मुंशी प्रेमचंद के प्रमुख उपन्यास और उनकी विशेषताएं

SHARE:

प्रेमचंद के सभी प्रमुख उपन्यास एक ही लेख में। जानिए सेवासदन से गोदान तक हर उपन्यास का रचना-काल, समस्या, पात्र-योजना और शिल्पगत विशेषताएँ।

मुंशी प्रेमचंद के प्रमुख उपन्यास और उनकी विशेषताएं


हिंदी कथा-साहित्य की चर्चा प्रेमचंद के नाम के बिना अधूरी है। मुंशी प्रेमचंद (1880-1936) ने कहानी, उपन्यास, नाटक, निबंध और संपादन जैसी गद्य की अनेक विधाओं में लेखन किया, किंतु उनकी वास्तविक पहचान एक कथा-शिल्पी की है। कहानी और उपन्यास के क्षेत्र में उनकी रचनात्मक प्रतिभा का पूर्ण विकास हुआ। इसी कारण उन्हें 'उपन्यास सम्राट' कहा जाता है।

प्रेमचंद ने उर्दू से लेखन आरंभ किया और बाद में हिंदी में आए। 'असरारे मआबिद' से लेकर अधूरे रह गए 'मंगलसूत्र' तक उनके उपन्यासों की यात्रा सामाजिक यथार्थ की यात्रा है। उनके कथा-साहित्य में किसान, मज़दूर, स्त्री, दलित और मध्यवर्ग के जीवन की समस्याएँ पूरी संवेदना के साथ चित्रित हुई हैं। 'सेवासदन' में वेश्या-जीवन और नारी की सामाजिक स्थिति, 'प्रेमाश्रम' में जमींदार और किसान का संघर्ष, 'रंगभूमि' में औद्योगीकरण और सूरदास का प्रतिरोध, 'निर्मला' में दहेज और अनमेल विवाह, 'गबन' में मध्यवर्गीय दिखावा, 'कर्मभूमि' में स्वाधीनता आंदोलन और छुआछूत, तथा 'गोदान' में भारतीय किसान की त्रासदी उनके उपन्यासों की प्रमुख भूमि है।

प्रेमचंद सुधारवादी लेखक थे। वे यथार्थ का चित्रण करते हुए भी आदर्श की स्थापना का प्रयास करते हैं। इसी कारण उनके उपन्यास केवल कथा नहीं रहते, बल्कि अपने युग का सामाजिक और सांस्कृतिक दस्तावेज़ बन जाते हैं।

प्रेमचन्द ने अपनी साहित्य-साधना में यद्यपि गद्य-साहित्य की अनेक विधाओं को स्पर्श किया है, किन्तु वास्तव में वे कथा शिल्पी ही हैं। कहानी तथा उपन्यास के क्षेत्र में उनके कथा-शिल्प का विशेष उन्मेष जगा है। वे अपने इस क्षेत्र के एकमात्र सम्राट हैं। उनके कृतित्व का संक्षिप्त परिचय इस प्रकार है-

सेवासदन

प्रेमचन्द ने जीवनी-लेखकों के आधार पर श्री महावीर प्रसाद पोद्दार की प्रेरणा से 'सेवासदन' नामक उपन्यास हिन्दी में लिखा और तब से वे निरन्तर हिन्दी में लिखते चले गये। इसके पश्चात् उन्होंने 'रूठी रानी', 'वरदान' और 'प्रतिज्ञा' आदि उपन्यासों की रचना की। इन्हें 1900 ई. से 1906 ई. के बीच की रचनायें माना गया है। 'सेवासदन' उनकी तीसरी औपन्यासिक रचना है जिसे गोरखपुर में सन् 1916 ई. में प्रकाशित किया गया। 'सेवासदन' का उर्दू रूप ' बाजार-हुस्न' लाहौर से सन् 1911 ई. के मध्य में दो किस्तों में प्रकाशित हुआ था ।

