गीता में योग तत्त्व: कर्मयोग, ज्ञानयोग, भक्तियोग और समत्व का सार। जानिए गीता का योग मन को कैसे जोड़ता है और आधुनिक जीवन में क्यों ज़रूरी है।
गीता में योग तत्त्व: कर्मयोग, ज्ञानयोग और भक्तियोग का सार
भारतीय ज्ञान परंपरा में षड्दर्शनों का विशेष स्थान है। योगदर्शन और वेदान्त विद्वज्जनों के चिन्तन-मनन के विषय रहे हैं। वर्तमान समय में योग का लोकतान्त्रीकरण हुआ है; यह योगियों की ही नहीं, जन सामान्य की विधा बन गया है। योगविद्या का महत्त्व अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर भी स्वीकारा जा रहा है और २१ जून को विश्व भर में अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाने लगा है। महर्षि पतंजलि के योगसूत्र के साथ ही योग की प्रामाणिक व्याख्या के रूप में तत्कालीन प्रबन्धन गुरु योगेश्वर श्रीकृष्ण द्वारा सृजित गीता योग का प्रामाणिक ग्रन्थ है। गीता में योग के मूल तत्त्व ही नहीं मिलते, उनके व्यावहारिक प्रयोग का मार्ग भी मिलता है। गीता के अनुसार योग जीवन का आधार सिद्ध होता है।
भारतीय चिन्तन में योग केवल आसन या व्यायाम नहीं है, वह जीवन जीने की एक समग्र कला है। यह दुःख से विरक्त रहकर जीने की जीवनशैली है। भगवद्गीता को ‘योगशास्त्र’ कहा गया है। उसके प्रत्येक अध्याय के अन्त में लिखा है — ‘इति श्रीमद्भगवद्गीतासु उपनिषत्सु ब्रह्मविद्यायां योगशास्त्रे श्रीकृष्णार्जुनसंवादे…’, अर्थात् गीता ब्रह्मविद्या भी है और योगशास्त्र भी। ब्रह्मविद्या के स्वरूप को समझना और उसे आचरण में ढालना भले ही कठिन हो, योग व्यक्ति के लिए अधिक व्यावहारिक है। यह कहना भी उपयुक्त होगा कि गीता ने योग को गुफाओं से निकालकर जन सामान्य के लिए प्रस्तुत कर दिया है। वर्तमान समय में स्वामी रामदेव जी जैसे योग-प्रचारकों ने योग को साधना से निकालकर जन सामान्य में आरोग्य के उपकरण के रूप में स्थापित कर दिया है।
गीता का योग शरीर को मोड़ने का नहीं, मन को जोड़ने का विज्ञान है। जीवात्मा का परमात्मा से, कर्म का कर्तव्य से, मन का शरीर से, बुद्धि का विवेक से और जीवन का लक्ष्य से जुड़ना ही योग है। श्रीकृष्ण अर्जुन को युद्धभूमि में जो उपदेश देते हैं, वह किसी संन्यासी के लिए नहीं, बल्कि कर्तव्य से भागते हुए एक गृहस्थ योद्धा के लिए है। यही गीता के योग की सबसे बड़ी विशेषता है — पलायन नहीं, पुरुषार्थ। गीता स्पष्ट रूप से घोषित करती है —
न हि कश्चित्क्षणमपि जातु तिष्ठत्यकर्मकृत्।
कार्यते ह्यवशः कर्म सर्वः प्रकृतिजैर्गुणैः॥ (३.५)
अर्थात् कोई भी मनुष्य किसी भी काल में क्षणमात्र भी कर्म किए बिना नहीं रह सकता, क्योंकि मनुष्य प्रकृतिजन्य गुणों द्वारा परवश होकर कर्म करने को बाध्य है। यही नहीं, गीता के दूसरे अध्याय के पचासवें श्लोक में समत्वभाव से किए गए कर्म की कुशलता को ही योग कहा गया है —
बुद्धियुक्तो जहातीह उभे सुकृतदुष्कृते।
तस्माद्योगाय युज्यस्व योगः कर्मसु कौशलम्॥ (२.५०)
