प्रेमचंद के उपन्यासों में सामाजिक यथार्थ और आदर्श

SHARE:

प्रेमचन्द ने उपन्यासों में युग और समाज का यथार्थ व आदर्श कैसे दिखाया? प्रतिज्ञा से गोदान तक सामाजिक समस्याओं की पूरी समीक्षा पढ़ें।

प्रेमचंद के उपन्यासों में सामाजिक यथार्थ और आदर्श


प्रेमचन्द साहित्य को जीवन की व्याख्या एवं आलोचना स्वीकार करते थे तथा उपन्यासों को मानव-जीवन का महाकाव्य समझते थे। उनके लिए समाज एवं समष्टिगत भावनाओं का बड़ा महत्त्व था। वे सामाजिक परिवेश के अन्तर्गत ही अपने कथानक का ताना-बाना बुनते थे।प्रेमचन्द के उपन्यासों की मूल प्रेरणा सामाजिक कल्याण की भावना है उनके कथानकों में मानव के समसामयिक जीवन का चित्रण मिलता है। व्यक्ति ही समाज का रूप धारण कर लेता है, अतः सामाजिक समस्याएँ अन्ततः व्यक्ति की अपनी ही समस्याएँ बन जाती हैं। यही कारण है कि सामाजिक जीवन से निकटतः सम्बद्ध होने पर भी प्रेमचन्द के कथानक व्यक्ति की अवहेलना नहीं करते।

प्रेमचन्द ने अपने युग की समस्याओं को भली-भाँति समझा था। उनका युग पुनरुत्थानवादी था। देश में ऐसी संस्कृति का प्रवेश हो रहा था, जिसकी चकाचौंध से प्रभावित होकर समूची नई पीढ़ी बही चली जा रही थी। इससे अनेक नई समस्याएँ उत्पन्न हो गई थीं और समाज का ढांचा एक प्रकार से चरमराने लगा था, क्योंकि वह परम्परागत आदर्शों पर आधारित था। देश में पूँजीवाद का बोलबाला हो गया था और वर्ग-वैषम्य जीवन के प्रत्येक स्तर पर परिलक्षित होता था। इस पूँजीवाद के बढ़ते हुए प्रभाव ने एक ऐसी बुर्जुआ मनोवृत्ति उत्पन्न कर दी थी, जिसकी लपेट में एक प्रकार से प्रेमचन्द का समूचा युग ही आ गया था। विधवा-समस्या, वेश्या-समस्या, आर्थिक स्वतन्त्रता की समस्या, शिक्षा की समस्या तथा राजनीतिक और सामाजिक अधिकार प्राप्ति की समस्याएँ नारी जीवन के सम्मुख मुँहबाए खड़ी थीं।
 
प्रेमचंद के उपन्यासों में सामाजिक यथार्थ और आदर्श
प्रेमचन्द एक जागरूक कलाकार थे। उन्होंने इनमें से किसी की भी उपेक्षा नहीं की और जीवन के विविध पक्षों पर अपनी दृष्टि डाली तथा समूचे युग और समाज को चित्रित करने का प्रयत्न किया। गाँधी युग के प्रथम तीन चरणों के सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक और साम्प्रदायिक जीवन के सभी पहलुओं और समस्याओं का जितना सांगोपांग और सटीक चित्रण प्रेमचन्द में मिलता है, वैसा हिन्दी के किसी अन्य साहित्यकार में नहीं मिलता है।भारत की किसी अन्य भाषा के साहित्यकार में भी मिलता है, इसमें सन्देह है । साधारणतः प्रत्येक व्यक्ति के स्वभाव की सीमाएँ होती हैं—जीवन के कुछ रूपों में वह रम सकता है, कुछ में नहीं, वरन्तु प्रेमचन्द की सहानुभूति इतनी व्यापक थी, उनका हृदय इतना विशाल था कि जीवन के सभी रूपों के प्रति उनमें राग था। उनकी प्रतिभा अनेक अंशों में महाकाव्यकार की प्रतिभा थी । उन्हें जीवन की समग्रता के प्रति राग था और मानव के सभी रूपों के प्रति ममत्व था। विविध वर्ग, जाति, स्वभाव, संस्कार, सामाजिक स्थिति, व्यवस्था आदि के जितने अधिक पात्र प्रेमचन्द में मिलते हैं, उतने औरों में नहीं।
 
