मधु मेहरोत्रा की कहानी "दीमक और मजदूर" में मांगे लाल की पाँच पीढ़ियों का शोषण, गरीबी और भ्रष्टाचार। पढ़िए एक मजदूर परिवार की मार्मिक हिंदी कहानी।
दीमक और मजदूर
मांगे लाल को अपना दिमाग, दीमक लगे पेड़, मिट्टी और दीवार की तरह भुरभुरा होता महसूस हो रहा था।
हवा बाहर भी और दिमाग में भी सांय-सांय चलती सी लग रही थी। न जाने कितनी पीढ़ी से ये दीमक मांगे लाल के पूर्वजों को खा रहा था, नहीं अब भी खा रहा है।
अब मांगे लाल भी दीमक की जकड़ में आ गया, एक दिन बच्चे भी आ जाएंगे। एक बार बच्चों पर लगा तब नाती पोते भी नहीं बचने वाले।
जहां तक मांगे लाल को पता है उस के दादा के दादा के समय से ये दीमक इस परिवार की मेहनत चट कर रहा है।
लकड़-दादा, नाम क्या था? पता नही, क्या था? क्या करना? शायद गया या हरिद्वार में किसी पोथी में संजोया होगा तर्पण घाट के पुरोहित-पंडित ने लिखा होगा।
लकड़-दादा के दो भाई और उन दोनों की मेहरारू गिरमिटिया बन सात समंदर पार, कहीं बहुत दूर, क्या मालूम पानी के जहाज से कहां चले गए। गए तो गए, पर कभी ना लौटे।
चार साल पहले, एक बार सुना था कोई बड़े मंत्री संतरी विदेश, गिरमिटिया के वंशज, सात समन्दर पार से आए, अपने परिवार से मिले, मदद करी। पर मांगे लाल के परिवार के साथ ऐसा ना हुआ। आया भी होगा कोई चमकाई देहात अपने पूर्वज ढूंढने तो कौन बैठा है वहां? ना कोई बुजुर्ग, न जवान, सब निकल गए। कुछ स्वर्ग, कुछ शहर। चमकाई देहात का सीना चीर एक सड़क निकल गई। दो चार ढांबे, चाय की टपरी और एक बीयर एंड ग्रोसरी स्टोर विद रूम अवेलेबल फॉर स्टे बन गया है। ये सुनि सुनाई बात है, मांगे लाल कभी भी देहात नहीं गया।
पड़-दादा, शायद नाम था घोसीराम या गुस्सेराम। पड़-दादा की जमीन नील की खेती के नाम चढ़ गई। चढ़ गई? नीलाम हो गई। पड़-दादा बंटाई पर किसानी करते रहे। दीमक अधिई की बंटाई में भी सूखा-बाढ़ बन लगा रहा। कभी पूरी मेहनत का पूरा मूल्य मिला ही नहीं।
दीमक लगा रहा!