'सेवासदन' को प्रेमचन्द के उपन्यासों और हिन्दी-उपन्यास- साहित्य में एक गौरवपूर्ण : स्थान प्राप्त है। इस उपन्यास की मुख्य कथा सुमन की कथा है। उपन्यास की कथा में स्वाभाविक और मनोवैज्ञानिक घटनाओं की अधिकता है। कथा को एक सूत्र में संग्रहीत करने में उपन्यासकार पूर्णतः सफल रहा है। इसमें लगभग 56 पात्र हैं, जिनमें 39 पुरुष और 17 स्त्री पात्र हैं। डॉ. कमलकिशोर गोयनका के शब्दों में कहा जा सकता है कि, 'सेवासदन' के एक 'बेहतरीन नॉविल' होने का एक कारण यह भी है कि लेखक एक प्रचारात्मक लेखक के रूप में न आकर एक कलाकार के रूप में सामने आता है।

प्रेमाश्रम

मुंशी प्रेमचंद के प्रमुख उपन्यास और उनकी विशेषताएं
इसका रचनाकाल सन् 1918 ई. है, किन्तु इसका प्रकाशन सन् 1922 ई. में कलकत्ता से हुआ। उपन्यास की सम्पूर्ण कथा ज्ञानशंकर और प्रेमशंकर नाम के दो बिन्दुओं से संचालित होती है। उपन्यास में कथा-विकास की अनेक विधियों का प्रयोग किया गया है। 'सेवासदन के समान प्रेमाश्रम' में भी लेखक की कथा-चेतना काफी समृद्ध है। उपन्यास में पात्रों की संख्या लगभग 80 है। इन पात्रों में प्रमुख पात्रों की संख्या 30 से अधिक नहीं है लेखक ने पात्रों के चरित्रोद्घाटन के लिए पूर्व विधियों का ही प्रयोग किया है। प्रेमचन्द ने पात्रों की मुद्रा, मनःस्थिति, मन के रहस्यों, पात्र के स्वभाव, विचारधारा आदि में परिवर्तन को भी अपने शब्दों में प्रकट किया है। प्रेमचन्द ने पात्रों की चारित्रिक, वैचारिक आदि विशेषताओं, पात्रों की दृष्टि से एक-दूसरे की चरित्र रेखाओं को अपनी वर्णन शक्ति से उभारने की भी चेष्टा की है। लेखक ने चरित्रांकन के लिए वर्णनात्मक विधि के अतिरिक्त मनोवैज्ञानिक विधि तथा नाटकीय विधि का भी प्रयोग किया है। उपन्यास में चरित्रांकन की दृष्टि से पात्रों के अन्तर्विवादों का विशेष महत्व है। प्रेमाश्रम में पात्रों के अचेतन मन की ग्रन्थियों और कुण्ठाओं को चित्रित करने में लेखक की कोई विशेष अभिरुचि नहीं है। उपन्यास में पात्रों के संवाद, चरित्रोद्घाटन की दृष्टि से, उनके अन्तर्विवादों के समान ही महत्वपूर्ण है। उपन्यास की घटनाओं ने भी पात्रों के चरित्रांकन में महत्वपूर्ण योगदान किया है। 'सेवासदन' की भाँति ही प्रेमाश्रम में भी लेखक ने वर्णन की अपेक्षा पात्रों के संवादों को विशेष महत्व दिया है। उपन्यास के संवादों में कथा-विकास, देशकाल-चित्रण व चरित्रांकन की विशेषताएँ विद्यमान हैं।