जीवन के इस समग्र ग्रहण का परिणाम यह हुआ है कि प्रेमचन्द ने अपने उपन्यासों में गाँधी युग के तीन चरणों के सामाजिक-राजनीतिक जीवन का पूर्ण इतिहास प्रस्तुत किया है। वास्तव में जिस समय उत्तर भारत के इतिहास के इस काल-खण्ड का सामाजिक इतिहास लिखा जाएगा, उस समय प्रेमचन्द के उपन्यासों से अधिक व्यवस्थित सामग्री अन्यत्र नहीं मिलेगी । यदि इतिहासकार राजनीति से आतंकित होकर विवेक न खो बैठा, तो वह उन्हें भी पट्टाभि के इतिहास और नेहरू और राजेन्द्र बाबू की जीवनियों से कम महत्त्व नहीं देगा । इसके मूलतः दो कारण हैं, एक तो यह कि प्रेमचन्द ने अत्यन्त सचेत होकर अपने साहित्य को युग-जीवन का आधार बनाया है, दूसरे यह कि उन्होंने युग-धर्म के साथ पूर्ण तादात्म्य स्थापित करते हुए मानव-जीवन को ग्रहण किया है। उनके उपन्यासों से यह बात स्पष्ट हो जाएगी कि उनमें कितनी जागरूकता और सजग सामाजिक चेतना थी।
 
प्रेमचन्द में विभिन्न सामाजिक समस्याओं को चित्रित करने की प्रवृत्ति प्रारम्भ से ही थी। 'प्रतिज्ञा' में उन्होंने विधवा-समस्या को प्रस्तुत करने का प्रयत्न किया । बसन्तकुमार के मरने के पश्चात् पूर्णा विधवा हो जाती है और कोई दूसरा आश्रय न होने के कारण लाला बद्रीप्रसाद के यहाँ शरण पाती है। यहीं से वास्तविक समस्या प्रारम्भ होती है। इसमें प्रेमचन्द ने एक आदर्शवादी दृष्टिकोण प्रस्तुत किया है। अमृतराय की 'प्रतिज्ञा' समाज-सुधार से सम्बन्धित है, जिस पर आर्य-समाज के सन्देश का विशेष प्रभाव हैं। उस समय विधवा विवाह का समर्थन स्वामी दयानन्द ने किया था। वे आर्य समाज द्वारा उसका प्रचार कर रहे थे और सनातन धर्म इसका विरोध कर रहा था। सुधारवादी नवयुवकों में आर्य-समाज के प्रति सहानुभूति थी और अमृतराय उन्हीं में से एक थे।
 
'वरदान' सन् 1905-06 के मध्य प्रकाशित हुआ था। प्रेमचन्द ने प्रारम्भ में जो कुछ लिखा है, उससे उनके दृष्टिकोण पर पर्याप्त प्रकाश पडता है। यह वास्तव में प्रेमचन्द के आदर्शवादी दृष्टिकोण के अनुरूप है, यह कर्म, बलिदान और सत्य की कथा से सम्बद्ध है। यह एक ओर ऐसे पुरुष की कहानी है, जो प्रारम्भ में डगमगाता-सा दिखाई देता है और अन्तिम अंशों में भी डगमगाने लगता है, पर अन्ततोगत्वा सँभल जाता है। नायक में प्रेम की आर्द्रता और साधना की कठोरता दृष्टिगोचर होती है। दूसरी ओर इसमें एक ऐसी नारी का चित्रण है, जो जीवन के अभावों को लिये हुए अपने हृदय की वेदना से पीड़ित रहती है। इस संवेदना के अतिरिक्त इसमें तत्कालीन पारिवारिक, सामाजिक तथा धार्मिक परिस्थितियों का चित्रण मिलता हैं। विरजन जब अपने पति कमलाचरण को पत्र लिखती है, तो उसी बहाने प्रेमचन्द ग्रामीण परिस्थितियों पर प्रकाश जलते हैं। जिस समय इसकी रचना हुई थी, उस समय सारा संसार विषम आर्थिक परिस्थितियों से प्रभावित था। इसीलिए 'वरदान' में देशभक्ति, बलिदान, त्याग और देश प्रेम है, पर वह किसी राजनीतिक का नहीं है, वरन् आध्यात्मिक के रंग में रँगा हुआ हैं।
 