दादा बंसीधर और उन की घरवाली, सुनने उर्फ सोहननॉर्न की अम्मा, देहात छोड़ महानगर कवनपुर आ गए। किसान से मजदूर, पूरे मजदूर बन गए। कवनपुर में फैक्ट्री-मिल थी। सब को काम मिल जाता था। दादा-दादी भी कपड़ा मिल में लग गए।
पुरुष हो महिला हो, आधा पौना दाम, पुलिया के नीचे चार बर्तन, बिछौना, नाले का पानी, रात के अंधेरे में चीख पुकार। कोई किसी की बहु-बिटिया खींच ले गया, कोई बिट्वा के हाथ-पैर तोड़, आंख फोड़ भिखारी बना देता। ना हो तो सियार, सुअर, कुकुर रोटी छीन लेते। फिर भी बीसों परिवार अपनी अपनी गुदडी में वहीं बसे रहते। कभी कोई चला जाता, नया आ बसता।
सुबह ६ बजे सायरन बजते ही आपाधापी मच जाती। लस्ड-घसड़ सब भागे जाते, कहीं फाटक ना बन्द हो जाए। पूरा काम करो, तब दो जून रोटी मिलती। रोटी में घी लग जाए की आस में पुरुष ओवरटाइम कर लेते।
स्त्री-मजदूर समय से लौट रोटी-पानी, बर्तन-भांडे संभल लेती। एक दो वर्ष काम चला ही था कि दीमक यहां भी ढूंढते ढूंढते आ पहुंचा। लुगाई, सुनने की अम्मा, चार बच्चे जनते खों-खों टी-बी की मरीज हो गई।
बंसीधर क्या क्या संभालते? एक दिन चक्कर खा गिर पड़े। सिर फूटा, टांग टूटी, बच्चे पढ़ाने का, बड़े आदमी बनाने का सपना टूटा।
मांगे लाल के पिता सोहननॉर्न, अपने भाई-बहनो में सब से बड़े थे। परिवार संभालने को, भाई-बहन को रोटी प्याज, दाल-भात खिलाने को, काम करने के लिए, मिल में, उम्र बड़ी बता काम पर लग गए। अम्मा खों-खों टी-बी की मरीज थीं। इस कमज़ोरी के हाल में, जुड़वा बेटियां और हो गई। सोहननॉर्न हाड़ तोड़ मेहनत करते, बाबू बंसीधर गली गली, टूटी टांग से घूम औना-पौना खाने को ले आते।
बच्चे संभालना मुश्किल था, सो सोहननॉर्न की शादी हिरया मिस्त्री की मंझली बिटिया चमेली देवी से करवा दिया।
दिलदार बंसीधर ने दहेज साफ मना कर दिया। बेटे सोहननॉर्न को घोड़ी पर बिठा चार कपड़े और दस बर्तन में बहु, चमेली देवी, ब्याह लाए। घोड़ी का कर्ज सोहननॉर्न के सर चढ़ा तो उतरा ही नहीं।
चमेली देवी देवर-नन्द समझती-संभालती, उस से पहले गोद में मांगे लाल किलकारी मारने लगा। मांगे - उधार की घोड़ी पर पिता सोहननॉर्न, गए थे विवाह करने सो लाड में आ कर बिटवा का नाम मांगे लाल रख दिया।
मांगे लाल बुआ-चाचा का चहेता भतीजा, खूब लाड करते, घुमाते फिराते, अपने से पहले उसे खिलाते पर दीमक को कहां मंजूर है उपजाऊ जमीन, मजबूत लकड़ी और पक्का इरादा। आ लगा, दीमक फिर आ लगा। बुआ-चाचा को भरभरा कर अलग कर दिया।
दादी खांसते खांसते दोहरी हो, चल बसी। दुख के मारे दादा बंसीधर पगला से गए। रेल में बैठ कहीं चले गए।
वर्णा घाट से आए एक बैरागी ने एक बार संदेश दिया था “बंसी प्रभु में लीन है, कोई कमी नहीं, संदेश दिया है मांगे का ख्याल रखना।”
ख्याल रखने वाले बुआ-चाचा इतर बितर हो गए थे। माँ चमेली देवी लोगों के घर चौका-बासन करने लगी। मांगे लाल के लिए बचा-खुचा मिठाई, नमकीन, रोटी-सब्जी ले आती। पुराने बेरंग कपड़े से तन ढक लेती। मांगे लाल को होली-दिवाली पर नए कपड़े दिलाती। महीने में एक बार सर पर तेल मलती, बाल काढ़ निहारती रहती।
‘विदेश जाना बचवा, खूब कमाई करना, बड़ा बहुत बड़ा आदमी बनना।’
“मईया, मैं विदेश, ये है कहां, कितने दिन में पहुंच जाऊंगा? और बाबू और तू नहीं चल पाओगे? बहुत दूर है क्या?