'प्रेमाश्रम' के पात्रों के संवादों में देशकाल और चरित्र-चित्रण की प्रवृत्ति आद्योपांत देखी जा सकती है। इसकी भाषा में अँग्रेजी के लगभग 200 शब्दों का प्रयोग हुआ है। 'प्रेमाश्रम' की भाषा में अँग्रेजी, अपभ्रंश, देशज, आवृत्तिमूलक आदि शब्दों का महत्वपूर्ण स्थान है। डॉ. कमलकिशोर गोयनका के शब्दों में कह सकते है कि, “निष्कर्षतः कहा जा सकता है कि अपनी कुछ दुर्बलताओं के होने पर भी 'प्रेमाश्रम' का प्रकाशन हिन्दी उपन्यास के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक घटना है। युग के सांस्कृतिक बहाव को चित्रित करने वाला उपन्यास, महाकाव्य की गरिमा से मंड़ित है और वह हिन्दी का प्रथम 'महाकाव्यीय उपन्यास है।"

रंगभूमि

इसकी रचना तिथि सन् 1924-25 ई. है। इसका प्रकाशन-कार्य सर्वप्रथम लखनऊ में सम्पन्न हुआ। 'रंग-भूमि' विषय-वस्तु की दृष्टि से 'प्रेमाश्रम' से जुड़ी और आगे बढ़ी एक कड़ी है। 'रंग-भूमि' की सृजन प्रक्रिया और उसकी आधारभूमि को समझने के लिए लेखक द्वारा अँग्रेजी की व्यावसायिक सभ्यता, मशीनी युग, औद्योगीकरण, शासन-नीति, देशी राज्य और लिबरल दल, स्वदेशी उद्योग, ग्राम्य जीवन आदि व्यक्त विचारों को देखना आवश्यक है। प्रेमचन्द औद्योगीकरण के पूर्णतः विरोधी नहीं थे। उपन्यास की मुख्य कथा सूरदास की कथा है। सूर की मुख्य कथा अनेक आरोह-अवरोहों एवं मोड़ों से होकर विकसित है। 'रंग-भूमि' के कथा-शिल्प की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि लेखक ने सूर की कथा में पात्रों को संयुक्त करके उनके व्यक्तित्व के विकास से उनकी व्यक्तिगत कथा को भी विकसित किया है। उपन्यास की अधिकांश घटनाएँ यथार्थ और प्रामाणिक हैं। 'रंग-भूमि' में कथा-शिल्प के लिए लेखक ने संकेत विधि का पर्याप्त उपयोग किया है। इसके लिए लेखक ने पात्र के संकल्प, आशंका, भविष्यवाणी आदि से भावी कथा का संकेत किया है। उपन्यास की कथा-संरचना की कुछ ऐसी भी विशेषताएँ हैं, जो पात्रों के व्यवहार और घटनाओं की सृष्टि पर लेखक के नियन्त्रण को स्पष्ट करती हैं। 'रंग-भूमि' की कथा को सुसम्बद्ध बनाने के लिए लेखक पूर्णतः सचेष्ट है। 'रंग-भूमि में पात्रों की संख्या 100 से भी अधिक है। इन पात्रों में 45 के लगभग तो नामधारी पात्र हैं और शेष पात्रों को लेखक ने अनाम ही छोड़ दिया है। पात्रों के चरित्र-चित्रण के लिए 'रंग-भूमि' में लेखक ने अपनी पूर्व विधियों का प्रयोग किया है।
 
उपन्यास में पात्रों के सर्वप्रथम प्रवेश करने पर लेखक ने उनके जो शारीरिक चित्र अंकित किये हैं, उनमें 'रंग-भूमि' के अन्य स्थलों पर किये गये शारीरिक अवयवों के चित्रण से अधिक स्पष्टता है। उपन्यास में पात्रों की स्थिति विशेष की मुखाकृति, स्वर, अनुभव आदि का चित्रण तो अवश्य हुआ है, लेकिन वह 'रंग-भूमि' में यत्र-तत्र ही दृष्टिगत होता है । उपन्यास में लेखक ने पात्रों के चरित्रों को मनोवैज्ञानिक आधार भी प्रदान किया है। इस उपन्यास में पात्रों के अन्तर्विवादों की जिस मात्रा में संयोजना हुई है, उस मात्रा में अन्तर्द्वन्द्व अथवा भावनाओं के संघर्ष की स्थितियाँ विद्यमान नहीं हैं। इस उपन्यास में पात्रों की ग्रन्थियों, कुण्ठाओं एवं अवचेतना मन के द्वन्द्वों तथा अन्धे व्यक्ति (भिखारी) की मनोवैज्ञानिक मनःस्थितियों को चित्रित करने में लेखक ने अपेक्षाकृत अधिक रुचि दिखाई है।
 

