निराला के उपन्यास निरुपमा में नीलिमा (नीली) ममेरी बहन, संदेशवाहिका और मिलन की सूत्रधार के रूप में कथा का महत्वपूर्ण पात्र है। जानिए उसका चरित्र-चित्रण
निराला के उपन्यास निरुपमा में नीलिमा का चरित्र चित्रण
हिंदी उपन्यास साहित्य में सूर्यकांत त्रिपाठी 'निराला' का स्थान केवल एक कवि के रूप में ही नहीं, बल्कि एक सजग कथाकार के रूप में भी महत्वपूर्ण है। उनके उपन्यासों में तत्कालीन समाज की रूढ़ियाँ, जातिगत पूर्वाग्रह, स्त्री की स्थिति और व्यक्ति की स्वतंत्र चेतना के प्रश्न गहरी संवेदना के साथ उभरते हैं। निरुपमा इसी सामाजिक चेतना का प्रतिनिधि उपन्यास है, जिसमें नायिका निरुपमा अपने पिता की सामाजिक मर्यादाओं और अपने हृदय की पसंद के बीच संघर्ष करती हुई अंततः अपने प्रेम को स्वीकार करती है।
नीलिमा उर्फ नीली 'निरुपमा' उपन्यास की एक सहायक चरित्र है, जिसकी उपस्थिति 'निरुपमा' के चरित्र को सहायता पहुँचाने में मदद करती है । नीलिमा निरुपमा की ममेरी बहिन है और अभी बालिका ही है। योगेश बाबू की यह बेटी 'निरुपमा' को हर जगह 'सहयोग' देती है। जब वह यामिनी बाबू के साथ हवाखोरी करने जाती है तब 'नीली' उसका साथ देती है । यही नहीं जब निरुपमा अपनी जमींदारी में रामपुर गाँव जाती है तब भी नीलिमा उसके साथ जाती है ।
नीलिमा को यह अच्छा नहीं लगता कि उसकी दीदी उसे पढ़ाई-लिखाई के नाम पर डाँटे । नीली से निरुपमा एक प्रश्न पूछती है कि सामने वाले बैडमिंटन ग्राउंड की घास दो घोड़े दो दिन में चरें तो एक घोड़ा कितने दिन में चरेगा ? बालिका ने भोलेपन से जबाव दिया—एक दिन में और 'चट्ट' से एक चपत गाल पर पड़ी । वह सजल आँखों से एकटक बहन की चढ़ी त्योरियाँ देखने लगी । उसे लगता है कि उसका जवाब ठीक है, फिर भी दीदी ने उसे मार दिया। कुमार ने उसे बताया कि दीदी ने इसलिए तुम्हें मारा क्योंकि तुम्हारा जवाब गलत था । एक घोड़ा चार दिन में उस ग्राउण्ड की घास को चर पायेगा।
नीली जानती है कि दीदी कुमार की ओर प्रेम भरी दृष्टि से देखती है। नीली भी कुमार से सहानुभूति रखती है। उसे जब पता चलता है कि होटल के नौकर कुमार का काम नहीं करना चाहते क्योंकि वह जूता पॉलिश करता है तब नीली यह सोचकर परेशान हो जाती है कि अब कुमार कहाँ रहेगा ?