“जहाज से जाते हैं। आयेंगे तेरी बहू के साथ। तेरे बच्चे खेलेंगे मेरी गोद में, बाबू घोड़ा बन घुमाएंगे।’ तेल का हाथ चेहरे पर रगड़ते हुऐ चमेली देवी कहती।
मांगे लाल के पिता, सोहननॉर्न ने सेठ गोमेश से तिपहिया रिक्शा किराए पर ले लिया। सुबह से रात, गर्मी-सर्दी-बरसात, कभी देर रात, तीज-त्यौहार, कभी भी, ये कहिए हर दिन, चौबीस घंटे सोहननॉर्न तैयार। सवारी ने पुकारा या कह दिया
‘कल आ जाना, अलाने-फलाने बजे।’ रिक्शा हाजिर।
सेठ जी ने बड़ी कृपा कर अपनी ऑफिस बिल्डिंग के पास दस बाई दस की जमीन पर, छत डाल कर बैठा दिया। अहसान दबा सोहननॉर्न गहे-बेगाहे अपने काम की खोटी कर सेठ जी या उन के परिवार रिश्तेदार को इधर उधर पहुंचता। मजदूरी मिले तो अच्छा ना मिले तो और अच्छा।
न मिले तो और अच्छा! कैसे?
चिल्लर ढूंढने से बच जाता। दिखावे को दस बीस का नोट पकड़ा कहते
‘दो रखो, बाकी चिल्लर ले आओ।’
कौन तैयार होता है बे मतलब का चिल्लर देने को? कोई नहीं। कमाई से पहले पांच रु खर्चो, तब चिल्लर मिले।
जिस घर में चमेली देवी, चौका-बासन करती उन के पारिवारिक मठिया-मन्दिर की भी साफ सफाई करती। मठिया से लगी खाली जमीन पर साग-सब्जी उगाने लगी। वहीं एक गाय रख ली। उस ने सोचा मांगे लाल के लिए दूध हो जाएगा। थोड़ा बहुत घी सोहननॉर्न को खिला देगी।
कुछ ही दिन में मालकिन ने आदेश कर दिया, ‘सब्जी, दूध, घी हमें दो। वक्त जरूरत पर तुम्हे मदद कर देंगे।’ चमेली देवी के हाथ खाली के खाली। अपनी मेहनत पर विश्वास कर, अपनी हिम्मत के सहारे मांगे लाल का नाम विद्यालय में लिखवा दिया।
दीमक को कहां चैन था? क्या करूं, सोचते सोचते दीमक लग गया सोहननॉर्न की मेहनत पर। सरकारी आज्ञा हुई साइकिल रिक्शे बंद, ये चालक के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। सेठ जी सरकार का भी अंग थेl जब किराये पर रिक्शे लेने वाले गुहाई करने गए तो बोले “भैया मेरा नुकसान देखो, पचासों रिक्शे खड़े हो गए। सरकारी आदेश मानना पड़ेगा।”
वो बात अलग है कि अगले ही दिन रिक्शे पड़ोस के ग्रामीण इलाके में चलाए जाने लगे। वहां सरकारी आदेश और स्वास्थ्य पर असर न था।
अब क्या करे सोहननॉर्न? हताश सा धूप में सेठ के दफ्तर के सामने बैठ गया।
सेठ जी ने फिर कृपा दिखाई।
“बेटा क्या कर रहा है?”
“आठवीं में पढ़ रहा है, मालिक।”
“वाह! तुम ने खूब हिम्मत दिखाई। अब बेटे को काम करने दो। मेरा काम गुड़ीपुर में चल रहा है। पूरी नई टाउनशिप बन रही है। लम्बा काम है। क्या नाम है लड़के का?”