कायाकल्प

इसका प्रकाशन सन् 1930 ई. में हुआ। यह प्रेमचन्द का सर्वप्रथम उपन्यास है, जिसकी मूल पाण्डुलिपि हिन्दी में प्राप्त होती है। 'कायाकल्प' की कथा दो विभिन्न एवं स्वतन्त्र कथाओं से निर्मित नहीं हुई है, जैसा कि 'कायाकल्प' के आलोचकों ने समझा। उसकी कथाओं का केन्द्र-बिन्दु एक ही है। 'कायाकल्प' उपन्यास की कथा छ: परिवारों की कथा है, जिनमें यशोदानन्दन और ख्वाजा महमूद के परिवारों को छोड़कर शेष चार परिवारों का मुख्य कथा से सीधा सम्बन्ध है। उपन्यास की मुख्य कथा चक्रधर की कथा है, जो कथा में आद्योपांत चलती है। उपन्यास में लगभग 15 प्रमुख पात्र हैं। 'कायाकल्प' में प्रेमचन्द ने पात्रों के अनुभव, मुख-मुद्राओं के चित्रण में कोई विशेष सजगता प्रकट नहीं की है। इसमें प्रेमचन्द ने पतनोन्मुखी सामंती समाज का यथार्थ चित्र खींचा है। नारी समस्या के चित्रण में उपन्यासकार ने बहुविवाह प्रथा और उसके परिणामों पर दृष्टिपात किया है। प्रेमचन्द ने ऐसी स्त्रियों की समस्या भी प्रस्तुत की है, जिनके कुल-शील का पता नहीं है और जो किसी के आश्रय में पलती हैं। इसमें प्रेमचन्द ने धर्मान्धता और साम्प्रदायिकता से उत्पन्न परिस्थितियों का चित्रण किया है। संक्षेप में हम कह सकते है कि 'प्रेमाश्रम' या 'कर्मभूमि' में प्रेमचन्द के 'कायाकल्प' का पूरा आभास मिलता है।
 

निर्मला

इसका प्रणयकाल सन् 1923 ई. है। सन् 1927 ई. इसका लखनऊ से प्रकाशन हुआ। 'निर्मला' में मध्यवर्गीय समाज का चित्र प्रस्तुत किया गया है। प्रेमचन्द ने समाज-चित्रण के अन्तर्गत समस्या-चित्रण का पूरा ध्यान रखा है। इस उपन्यास में अनमेल विवाह और दहेज की समस्या पर दृष्टिपात किया गया है। दहेज और अनमेल विवाह का पारस्परिक सम्बन्ध दिखलाकर उन्होंने उन कुप्रथाओं को व्यापक सामाजिक दुष्प्रभाव के रूप में प्रकट किया है। उपन्यास की समस्या कथा में बड़ी कुशलता से पिरोई गयी है। निर्मला की माँ दहेज न दे सकने के कारण उसका विवाह तोताराम के साथ करती है। तोताराम आयु में निर्मला के पिता के समान है।
 