'सेवासदन' में प्रेमचन्द ने नारी जीवन से सम्बन्धित अनेक समस्याएँ प्रस्तुत की हैं। इस उपन्यास की प्रधान समस्या भारतीय समाज में नारी का पराधीन होना है। उस समय वह कितना दयनीय, परवश और निराश्रित जीवन व्यतीत कर रही थी, इसमें अन्य समस्याओं के साथ-साथ वेश्या समस्या भी आ जाती है। नारी को यदि वास्तविक शिक्षा नहीं मिलती, तो उसके कितने दुष्परिणाम हो सकते हैं? इसे सुमन के माध्यम से बड़ी सूक्ष्मता से प्रेमचन्द ने प्रस्तुत किया है। सुमन ने गृहिणी बनने की नहीं, इन्द्रिय-भोग की शिक्षा पाई थी। इसके अतिरिक्त पुलिस की समस्या भी उठाई गई है। कृष्णचन्द्र के माध्यम से उन्होंने यह अभिव्यक्त किया है कि पुलिस विभाग कितना भ्रष्ट है और किसी ईमानदार व्यक्ति की वहाँ कितनी दुर्गति हो सकती है? दूसरी समस्या यह है कि हमारे समाज का जो परम्परागत वर्ग, धर्माचार्य, मठाधीश, धनपति और समाज-सुधार तथा देशानुराग सम्बन्धी लम्बी-लम्बी बातें करने वालों का था. वे कितने खोखले तथा चरित्रहीन हैं. इस पर भी प्रेमचन्द ने तीखा व्यंग्य किया है। भोलीबाई वेश्या धनपतियों के घरों के अतिरिक्त मठों में जाती है और वहाँ भी सम्मान पाती है, जबकि वे ही लोग व्यक्तिगत रूप से वेश्यावृत्ति की आलोचना करते हैं। समाज में कितना दम्भ है, मिथ्या गर्व है, इसकी ओर भी संकेत किया गया है, जिसके कारण सुमन-जैसी लड़कियों को कितना कुछ भोगना पड़ता है ? वेश्यावृत्ति की समस्या को लेकर प्रेमचन्द ने इस बात की ओर संकेत किया है कि हिन्दू समाज किसी कुप्रवृत्ति को दूर करने की व्यावहारिक बात नहीं कर सकता है। उन्होंने साम्प्रदायिकता की ओर भी संकेत किया है। साम्प्रदायिक विद्वेष की भावना राजनीति के क्षेत्र में प्रबल रूप से प्रसारित हो चुकी थी ।

'प्रेमाश्रम' में प्रेमशंकर के माध्यम से जमींदारी उन्मूलन, भूमिधरी, सहकारिता आदि की कल्पना की गयी है। इस उपन्यास में सामन्ती व्यवस्था का खोखलापन प्रस्तुत किया गया है। यद्यपि प्रेमचन्द गाँवों की ओर अपनी सहानुभूति का परिचय 'वरदान' या 'सेवासदन' में आंशिक रूप से दे चुके थे, किन्तु पूर्ण रूप से ग्रामीण पृष्ठभूमि पर आधारित उपन्यास यहीं है इसमें प्रेमचन्द ने यह बताने का प्रयत्न किया है कि मनुष्य को अपनी कमाई खानी चाहिए। किसी को अधिकार नहीं है कि वह दूसरों की कमाई को अपने जीवन-निर्वाह का आधार बनाये। भूमि उसकी है, जो उसे जोते। शासक को उसकी उपज में भाग लेने का अधिकार इसलिए है, क्योंकि वह देश में शान्ति और रक्षा की व्यवस्था करता है, जिसके बिना खेती हो ही नहीं सकती।

'निर्मला' में प्रेमचन्द ने पूर्णतया सामाजिक यथार्थ को लिया है। इसमें मध्य वर्ग का चित्रण किया गया है। इसमें उन्होंने अनमेल विवाह और दहेज-प्रथा जैसी कुत्सित प्रवृत्तियों का चित्रण किया हैं।'रंगभूमि' में उद्योग-व्यवसाय, देश-प्रेम और गाँधीवादी - जीवन-दर्शन से प्रभावित कथानक की कल्पना की गयी है। औद्योगीकरण, धार्मिक सहिष्णुता, देशी रियासतों की समस्या तथा राजनीतिक आन्दोलनों की समस्या को स्थान देकर इसके परिवेश को अत्यन्त व्यापक बनाया गया है। 'गवन' में मध्यवर्गीय प्रवृत्तियों, आभूषण-प्रेम की भयंकरता, पुलिस का दमन चक्र और देश की स्वाधीनता की समस्याएँ उठाई गई हैं।