अर्थात् समबुद्धियुक्त पुरुष पुण्य और पाप दोनों को इसी लोक में त्याग देता है, अर्थात् उनसे मुक्त हो जाता है। अतः तू समत्वरूप योग में लग जा; यह समत्वरूप योग ही कर्मों में कुशलता है, अर्थात् कर्मबन्धन से छूटने का उपाय है। पाश्चात्य दार्शनिक काण्ट इसे ही ‘कर्तव्य के लिए कर्तव्य’ कहते हैं। कर्म के लिए कर्म करने पर कर्मों में कुशलता आती है। इस कुशलता को प्राप्त करना ही प्रबन्धन का भी लक्ष्य होता है। इस प्रकार योग प्रबन्धकों के लिए भी महत्त्वपूर्ण उपकरण है।
योग का अर्थ
योग का सामान्य अर्थ जुड़ना है। गणित में, समाज में या योग में — कहीं भी इसका प्रयोग करें, अर्थ जुड़ना ही रहेगा। ‘योग’ शब्द ‘युज्’ धातु से बना है, जिसका अर्थ है जोड़ना, मिलाना, एकाग्र करना। मानव का योग से जुड़े बिना पुरुषार्थ-लाभ सम्भव नहीं है। प्रसिद्धि की चिन्ता किए बिना सिद्धि के लिए काम करना योग का विषय है।गीता के सन्दर्भ में विचार करें तो उसमें योग के तीन प्रमुख अर्थ मिलते हैं —
१. समत्वं योग उच्यते (२.४८) — समता ही योग है; अर्थात् सुख-दुःख, लाभ-हानि, जय-पराजय में समान रहना।
२. योगः कर्मसु कौशलम् (२.५०) — समत्वबुद्धि से किए गए कर्मों में कुशलता ही योग है। काम को इस प्रकार करना कि वह बन्धन न बने, साधना बन जाए। प्रबन्धन के दृष्टिकोण से इसे यों भी कहा जा सकता है कि योग से कर्म में कुशलता आती है।
३. तं विद्याद् दुःखसंयोगवियोगं योगसंज्ञितम् (६.२३) — दुःख के संयोग से वियोग ही योग है। योग की परिभाषा ही यह है कि संसार के दुःखों के संयोग से वियोग कराने वाली विद्या योग है।
इस प्रकार सुख-दुःख, लाभ-हानि और जय-पराजय में समत्वभाव प्राप्त कर, गीता का योग मन की स्थिरता, कर्म की निपुणता और दुःख से मुक्ति — तीनों को एक साथ साधता है। गीता में योग के कई रूपों की चर्चा की गई है।
कर्मयोग
कर्तव्य ही कर्म है और कर्म ही पूजा है। गीता का सबसे पहला और सबसे व्यावहारिक योग कर्मयोग है। अर्जुन युद्ध से भागना चाहता है; उसमें पलायन की प्रवृत्ति जाग्रत हो गई है। उसे इस प्रवृत्ति से मुक्त कर कर्म से जोड़ने के लिए योगविद्या का उपदेश देते हुए श्रीकृष्ण कहते हैं —
कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन।
मा कर्मफलहेतुर्भूर्मा ते सङ्गोऽस्त्वकर्मणि॥ (२.४७)
अर्थात् तेरा अधिकार केवल कर्म करने में है, फल में कभी नहीं। तू फल का हेतु मत बन और अकर्म में भी आसक्त मत हो।
कर्मयोग के तीन सूत्र हैं —
क. निष्काम कर्म — काम करो, पर फल की चिन्ता में मत डूबो। फल की चिन्ता ही तनाव, ईर्ष्या और भय को जन्म देती है। फल की चिन्ता कर्म से विरत कर देती है या कर्म को कुशलता से दूर कर देती है। विद्यार्थी पढ़े, शिक्षक पढ़ाए, किसान खेत में श्रम करे — परिणाम ईश्वर पर छोड़ दे। काम की अपेक्षा परिणाम की चिन्ता से कार्यकुशलता नकारात्मक रूप से प्रभावित होती है। अतः पूर्ण कार्यकुशलता के लिए आवश्यक है कि परिणाम की चिन्ता छोड़कर कर्म पर पूर्ण एकाग्र होकर काम किया जाए। परिणाम तो प्रकृति के कार्य-कारण सिद्धान्त के अनुसार मिलेगा ही। ध्यान देने योग्य है कि यहाँ परिणाम को त्यागने की नहीं, परिणाम में आसक्ति त्यागने की बात की गई है। इसी बात को जर्मन दार्शनिक इमैनुएल काण्ट अपने कर्तव्यवाद सिद्धान्त में ‘कर्तव्य के लिए कर्तव्य’ (Duty for Duty’s sake) कहते हैं।