प्रतिज्ञा

'चाँद' पत्रिका में निर्मला के धारावाहिक रूप से प्रकाशित हो चुकने के एक मास पश्चात् ही जनवरी सन् 1927 ई. से प्रतिज्ञा 'उपन्यास' धारावाहिक रूप से छपना प्रारम्भ हो गया था। इस उपन्यास में प्रेमचन्द ने अपने 20 वर्ष पुराने उपन्यास 'प्रेमा' के कथानक को आधार बनाया और उन्हीं पात्रों को लेकर उपन्यास की रचना की । 'प्रतिज्ञा' एक समस्या प्रधान कहानी के ढाँचे में निर्मित हुआ। विधवाओं की समस्या मुख्य कहानी के रूप में प्रस्तुत की गई है। इसी के अन्तर्गत प्रेमा और पूर्णा की कथाएँ आती हैं। प्रेमा की कहानी प्रेम और कर्तव्य की कहानी है। विषय की दृष्टि से पूर्णा की कथा प्रधान कहानी की समस्या के अधिक निकट है। उपन्यासकार के कर्त्तव्य की अभिव्यक्ति भी पूर्णा की कथा द्वारा सम्भव हुई है। प्रेमा और पूर्णा की कथाओं को अनुस्यूत करने के लिए प्रेमचन्द ने जिस कौशल से काम लिया है, यह पर्याप्त सफल है। दोनों कहानियों के सम्बन्ध-सूत्र यथेष्ट दृढ़ हैं।
 

गबन

इसका प्रकाशन सन् 1930 ई. में हुआ। 'गबन' मध्यमवर्गीय समाज का चित्रण करता है इसमें नारी की सामाजिक-आर्थिक स्थिति पर दृष्टिपात किया गया है। इस उपन्यास में प्रेमचन्द ने भारतीय पुलिस विभाग की कार्य प्रणाली का बड़ी निर्भीकता से पर्दाफाश किया है। इस उपन्यास में प्रेमचन्द ने उन नेताओं की आलोचना की है जो देश के हित से अधिक व्यक्तिगत हित साधन में लगे रहते हैं। शोषण का प्रतिकार प्रेमचन्द की आत्मा का स्वर है। 'गबन' में समस्याएँ कथा द्वारा प्रस्तुत की गई हैं। वे कहानी से पृथक् नहीं हैं, इसलिए उपन्यास की कलात्मकता अक्षुण्ण है।
 

कर्मभूमि

इसका प्रकाशन सन् 1932 ई. में हुआ। 'कर्म-भूमि' का प्रणयन गाँधीजी के सविनय अवज्ञा आन्दोलन और उत्तर प्रदेश के किसानों के लगानबन्दी आन्दोलन की पृष्ठभूमि पर हुआ है। 'कर्मभूमि' की रचना के कुछ ही समय पूर्व 1928 में बारदोली के किसानों का आन्दोलन सफलतापूर्वक समाप्त हो चुका था। इस उपन्यास में प्रेमचन्द ने हमारे समाज की आर्थिक विषमता का सजीव चित्र प्रस्तुत किया है। इस उपन्यास की सामाजिक समस्याओं के अन्तर्गत तीन प्रश्नों पर व्यापकता से विचार किया गया है। ये हैं- पारिवारिक जीवन की समस्या, पतित स्त्रियों की समस्या और छुआछूत का प्रश्न । 'कर्मभूमि' की धार्मिक प्रवृत्तियों के मेल में पाखण्ड है। शिक्षा संस्थाओं की अर्थनीति का भी इस उपन्यास में यथार्थ चित्रण किया गया है। जनहित की दृष्टि से बनी म्युनिसिपैलिटी जैसी संस्थाएँ भी समर्थ और सम्पन्न व्यक्तियों के स्वार्थों को अग्रसर करने का साधन बन गई हैं। 'कर्मभूमि' के समाज पर गाँधी-युग की प्रवृत्तियों का व्यापक प्रभाव पड़ा है।

