक के सामने एक चित्र-सा प्रस्तुत कर देती है। उनके वर्णन इसीलिए सजीव हो उठे हैं कि उनमें एक सावधान एवं कुशल चित्रकार की भाँति प्रेमचन्द ने शब्दों के द्वारा साकार चित्र उतारे हैं। ऐसा करते समय वे वाक्य-गठन, शब्दों के स्थान, रूप तथा प्रकार के सम्बन्ध में अतिशय सतर्कता अपनाते हैं। सूक्ष्म दृष्टि, संक्षिप्तता तथा बोलचाल की स्वाभाविक व्यवहारिकता का इस चित्रांकन में सर्वत्र ध्यान रखा गया है-शब्द खुला हुआ है और उसकी अर्थ-ध्वनि और भी अधिक अनावृत । सूरदास की. दरिद्रता का एक चित्र देखिए- “न खाट, न बिस्तर, न बर्तन न भाँड़े। एक पुराना, चलनी की भाँति छिद्रों से भरा हुआ तथा एक छोटी-सी कठौत और एक लोटा । बस यही उस घर की सम्पत्ति थी ।”
उपयुक्त और सटीक शब्दों का प्रयोग
भाषा की उपर्युक्त से भी विशेषताओं के लिए प्रेमचन्द मे शब्द-चयन में बड़े कौशल से काम लिया है। एक ओर जहाँ देशज शब्द अपनाये गये हैं, वहीं दूसरी ओर अरबी, फारसी तथा अंग्रेजी शब्दावली का भी प्रभावशाली प्रयोग किया गया । संस्कृत के नुकीले शब्द भी उनकी भाषा की धारा में पड़कर चिकने बन गये हैं— जैसे—परोजन (प्रयोजन), भभीखन (विभीषण), कुसल (कुशल), जोधा (योद्धा) । यही बात अरबी-फारसी के शब्दों पर भी घटित होती है । यथा— दुसमन (दुश्मन), होस (होश), खुसी (खुशी), आदि। बेनीपुरीजी ने ठीक ही कहा है कि- "जनता द्वारा बोले जाने वाले कितने ही शब्दों को उनकी कुटिया मड़ैया से घसीटकर वह सरस्वती के मन्दिर में लाये और यों ही कितने अविकारी शब्दों को, जो केवल बड़प्पन का बोझा लिए हमारे सिर पर सवार थे, इस मन्दिर से निकाल बाहर किया।"
व्यंग्य का चुटीलापन
व्यंग्य के द्वारा भाषा प्रभविष्णु बनती है। सीधी-सादी बात मन पर इतना असर नहीं करती, जितना असर व्यंग्य करता है। व्यंग्य वह अमोघ अस्त्र है जो सीधे मर्म तक पहुँचकर उसे बेध डालता है। व्यवहार में व्यंग्य का प्रयोग होता है, परन्तु उसे साहित्य में और विशेष रूप से चुटीलेपन का वास्तविक प्रभाव लाने के लिए कैसे किया जाय, यह एक उच्चकोटि की साहित्यिक कला है, जिसमें प्रेमचन्द सिद्धहस्त थे। 'रंगभूमि' की भाषा में व्यंग्यात्मकता का भी चातुर्य है। सूरदास के ही उपर्युक्त कथन को देखें तो ज्ञात होगा कि उसके शब्द-शब्द में व्यंग्य भरा हुआ है। सूरदस, नायकराम, बजरंगी, भैरों, इन्दु, इन्द्रदत्त, वीरपालसिंह आदि के कथन या तो हास्य से युक्त हैं अथवा शिष्ट, तीखापन होने पर भी उनमें ..... औद्धत्य नहीं है।