ख. कर्तापन का त्याग — ‘मैं कर रहा हूँ’ — यह अहंकार ही बन्धन है। गीता कहती है कि प्रकृति के गुणों से ही सब कर्म हो रहे हैं; अज्ञानी ही ‘मैं कर्ता हूँ’ मान बैठता है। कर्म के बिना एक क्षण भी रहना सम्भव ही नहीं है। हम केवल क्या करना है और कैसे करना है — इसे प्रभावित कर सकते हैं। समर्पण के साथ कार्य करके कर्म की कुशलता सुनिश्चित कर सकते हैं और अपने समय का प्रभावी उपयोग कर सकते हैं।
ग. लोकसंग्रह — काम केवल अपने लिए नहीं, समाज के कल्याण के लिए करो (सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः)। यही कर्म को यज्ञ बना देता है और यही अनासक्ति को जन्म देता है। जब हम लोककल्याण के लिए काम करते हैं, तब समत्वभाव में स्थिर रहकर योग के मार्ग पर रह सकते हैं।
आज के शिक्षक, विद्यार्थी, कर्मचारी, किसान — सबके लिए कर्मयोग ही गीता का सबसे बड़ा उपहार है। कर्तव्य से भागना योग नहीं, कर्तव्य में रम जाना योग है। परिणाम को अस्वीकार या त्याग नहीं करना है, केवल उसमें आसक्ति नहीं रखनी है। प्रकृति के कार्य-कारण सिद्धान्त के अनुसार परिणाम तो स्वाभाविक रूप से आएगा ही, किन्तु हमें न उसकी प्रतीक्षा करनी है और न परिणाम के लिए काम करना है; काण्ट के सिद्धान्त के अनुसार कर्म के लिए ही कर्म करना है।
ज्ञानयोग
गीता का दूसरा स्तम्भ ज्ञानयोग है। श्रीकृष्ण कहते हैं —न हि ज्ञानेन सदृशं पवित्रमिह विद्यते। (४.३८)
अर्थात् इस संसार में ज्ञान के समान पवित्र कुछ भी नहीं है। ज्ञानयोग कहता है कि शरीर नाशवान है, आत्मा अविनाशी है। ज्ञानयोग ही हमें समत्वभाव से जीवन जीने की प्रेरणा देता है और निडर होकर कर्मरत रहने का आधार देता है।
नैनं छिन्दन्ति शस्त्राणि नैनं दहति पावकः।
न चैनं क्लेदयन्त्यापो न शोषयति मारुतः॥ (२.२३)
आत्मा को न शस्त्र काट सकते हैं, न अग्नि जला सकती है, न जल गला सकता है, न वायु सुखा सकती है। जब मनुष्य यह जान लेता है कि मैं शरीर नहीं, आत्मा हूँ, तब मृत्यु का भय, हानि का शोक और अपमान का दुःख समाप्त हो जाता है। ज्ञानयोग विवेक जगाता है — क्या नित्य है, क्या अनित्य है? क्या सत्य है, क्या मिथ्या है? ज्ञानयोग के माध्यम से कर्मयोग सहज हो सकता है।
ज्ञानयोग का अर्थ किताबी ज्ञान नहीं, आत्मानुभव है। स्वयं को जानना और जानकर ही कर्मरत होना वास्तव में ज्ञानयोग है। ज्ञान और कर्म को अलग करना सम्भव ही नहीं है। ज्ञान के बिना कर्म करना अँधेरे में तीर चलाने के समान है और कर्म के बिना ज्ञान की कोई उपयोगिता नहीं है। जयशंकर प्रसाद-रचित महाकाव्य ‘कामायनी’ के रहस्य सर्ग की ये पंक्तियाँ सन्दर्भ योग्य हैं —
ज्ञान भिन्न कुछ, क्रिया भिन्न है,
इच्छा क्यों पूरी हो मन की।
एक-दूसरे से मिल न सके,
यह विडम्बना है जीवन की।
जयशंकर प्रसाद के अनुसार ज्ञान और कर्म की भिन्नता ही जीवन की विडम्बना है। यथार्थ में जो ज्ञान जीवन में उतर जाए, वही सच्चा ज्ञान है। ज्ञानयोग का जीवन में उतरना ही कर्मयोग है।
भक्तियोग