गोदान

इसका प्रकाशन सन् 1936 ई. में बनारस से हुआ। प्रेमचन्द की उपन्यास कला के सर्वोत्कृष्ट रूप के दर्शन उनके अन्तिम उपन्यास 'गोदान' में हुए थे। 'गोदान' को एक स्वर से हिन्दी का सर्वोत्कृष्ट उपन्यास घोषित कर दिया गया था। प्रेमचन्द सैद्धान्तिक यथार्थवाद के पोषक थे। सैद्धान्तिक स्तर पर सामाजिक यथार्थवाद का प्रतिनिधित्व अपने पूर्ण अर्थों में सर्वप्रथम 'गोदान' में ही हुआ।
 
'गोदान' प्रेमचन्द का सर्वश्रेष्ठ उपन्यास है। जमींदारी पद्धति द्वारा शोषण के अन्तर्गत जमींदार, उसके कारिंदे आते हैं, महाजनी शोषण का भी बड़ा चित्रण 'गोदान' में हुआ है। ब्रिटिश नौकरशाही के 'हाकिम हुक्काम' अमले भी परोक्ष रूप से किसानों का शोषण करते हैं। गाँव के पंचों और बिरादरी का भय भी गरीबों को खा रहा है। प्रेमचन्द ने सम्पत्ति को ही सब प्रकार की विपत्ति का मूल कारण माना है-वह चाहे सामंतीय सम्पत्ति हो या पूँजीवादी। 'गोदान' तक आते-आते ईश्वर और तथाकथित धर्म के प्रति प्रेमचन्द का मन विशेष रूप से अविश्वासी हो गया था। नगरों में पाश्चात्य प्रभाव के कारण नर-नारियों में स्वच्छन्द विहार और फैशनपरस्ती की बुराई हद तक बढ़ती जा रही थी। गाँवों में अशिक्षा के कारण किसानों में अंधविश्वास, छुआछूत, जाति-पाँत, विधवा की विडम्बना, सास-बहू, ननद-भौजाई, पति-पत्नी, पिता-पुत्र, देवरानी-जेठानी के पारिवारिक झगड़े आदि बुराइयाँ पाई जाती हैं। प्रेमचन्द का उद्देश्य इन सब बुराइयों के प्रति हमारी घृणा जगाकर समाज की इस कुरूपता को बदलने की प्रेरणा देता है।

मंगल सूत्र

प्रेमचन्द का अन्तिम उपन्यास 'मंगल-सूत्र' जिसकी रचना वे 1936 ई. में कर रहे थे। इसके चार परिच्छेद ही लिखे जा सके थे कि उपन्यासकार का देहावसान हो गया। मंगल-सूत्र' वर्तमान सामाजिक और आर्थिक व्यवस्था के प्रति उपन्यासकार का बढ़ता असन्तोष व्यक्त करता है। इनमें नारी समस्या पर भी दृष्टिपात किया गया है। 'मंगल-सूत्र' अपूर्ण उपन्यास है, जिससे इसके लक्ष्य-संधान के सम्बन्ध में अन्तिम मत नहीं दिया जा सकता। "किन्तु यह निःसंशय है कि इसके प्रत्येक परिच्छेद में आर्थिक सामाजिक अन्याय के विरुद्ध विद्रोह का विधान लोकमंगल के अदम्य विश्वास से अनुप्राणित है।
 
संक्षेप में प्रेमचन्द के समस्त उपन्यासों का अध्ययन करने के पश्चात् हम कह सकते हैं कि प्रेमचन्द सुधारवादी थे और इसलिए वे वस्तु का चित्रण यथार्थ में करते हुए भी आदर्श उपस्थित करने का प्रयास करते हैं।
 

