निराला के उपन्यास 'निरुपमा' में यामिनी बाबू एक खल पात्र हैं। जानिए उनके लालच, छल और कपट का चरित्र-चित्रण और कमल की चतुराई से उनका पराभव।
यामिनी बाबू
सूर्यकांत त्रिपाठी 'निराला' हिंदी साहित्य में कवि के रूप में जितने प्रतिष्ठित हैं, कथाकार के रूप में भी उतने ही सजग और साहसी हैं। उनके उपन्यासों में तत्कालीन समाज की रूढ़ियों, पाखंड और स्वार्थ पर तीखी दृष्टि दिखाई देती है। 'निरुपमा' इसी परंपरा का उपन्यास है, जिसमें प्रेम, विवाह और स्त्री की स्वेच्छा के प्रश्नों को सामाजिक यथार्थ के बीच रखकर देखा गया है। निरुपमा और कुमार का प्रेम इस कथा का केंद्र है, पर इस प्रेम की परीक्षा जिन पात्रों के माध्यम से होती है, उनमें यामिनी बाबू का स्थान विशेष है।
यामिनी बाबू निरुपमा के मामा योगेश बाबू की साली की ननद के पुत्र हैं। कानपुर में उनके बाबा जज थे, पिता वकील। यामिनी बाबू ने अंग्रेजी में पी-एच.डी. किया है तथा लखनऊ विश्वविद्यालय में बंगाली होने के कारण उन्हें वह जगह मिल गयी जो बाबू कामिनीचरण चटर्जी की छुट्टी से रिक्त हो रही थी। एक बंगाली की जगह दूसरे बंगाली को ही मिल सकती थी क्योंकि साक्षात्कार लेने वालों में ज्यादातर बंगाली लोग ही थे जिनकी इस सम्बन्ध में एक राय थी । इसीलिए कुमार को यह जगह नहीं मिल सकी भले ही वह लंदन से डी. लिट् था ।
योगेश बाबू जानते थे कि निरुपमा सुन्दरी है। यह विलायती बेवकूफ जरुर इसके चक्कर में फँसेगा इसीलिए उन्होंने यामिनी बाबू को निरुपमा के साथ घूमने-फिरने की छुट्टी दे दी है। सुरेश और नीली भी यामिनी की मोटर में निरुपमा के साथ घूमने जाते हैं किन्तु सुरेश बाबू उन दोनों को एकान्त में घूमने और बात करने का अवसर दे देते हैं ।
यामिनी के पास कुमार के पिता द्वारा रेहन रखे कानपुर के मकान थे जिन्हें वह खरीदना चाहता था किन्तु रुपये उसके पास न थे। योगेश बाबू चाहते थे कि इन रुपयों का प्रबन्ध निरुपमा उनसे (योगेश बाबू से) कर्ज लेकर कर लें, पक्की लिखा-पढ़ी करा ली जाय । इस तरह सामाजिक कलंक भी न लगेगा कि मामा ने भाँजी की जमींदारी हड़प ली और उनका नाम भी पूरा हो जाय । यामिनी बाबू प्रो. दुबे की कन्या सुशीला दुबे से प्रेम की पींगे बढ़ा रहे थे जो बी. ए. की छात्रा थी। प्रो. दुबे किसी कारण क्रिश्चियन हो गये थे। यामिनी बाबू पहले तो उनसे धर्म परिवर्तन की सलाह लेते रहे किन्तु प्रो. दुबे ने उदारता दिखाते हुए कहा कि आप बिना धर्म परिवर्तन किये सिविल मैरिज कर सकते हैं। मिस दुबे भी इन्हें प्यार करने लगीं और विवाह से पूर्व ही गर्भवती हो गयी। इसके कुछ दिनों बाद यामिनी बाबू के विवाह की बात निरुपमा से चली, जो यामिनी को आर्थिक दृष्टि से अधिक फायदेमंद लगी क्योंकि निरुपमा एक गाँव की जमींदारी की मालकिन थी अत: यामिनी बाबू ने मिस दुबे के घर जाना और उनसे मिलना-जुलना बन्द कर दिया । तब मिस दुबे ने अपनी सहपाठिनी कमल को पत्र में सारा हाल लिखा । कमल ने अपने पिता से जो एक वकील थे, राय-मशवरा किया और प्रो. दुबे को आर्यसमाजी विधि से पुन: धर्म परिवर्तन की सलाह दी।
कमल ने बड़ी होशियारी से यामिनी बाबू का विवाह अबगुंठनवती मिस सुशीला दुबे से करवा दिया । जब कमरे में यामिनी बाबू ने वधू का मुख देखा तो गुस्से से विफर उठे और कहा कि मेरे साथ धोखा हुआ है किन्तु कमल ने सारा किस्सा विवाह में उपस्थित गणमान्य महिलाओं को सुना दिया जिससे महिलाएँ प्रसन्न हो गयीं और यामिनी बाबू को साँप सूँघ गया क्योंकि असलियत सामने आ चुकी थी। मिस दुबे को पत्नी रूप में स्वीकार करने के अतिरिक्त उनके पास कोई विकल्प शेष ही नहीं बचा था, क्योंकि इधर कुमार और निरुपमा का विवाह भी कमल ने उसी मुहूर्त में करा दिया था ।
यामिनी बाबू की अवतारणा इस उपन्यास में खल पात्र के रूप में ही हुई है कुमार और निरुपमा के प्रेम के बीच उनकी उपस्थिति किसी खलनायक जैसी है । योगेश बाबू ने उन्हें अपने स्वार्थ के कारण 'निरू- के लिए मनोनीत किया था और वे निरू की सुन्दरता एवं सम्पत्ति के लालच में मिस दुबे से अपने सम्बन्ध को विस्तृत कर रहे थे । यामिनी बाबू लालची, धोखेबाज, दुश्चरित्र एवं कपटी व्यक्ति हैं। वे चाहते हैं कि निरुपमा उनके लिए अपने विवाह से पूर्व ही अपने मामा से कर्ज ले और वे उस पैसे से कानपुर के रेहन रखे मकान खरीद ले किन्तु निरुपमा उनकी इच्छा को पूरा नहीं करती। अन्त में कमल की बुद्धिमत्ता से निरुपमा यामिनी बाबू की वास्तविकता से परिचित हो जाती है और उनसे सम्बन्ध तोड़कर स्वेच्छा से कुमार से विवाह कर लेती है।
अंततः यामिनी बाबू एक व्यक्ति-मात्र नहीं, उस शिक्षित और प्रतिष्ठित दिखने वाले वर्ग के प्रतिनिधि हैं, जिसके लिए संबंध भी लाभ-हानि का सौदा हैं। निराला ने इस पात्र के माध्यम से ऐसे पाखंड पर प्रहार किया है और यह संदेश दिया है कि स्त्री का विवेक और उसकी स्वेच्छा ही सच्चे वैवाहिक संबंध का आधार हो सकते हैं।

COMMENTS