प्रेम ही परम योग है। श्रीमद्भगवद्गीता के अध्याय ९ और अध्याय १८ में योगेश्वर श्रीकृष्ण अर्जुन को भक्ति और समर्पण का उपदेश देते हैं। गीता के अन्त में श्रीकृष्ण सबसे सरल और सबसे मधुर मार्ग बताते हैं — भक्ति।
मन्मना भव मद्भक्तो मद्याजी मां नमस्कुरु।
मामेवैष्यसि युक्त्वैवमात्मानं मत्परायणः॥ (९.३४)
मन्मना भव मद्भक्तो मद्याजी मां नमस्कुरु।
मामेवैष्यसि सत्यं ते प्रतिजाने प्रियोऽसि मे॥ (१८.६५)
मन को मुझमें लगा, मेरा भक्त बन, मुझे प्रणाम कर — तू मुझे ही प्राप्त होगा। भक्तियोग में अहंकार गल जाता है। भक्त अपना सब कुछ भगवान को समर्पित कर देता है। भक्ति में जाति, विद्या, धन का भेद नहीं है। गीता कहती है — ‘पत्रं पुष्पं फलं तोयम्’ (९.२६) — एक पत्ता, एक फूल, एक फल, थोड़ा जल भी यदि प्रेम से दिया जाए, तो भगवान उसे स्वीकार करते हैं। जहाँ अहंकार गल जाता है और इष्ट के प्रति पूर्ण समर्पण हो जाता है, वहाँ कर्म में रजस और तमस की सम्भावना ही समाप्त हो जाती है। भक्त की आसक्ति कर्म के परिणाम में नहीं रहती; अतः उसका प्रत्येक कर्म कर्मयोग के अनुरूप होता है। भक्तियोग और कर्मयोग का मिलन हो जाता है। निरासक्त कर्म पूजा बन जाता है, और ऐसा कर्म ही कर्म में कुशलता सुनिश्चित कर सकता है।
भक्तियोग हृदय का योग है। जहाँ ज्ञान थक जाता है, वहाँ प्रेम पहुँच जाता है। कर्म तो ज्ञान और भक्ति — दोनों का ही अनुसरण करता है। मीरा, सूर, तुलसी, चैतन्य — सब इसी मार्ग के पथिक हैं।
राजयोग
वर्तमान समय में समाज में प्रायः राजयोग को ही योग के नाम से जाना जाता है। महर्षि पतंजलि ने अष्टांग योग — यम, नियम, आसन, प्राणायाम, प्रत्याहार, धारणा, ध्यान और समाधि — प्रस्तुत किया, जिनमें पहले पाँच बहिरंग और अन्तिम तीन अंतरंग अंग माने जाते हैं। ये सभी योग के अंग हैं, जो योगिक क्रियाओं के लक्ष्य ‘चित्तवृत्ति-निरोध’ अर्थात् मन को जीतने में सहायक होते हैं। श्रीमद्भगवद्गीता के छठे अध्याय में, जो ‘ध्यानयोग’ या ‘आत्मसंयमयोग’ कहलाता है, श्रीकृष्ण मन को वश में करने की विधि बताते हैं।
अर्जुन कहता है — हे कृष्ण! मन बड़ा चंचल है, उसे वश में करना वायु को वश में करने जैसा कठिन है। श्रीकृष्ण उत्तर देते हैं —
असंशयं महाबाहो मनो दुर्निग्रहं चलम्।
अभ्यासेन तु कौन्तेय वैराग्येण च गृह्यते॥ (६.३५)
निःसंदेह मन चंचल और कठिनता से वश में आने वाला है, परन्तु हे कुन्तीपुत्र! अभ्यास और वैराग्य से वह वश में आ जाता है। योग-अभ्यास के सूत्र हैं — एकान्त स्थान, स्थिर आसन, सीधी रीढ़, सम दृष्टि, इन्द्रिय-निग्रह और निरन्तर अभ्यास। आज की भाषा में यही ‘मेडिटेशन’ है। आचार्य रजनीश ओशो प्रतिक्षण ध्यानस्थ रहने की बात करते हैं। प्रत्येक क्रिया को ध्यानस्थ होकर करें, तभी कर्म में कुशलता और गुणवत्ता आएगी। यही जीवन जीने की कला है। जो विद्यार्थी परीक्षा के तनाव में है, जो शिक्षक कार्यभार से थका है, जो गृहस्थ चिन्ताओं से घिरा है — सबके लिए योग मन और शरीर दोनों की औषधि है।