'कर्मभूमि' में यों तो विभिन्न समस्याएँ उठाई गई हैं, पर इसका मुख्य उद्देश्य स्वदेशानुराग उत्पन्न करना और देश की जनता में अपने कर्तव्य के प्रति उन्मुख रहने की सबल प्रेरणा है। अछूतोद्धार की समस्या, किसानों की समस्या, सूदखोरी की समस्या, व्यापार के नाम पर चोरी की समस्या आदि कुछ ऐसी ही समस्याएँ हैं, जिन्हें प्रेमचन्द ने बड़ी सूक्ष्मता एवं यथार्थता से प्रस्तुत किया है। इसमें उन्होंने यह भी बताया है कि पिता द्वारा पुत्र को और पति द्वारा पत्नी को अपने अधीन रखने के लिए कृत्रिम साधनों का प्रयोग नहीं करना चाहिए। सभी का समान कर्त्तव्य है। इन सभी का जीवन में सामंजस्यपूर्ण व्यवहार होना चाहिए।
 
'गोदान' में कृषक-जीवन से सम्बन्धित समस्याओं को कुछ इस ढंग से प्रस्तुत किया गया है कि उसकी समस्त प्रवृत्तियाँ व्यापक परिवेश में उभर आती हैं। इसे बड़ी सरलता से भारतीय कृषक जीवन का गद्यरूपी महाकाव्य कहा जा सकता है। इस उपन्यास की मूल समस्या शोषित वर्ग के विभिन्न पक्षों का, समस्याओं का, संघर्ष एवं विषमताओं का चित्रण करना है।प्रेमचन्द का ग्रामीण जीवन से प्रत्यक्ष तादात्म्य था और उसका उन्हें गहरा अनुभव भी था, इसीलिए वहाँ की कथा को उन्होंने आधार बनाया है।
 
'गोदान' दुःखी एवं शोषित मानवात्मा का करुण क्रन्दन है।पत्रकारों की स्वार्थलिप्सा, सामन्तशाही एवं धर्म का खोखलापन, शोषण, संयुक्त परिवार व्यवस्था की विशृंखलता आदि विभिन्न समस्याएँ इसमें अत्यन्त विस्तृत पृष्ठभूमि में चित्रित की गयी हैं। वास्तव में 'गोदान' प्रेमचन्द के जीवन-भर के प्राप्त अनुभवों का निचोड-तत्त्व है, जिसे उन्होंने भारतीय जीवन में प्राप्त किया था और भारतीय जीवन के माध्यम से ही प्रस्तुत किया है। 

प्रेमचन्द को मानव-जीवन का पर्याप्त अनुभव था। वे पुस्तकों की पाठशाला से न आकर, जीवन की पाठशाला से साहित्य के क्षेत्र में आये थे। उन्होंने अपने युग को समझा था और परिवर्तनशीलता को आत्मसात किया था। अपने सामाजिक दायित्व की उन्होंने कभी अवहेलना नहीं की, अपितु पूर्ण कलागत ईमानदारी के साथ उसका निर्वाह किया। इसीलिए अपने उपन्यासों में उन्होंने जीवन का विशाल चित्रपट चुना था. जिसमें उनके समय का युग और समाज अत्यन्त यथार्थ एवं सजीव ढंग से साकार हो सकता था। जीवन के विविध पक्षों एवं विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक, धार्मिक, पारिवारिक एवं सांस्कृतिक समस्याओं का ऐसा चित्रण न पूर्ववर्ती किसी उपन्यासकार ने किया, न उनके परवर्ती उपन्यासकारों ने। यही प्रेमचन्द की महत्ता थी और यहीं उनके साहित्य की विराटता थी।

COMMENTS

Leave a Reply

इन्हे भी अवश्य पढ़ें -

Loaded All Posts Not found any posts VIEW ALL Readmore Reply Cancel reply Delete By Home PAGES POSTS View All RECOMMENDED FOR YOU LABEL ARCHIVE SEARCH ALL POSTS Not found any post match with your request Back Home Sunday Monday Tuesday Wednesday Thursday Friday Saturday Sun Mon Tue Wed Thu Fri Sat January February March April May June July August September October November December Jan Feb Mar Apr May Jun Jul Aug Sep Oct Nov Dec just now 1 minute ago $$1$$ minutes ago 1 hour ago $$1$$ hours ago Yesterday $$1$$ days ago $$1$$ weeks ago more than 5 weeks ago Followers Follow THIS PREMIUM CONTENT IS LOCKED STEP 1: Share to a social network STEP 2: Click the link on your social network Copy All Code Select All Code All codes were copied to your clipboard Can not copy the codes / texts, please press [CTRL]+[C] (or CMD+C with Mac) to copy बिषय - तालिका