“जी, मांगे लाल।”
“तो मांगे से कहो, गुड़ीपुर चला जाए, वहां धीरे धीरे काम सीख ले। सीख गया, साल भर बाद तनख्वाह तय कर देंगे। जो चाहे करे। गारा बनाए, ईंट उठाए, चूना पट्टी, लोहे के खांचे बना ले, वेलडिंग सीख ले, रंगाई पुताई चाहे कर ले, फर्श, टाइल का काम, स्क्रू-पेंच, हथौड़ा-कील जो चाहे। रहने को टीन के कमरे और महीने का राशन, कम्पनी देगी, बस काम छोड़ना नहीं।”
“जी, मालिक।”
घर पहुंच, सोहननॉर्न ने चमेली देवी से मालिक की बात बताई।
“क्या कहते हो? तुम्हारा काम छूट गया। दूसरा ढूंढ लो। मैं मेहनत कर मांगे लाल को खूब पढ़ाऊंगी। कहीं नहीं जाएगा। मैं एक गाय और रख लूंगी। तुम अपनी देखो।”
“भाग्यवान ये कमरा मालिक का है, भगा देंगे, पढ़ा लेना आसमान के नीचे। क्या लगता है मालिक के साथी-दोस्त तुम्हे काम पर रखेंगे? तुम्हे करने देंगे गाय का काम? सब्जी उगाने देंगे अपनी जमीन पर? ओ भाग्यमति, यहां मेहनत का बोल बाला नहीं है, दौलत का है। ये बीस बीस मंज़िल के टावर हम बनाते है रह नहीं सकते।”
मांगे लाल ने माता पिता की बात सुन ली।
“अम्मा बहुत पढ़ लिया, आगे ओपन से पढ़ लूंगा। काम सीखने के लिए कल ही निकल लूंगा। बाबू तुम गाय संभाल लो मां के साथ। देख लेना कोई काम। एक साल की बात है फिर मैं दूंगा सारा खर्च।”
अगले दिन मांगे लाल और किराए के रिक्शा चलाने वालों के सात बेटे गुड़ीपुर चले गए।
मांगे लाल ने कंक्रीट बनाने का काम सीख लिया।
हेड मैट ने बालू, बजरी, सीमेंट, पानी का अनुपात समझाया। जमीन का अलग, पिल्लर का अलग, सीलिंग का अलग। दीवार प्लास्टर का अलग।
‘बारीकी से समझो, तीस साल का अनुभव घोल पिला रहें है तुम्हें।’
मांगे लाल मिक्सर मशीन का प्रयोग सीख गया। उसे लगा देश बना रहा हूं, लोगों को घर बना कर दूंगा। एक दिन अपना भी बना लूंगा। माँ-बाबू बालकनी वाले घर में रहेंगे। झूलने वाली कुर्सी होगी। जाने को तो मिस्त्री विदेश जा रहे पर मांगे का ऐसा कोई इरादा नहीं था। माँ का विदेश वाले सपने को पूरा करने को भी नहीं। एजेंट बहुत पैसा लेता है। कर्ज रह जाएगा। देश ही ठीक है।
एक वर्ष जैसे तैसे कट गया। मांगे लाल की माँ चमेली देवी ने उस के पिता को सहारा दिया।
कभी कभी मांगे लाल की, कम्पनी के फोन, माता-पिता से बात हो जाती। आवाज़ सुन संतोष कर लेता। बात करते हुए तीनाें हिम्मत दिखाते। आवाज़ न कांपने देते। बाद में आँसू कलाई पर पोंछ लेते।
ट्रेनिंग खत्म हुई, चार दिन घर जाने को मिले। मांगे लाल भी माँ-बाबू से मिलने गया। सब कुछ बदला चुका था। मां का सब्जी खेती, गाय का काम बन्द हो गया था। खेती-गाय वाली जमीन को बराबर कर दिया गया था।
मठिया को मन्दिर बनवाना था। और बड़ा और भव्य बनाने का विचार था। मालिक का बेटा विदेश में कोई अच्छे पैकेज वाली नौकरी पा गया था। परिवार को अपना शुक्राना देना है।
मां दो और घर में काम कर रही है। पिता रोज़ बस से ग्रामीण क्षेत्र जा कर रिक्शा चला लेते हैं। अपने गुजारे लायक कुछ कमा लेते हैं। गाँव के प्रधान उन्हें और माँ को आधई पर जमीन देने को तैयार थे। नफा प्रधान और सोहननॉर्न-चमेली देवी में आधा-आधा बंटेगा, नुकसान पूरा सोहननॉर्न-चमेली देवी का होगा।