वर्तमान समय में योग राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर चर्चित विषय है। कोई भी विषय जब व्यापक रूप लेता है, तब उसके अनेक नामकरण हो जाते हैं। योग की भी आज यही स्थिति है। सांख्ययोग, ज्ञानयोग, भक्तियोग, ध्यानयोग, हठयोग, मन्त्रयोग, यहाँ तक कि तन्त्रयोग जैसे अनेक नाम और शाखाएँ प्रचलित हैं। यहाँ ऋग्वेद का सूत्र ‘एकं सद्विप्रा बहुधा वदन्ति’ (१.१६४.४६) उल्लेखनीय है। योग के सन्दर्भ में भी यही लागू होता है। योग तो मन और शरीर, या जड़ और चेतन को जोड़ने वाला समग्र एक ही है; उसके विभिन्न अंगों को विभिन्न नाम दे दिए गए हैं।
समत्वयोग
गीता की आत्मा, या गीता का सार यदि एक शब्द में कहना हो, तो वह है ‘समत्व’।
सुखदुःखे समे कृत्वा लाभालाभौ जयाजयौ। (२.३८)
सिद्ध्यसिद्ध्योः समो भूत्वा समत्वं योग उच्यते॥ (२.४८)
सुख-दुःख, लाभ-हानि, जय-पराजय और सिद्धि-असिद्धि में समान भाव रखने में सक्षम बनाकर दुःखों के संयोग से वियोग कराने वाली विद्या ही योग है। सफलता में फूलो मत, असफलता में टूटो मत, निन्दा-स्तुति में विचलित मत हो। बच्चन जी ने मधुशाला में लिखा है —
करे कोई निन्दा दिन-रात।
सुयश का पीटे चाहे ढोल।
किए कानों को अपने बन्द,
रही बुलबुल डालों पर डोल।
सुरा पी, मधु पी, कर मधुपान॥
यही स्थितप्रज्ञता है। स्थितप्रज्ञ व्यक्ति कैसा होता है? गीता कहती है — जैसे कछुआ अपने अंगों को समेट लेता है, वैसे ही स्थितप्रज्ञ अपनी इन्द्रियों को विषयों से समेट लेता है (प्रत्याहार) (२.५८)। वह कर्तव्य करता है, पर आसक्ति नहीं रखता। वह संसार में रहता है, पर संसार उसमें नहीं रहता — जैसे कमल जल में रहकर भी जल से अछूता रहता है (५.१०)।
योग और आधुनिक जीवन
आज मनुष्य के पास साधन बहुत हैं, शान्ति कम है। सूचना बहुत है, ज्ञान कम है, व्यवहार तो अत्यल्प है। गति बहुत है, दिशा कम है। दिशा के बिना प्रगति कहाँ? गीता का योग इसी संकट का समाधान है। योग सभी के लिए उपयोगी है। विद्यार्थी योग से एकाग्रता, अनुशासन और निष्काम परिश्रम करना सीखता है। शिक्षक योग के द्वारा निःस्वार्थ सेवा और समता की साधना करता है। गृहस्थ के लिए योग का अर्थ है — कर्तव्यपालन और जीवन में संतुलन बनाते हुए चारों पुरुषार्थों की सिद्धि। समाज के लिए योग का अर्थ है — लोकसंग्रह और राष्ट्रप्रेम के माध्यम से सभी का कल्याण सुनिश्चित करना, अर्थात् ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः’ को साकार करना।
योग हमें सिखाता है कि भागो मत, जागो। कर्म से भागकर मोक्ष नहीं मिलेगा; कर्म में ही मोक्ष छिपा है। मुक्ति की कामना से मुक्त होकर कर्म के आनन्द में डूब जाना ही सच्ची मुक्ति है। गीता में योग कोई एक मार्ग नहीं, अनेक मार्गों का संगम है। कर्मयोग हाथ का योग है, ज्ञानयोग मस्तिष्क का योग है, भक्तियोग हृदय का योग है। जो व्यक्ति इस योग को जीवन में उतार लेता है, उसके लिए हर कार्य पूजा बन जाता है, हर दिन साधना बन जाता है और हर श्वास प्राणायाम बन जाती है।
- डॉ. संतोष गौड़ राष्ट्रप्रेमी
प्राचार्य, जवाहर नवोदय विद्यालय, कालेवाला, ठाकुरद्वारा, मुरादाबाद – 244601 (उत्तर प्रदेश)
चलवार्ता: 09996388169 ,ई-मेल: santoshgaurrashtrapremi@gmail.com

COMMENTS