शोषक और शोषित अथवा शासक और शासित को अपने उपन्यासों की विषय-वस्तु बनाने वाले प्रेमचन्द की शैली में व्यंग्य बड़ा मुखर है। उनकी व्यंग्य-शैली का प्रधान गुण यह है कि वह विवेकशून्य कोरा आक्रोश नहीं है, वरन् उसमें ठहरकर कुछ सोचने का अवकाश है और कुछ निर्णय लेने का सूक्ष्म संकेत। यह प्रेमचन्द की उद्देश्य-प्रधान कला की गरिमा है। 'रंगभूमि' में अनेक स्थलों पर कटाक्षपूर्ण व्यंग्य मिलते हैं, तथा सूरदास के द्वारा बड़े आदमियों पर व्यंग्य किये गये हैं। सोफिया के द्वारा पाखंड और स्वार्थान्धता पर व्यंग्य हुए हैं। इन्दु के व्यंग्य स्वत्व-चेतना को उभारते हैं तो डॉ. गांगुली और प्रभुसेवक के व्यंग्य शोषण और उसके पोषकों का पर्दाफाश करते हैं। 'रंगभूमि' में व्यंग्याकन व्यंग्य करते हुए प्रेमचन्द का विचारक मननशील आलोचक बन गया है। यहाँ उनकी शैली तर्कप्रधान हो गई है और गुण-दोष का विवेचन करते हुए पाठकों को एक निश्चित निष्कर्ष की ओर हठात् खींच ले जाती है 'रंगभूमि' में वीरपाल, सोफिया, डॉ. गांगुली, प्रभुसेवक, सूरदास आदि के अनेक कथनों में इस शैली के दर्शन होते हैं ।
प्रवाहसम्पन्न शैली
भाषा के उपर्युक्त आदर्श के द्वारा प्रेमचन्द ने हिन्दी को अभूतपूर्व शैली प्रदान की है। भाषा की विशेषताओं के अनुसार शैली के भी अनेक भेद किये जा सकते हैं। 'रंगभूमि' में मुख्यतः वर्णनात्मक, चित्रात्मक, व्यंग्यात्मक तथा आलोचनात्मक शैलियों का प्रयोग हुआ है। उपन्यास में वर्णनात्मक शैली का होना स्वाभाविक ही है, पर प्रेमचन्द की विशेषता यह है कि उनकी वर्णन-शैली केवल नीरस लेखा-जोखा ही नहीं है, वरन् उसमें स्वाभाविक त्वरा, औत्सुक्य और अनुभूतिमयता है। चाहे वह पांडेपुर के गाँव का वर्णन हो, चाहे ताहिरअली की गृहस्थी का, लेखक की पैनी दृष्टि उसमें इतनी गहराई के साथ पैठी है कि कोई भी तथ्य छिपा नहीं रह सका है। इसी प्रकार मार्मिक प्रसंगों का चयन करने में प्रेमचन्द सिद्धहस्त हैं और ऐसे स्थलों पर उनकी शैली भावात्मक हो उठी है। दीनता, कलह, मान-अपमान, प्रणय-प्रेम के मार्मिक प्रसंगों का उद्घाटन करते समय 'रंगभूमि' में उनकी शैली भावात्मक हो गई है।
अन्ततः 'रंगभूमि' की भाषा-शैली के विषय में कहा जा सकता है कि उसमें ओजस्विता का प्रखर प्रकाश है, मार्मिकता की गहरी अनुभूति है । प्राणवान् चित्रात्मकता है, विचार और भावनाओं का स्वाभाविक तरंग-प्रवाह है। विचार उलझे हुए और भाषा सरल एवं स्पष्ट है। सूक्तियाँ हृदय में बस जाने वाली हैं। डॉ. रामविलास शर्मा के शब्दों में, “प्रेमचन्द शैलीकार न थे, साहित्यकार थे। वह भाषा नहीं लिखते थे, अपनी वेदना लिखते थे। इसी से पण्डित से पहले जनता ने उन्हें अपनाया, आचार्य से पहले नागरिक ने उन्हें समझा। उनको प्रत्येक मानव से सहानुभूति थी तथा उन्हीं की भाषा को प्रस्तुत करने में वे सिद्धहस्त थे। प्राणों का उत्सर्ग देकर उन्होंने भाषा और भारत को संस्कार दिया।"

COMMENTS