मांगे लाल न हां कह पाया, न ना।
“बाबू तुम जानो, मेरो से जो होगा करूंगा। अगर जाओगे तो बता देना।”
लौट कर मांगे लाल को टॉवर नम्बर ३२१ के नौ मंजिल बनाने का काम मिला।
जमीन दीमक वाली थी, कच्ची थी। जगह जगह बम्बी थी। अपनी ओर से मांगे लाल ने जे-ई को बताया
“साब, नींव सही डालो, दीमक की दवाई, सीमेंट लोहा ज्यादा लगे पर नींव मजबूत रहे।”
“चोऊप, बलाइकुला चुप्पपी रह। मैं अपना काम जानता हूं। चार साल पढ़ा, आठ साल से साईट पर हूं, छः टॉवर खड़े कर दिए, नदी किनारे, पहाड़ पर, अपना ज्ञान मुझ पर मत पेल, चल चालू कर।”
मांगे लाल बिना बोले सीमेंट के बोरे खोलने लगा। उतने ही जितने हेड मैट ने बताये थे। इधर उधर देख दीमक मारने वाली दवा का बोरा ढूंढने लगा।
“गेट ऑन विथ द वर्क, समय मत बर्बाद कर बालू दुगनी और सीमेंट आधी। दीमक की दवा पेंट में मिलाएंगे, अभी नहीं। कम ऑन, जल्दी जल्दी।”
“साब, बिल्डिंग बहुत जल्दी खराब होगी।”
“होने दे, तुझे काम मिलेगा, मुझे मिलेगा, हमें और काम मिलेगा। मालूम है ३० प्रतिशत खर्च मंत्री जी की पत्नी के खाते में डाला तब काम बना।”
“ये बे….ई ..मा…”
“अबे, बे भूल जा। हम ईमानदार थे, हैं और रहेंगे। दस्तूर रिवाज नहीं तोड सकते। रिवाज दस्तूर निभाना ईमानदारी है। इसे जमाने, बहुत पहले जमाने से डाली भेजना कहते हैं। चल, चल, चल, जो मैं कहूं कर, खुश रह, खुश रहेगा। याद कर स्कूल के तीन बंदर। ना बुरा…..देख….सुन….बोल।”
मांगे लाल की आंखों के सामने एक पुरानी पुस्तक का चित्र उभर आया। विद्यालय के पुस्तकालय में थी एक किताब, बहुत पुरानी थी। कुछ पन्ने गायब, कुछ छोटे-छोटे छेद, शायद दीमक ने कुछ परतें चाट लीं थीं। तीन बन्दर के आंख, कान, होंठ पर छेद थे। दीमक ने चित्र बिगाड़ दिया, चरित्र बिगाड़ दिया, चित बिगाड़ दिया।
मांगे लाल का चित दीमक के बारे में सोचते सोचते चीत्कार कर रहा था।
मशीन चालू हुई, तब ही साथी मजदूर चिल्लाया
“ये देखो संतनगर में पांच मंजिल की इमारत गिर गई। भाई, देख।”
“काम करो, बंद करो फोन”
रात को चार लड़के रील देखते रहे।
मंत्री जी ने साक्षात्कार में कह रहे थे
“ये बिल्डिंग तब बनी जब हम सत्ता में नहीं थे। मालिक पर कार्यवाही करेंगे। पुलिस ढूंढ रही है।”
Jiजैसे तैसे मालिक पकड़ा गया।
“भाई, हमारे कॉन्ट्रैक्ट में साफ लिखा है, दुर्घटना की स्थिति में हमारी कोई जिम्मेवारी नहीं है। भाई हम ने पैसे दिए, मिस्त्री ने काम करा, इंस्पेक्टर ने क्लियर करा।”
इंस्पेक्टर ने माइक ठीक करते हुए कहा
“बिल्डिंग सही थी, यहां कई बार खुदाई हुई, कभी सीवेज लाइन, कभी केबल, कभी पानी पाइप कभी बिजली कभी रोड रिपेयर और दीमक भी हैं यहां।”
रिपोर्टर कह रहे थे,
“इमारत को दीमक खा गए,
मजदूरी को दीमक खा गए,
फाइल को दीमक खा गए,
सिस्टम को दीमक खा गए,
दिमाग को दीमक खा गए।”
मांगे लाल के सामने अदृश्य दीमक ही दीमक भाग रहे थे।
- मधु मेहरोत्रा

COMMENTS