मंगलाचरण

प्रेमचन्द के कुछ प्रारम्भिक उपन्यास जो अभी तक अनुपलब्ध थे, 'मंगलाचरण' शीर्षक से प्रकाशित हुए। 'मंगलाचरण' में उनके चार प्रारम्भिक उपन्यास 'असरारे मआबिद उर्फ देवस्थान रहस्य', 'हमखुर्मा हमअसवाद', 'प्रेमी' तथा 'रूठी रानी' संकलित हैं। इनमें से दो उपन्यास 'असरारे मआबिद' एवं 'रूठी रानी' हिन्दी के लिए अज्ञात थे। प्रेमचन्द ने उन्हें उर्दू में लिखा और ये दोनों ही उर्दू पत्रिकाओं में क्रमशः छपे थे। 'असरारे मुआबिद प्रेमचन्द की रचनाओं में सबसे पुरानी है। 'प्रेमा' हिन्दी में प्रकाशित होने वाला प्रेमचन्द का प्रथम उपन्यास है। यह बाबू नवाबराय 'बनारसी' के नाम से प्रकाशित हुआ था। 

'किशना' (कृष्णा) का प्रकाशन सन् 1908 ई. में बनारस से हुआ था। 'रूठी रानी' का प्रकाशन उर्दू साप्ताहिक 'जमाना' में अप्रैल 1907 से अगस्त 1907 तक धारवाहिक रूप में हुआ था। 'वरदान' उपन्यास की रचना सन् 1905-06 के बीच में हुई थी। इस उपन्यास की मुख्य कथा प्रतापचन्द के जीवन की कथा है। 'वरदान' उपन्यास में वर्णनात्मक तथा नाटकीय विधियों से ही पात्रों का अधिकांश चरित्रांकन हुआ है। 'वरदान' के शिल्प-विधान के आधार पर इसे एक साधारण कथाकार का साधारण उपन्यास ही माना जा सकता है।

इस प्रकार, प्रेमचंद की औपन्यासिक यात्रा आदर्शोन्मुख यथार्थवाद की यात्रा है। 'सेवासदन' से आरंभ होकर यह 'रंगभूमि', 'निर्मला', 'गबन' और 'कर्मभूमि' से गुज़रती हुई 'गोदान' में अपने चरम पर पहुँचती है, जबकि अधूरा 'मंगलसूत्र' उनके बढ़ते सामाजिक असंतोष को दर्शाता है।उन्होंने दहेज, अनमेल विवाह, विधवा-समस्या, छुआछूत, महाजनी और जमींदारी शोषण जैसे प्रश्नों को कथा के सहज प्रवाह में प्रस्तुत किया, इसलिए उनके उपन्यास उपदेश नहीं बनते, कला बने रहते हैं। संवादों में देशकाल की झलक और लोकभाषा का सहज प्रयोग उनके शिल्प की विशेषता है।

किसान, स्त्री और आर्थिक विषमता के प्रश्न आज भी प्रासंगिक हैं, इसीलिए प्रेमचंद के उपन्यास केवल अपने युग का दस्तावेज़ नहीं, बल्कि आज के समाज को समझने की दृष्टि भी देते हैं।

COMMENTS

Leave a Reply

इन्हे भी अवश्य पढ़ें -

Loaded All Posts Not found any posts VIEW ALL Readmore Reply Cancel reply Delete By Home PAGES POSTS View All RECOMMENDED FOR YOU LABEL ARCHIVE SEARCH ALL POSTS Not found any post match with your request Back Home Sunday Monday Tuesday Wednesday Thursday Friday Saturday Sun Mon Tue Wed Thu Fri Sat January February March April May June July August September October November December Jan Feb Mar Apr May Jun Jul Aug Sep Oct Nov Dec just now 1 minute ago $$1$$ minutes ago 1 hour ago $$1$$ hours ago Yesterday $$1$$ days ago $$1$$ weeks ago more than 5 weeks ago Followers Follow THIS PREMIUM CONTENT IS LOCKED STEP 1: Share to a social network STEP 2: Click the link on your social network Copy All Code Select All Code All codes were copied to your clipboard Can not copy the codes / texts, please press [CTRL]+[C] (or CMD+C with Mac) to copy बिषय - तालिका