रामपुर गाँव में अपनी दीदी के साथ जाने पर वह कुमार बाबू का घर पूछकर उनकी माँ से मिलने जाती है और वहाँ जलपान ग्रहण कर रामचन्द्र के साथ अपने घर लौटती है। दीदी को सब बातें बताती है । रामचन्द्र आठवीं क्लास में पढ़ता है । निरुपमा उसकी पढ़ाई के लिए 20 रुपये प्रतिमास का वजीफा बाँध देती है । रामचन्द्र और नीली खूब बातें करते हैं।लखनऊ में भी कुमार बाबू के घर वह अपनी दीदी के साथ जाती है और वहाँ रामचन्द्र के साथ खूब घनिष्ठता बढ़ा लेती है ।
नीली से ही सुरेश बाबू और योगेश बाबू निरुपमा की गतिविधियों की जानकारी लेते रहते हैं कि निरुपमा कहाँ गयी थी, किसके साथ गयी थी, क्यों गयी थी । वही योगेश बाबू को बताती है कि मैं दीदी के साथ कुमार बाबू के घर गयी थी, कुमार की माँ ने जलपान कराया फिर कुमार बाबू कमल के साथ आए और फिर दीदी चली आई । योगेश बाबू यह सब सुनकर कुमार के प्रति अपना आक्रोश निरुपमा के समक्ष इन शब्दों में व्यक्त करते हैं—
"वह हिन्दुस्तानी, भ्रष्ट कहीं का, आवारा, विलायत में कितने चमार, डॉक्टर हैं।डॉक्टर होने से कोई किला नहीं फतेह कर लिया। समाज में किस तरह रहना चाहिए, ज्ञान नहीं । अकेले आकाश पर जायेंगे। जो कुछ था उड़ गया, अपने भी पराये हो गये । कोई पानी छुआ नहीं पीता अब मिला भी वैसा ही समाज, बाप चटर्जी, माँ चमारिन, लड़की ?"
योगेश बाबू कमल और उसकी माँ के बारे में उल्टी-सीधी बातें कहकर अपने मन का गुबार निकालने लगे।नीली ने ही रामचन्द्र के घर जाकर कुमार की माँ सावित्री देवी और कुमार को यह सूचना दी कि "दीदी का विवाह आज पक्का हो गया है, अगले सप्ताह सोमवार को विवाह है।"
सुनकर सावित्री देवी चौंकी किन्तु कुमार कुछ न कह सका । तभी पोस्टमैन निरुपमा की सावित्री देवी के नाम चिट्टी लेकर आया । नीली ने चिट्ठी हाथ में लेकर उस पर दीदी की लिखावट पहचानकर कहा दीदी की चिट्टी है । मन-ही-मन उसने सोचा कि दीदी यामिनी बाबू से विवाह नहीं करना चाहती, शायद इसीलिए चिट्ठी लिखी है। खुलकर कहा-"दीदी यामिनी बाबू को चाहती नहीं, बाबा जबरन विवाह कर रहे ।" सावित्री देवी ने उसी तरह हाथ में लिफाफा लिए पूछा, "फिर दीदी तुम्हारी किसको चाहती है ।" नीली कुमार की ओर देखकर मुस्कराने लगी और कुमार का मुँह लाल हो गया । नीली से ही सावित्री देवी ने यह जाना कि निरुपमा कहाँ बैठकर चिट्ठी लिखती है । चिट्ठी के कुछ शब्द आँसुओं से घुल गये थे जिससे सावित्री ने अनुमान लगा लिया कि निरुपमा दुःखी है । निरुपमा ने चिट्ठी में लिखा था-"माँ मैंने आपके मकान खरीद लिये, अगले सोमवार को मेरा विवाह है। विवाह हो जाने पर मैं रामचन्द्र के नाम लिखा-पढी करूंगी।" सावित्री ने नीली से कहा तू अपनी दीदी को यह सन्देश दे कि वह मुझसे कल अवश्य मिलें जब तक तुमसे न मिलूँगी अन्न जल ग्रहण न करूँगी।
नीली ने यह सन्देश निरूपमा को दे दिया और निरुपमा उसके साथ सावित्री से मिलने चल पड़ी। नीली ने वहाँ पहुँचकर सावित्री से कहा, "माँ दीदी तुम्हें खिलाने के लिए आयी है ।" सावित्री देवी ने हँसकर कहा, "तुम्हारी दीदी आज ही मुझे खिलायेगी या हमेशा ?" नीली आशय समझ गयी अतः बोली- "हमेशा, निरू ने स्वीकार किया कि वह कुमार से प्रेम करती है । अन्त में कमल के सहयोग से कुमार-निरुपमा का विवाह सम्पन्न हो गया ।
उक्त विवेचन के आधार पर यह कहा जा सकता है कि नीली उर्फ नीलिमा इस उपन्यास की पात्र योजना में विशिष्ट स्थान रखती है।उसके अभाव में उपन्यास की कथा अवरुद्ध हो जाती तथा निरुपमा की कथा आगे न बढ़ पाती । वह निश्चय ही एक अपरिहार्य चरित्र है ।

COMMENTS