प्रगतिवाद क्या है? जानिए प्रगतिवाद का अर्थ, परिभाषा, पृष्ठभूमि और प्रमुख कवि। छायावाद के बाद की इस काव्यधारा का पूरा परिचय हिन्दी साहित्य में।
प्रगतिवाद की परिभाषा, स्वरूप और पृष्ठभूमि | आधुनिक हिन्दी कविता
हिन्दी कविता के आधुनिक काल में छायावाद के बाद जो काव्यधारा सबसे प्रभावशाली रूप में उभरी, वह प्रगतिवाद है। इसे आधुनिक हिन्दी कविता का चतुर्थ उत्थान माना जाता है। छायावाद अपनी रहस्यात्मकता, कल्पनाप्रियता और वैयक्तिक भावलोक में सिमटकर जीवन की कठोर वास्तविकताओं से दूर होता जा रहा था। ऐसे समय में सहृदय पाठक एक नई, यथार्थपरक और जनोन्मुख अभिव्यक्ति की प्रतीक्षा कर रहा था। प्रगतिवाद इसी अपेक्षा की उपज है।
इस काव्यधारा के उदय के पीछे समसामयिक परिस्थितियों की निर्णायक भूमिका रही। रूस की क्रान्ति का प्रभाव, मार्क्सवादी विचारधारा का प्रसार, मजदूर और किसान आन्दोलन, तथा पूँजीपति वर्ग द्वारा सर्वहारा के शोषण ने साहित्यकारों को व्यक्तिगत सुख-दुःख से ऊपर उठकर लोक-मंगल की ओर उन्मुख किया।1936 में प्रगतिशील लेखक संघ की स्थापना ने इस चेतना को संगठित रूप दिया। 'हंस' और 'जागरण' जैसी पत्रिकाओं ने नवोदित रचनाकारों को मंच दिया। निराला और पन्त जैसे छायावादी कवि भी इस नई चेतना से अछूते नहीं रहे।
"हमारी कसौटी पर वही साहित्य खरा उतरेगा, जिसमें उच्च चिन्तन हो, स्वाधीनता का भाव हो, सौन्दर्य का सार हो, सृजन की आत्मा हो, जीवन की सच्चाइयों का प्रकाश हो, जो हममें गति, संघर्ष और बेचैनी पैदा करे सुलाये नहीं, क्योंकि अब और ज्यादा सोना मृत्यु का लक्षण है।" -मुंशी प्रेमचन्द
"उसने हिन्दी काव्य को जीवन चेतना प्रदान की है, इसका निषेध नहीं किया जा सकता है।" -डॉ० नगेन्द्र
प्रगतिवाद आधुनिक हिन्दी कविता का चतुर्थ उत्थान काल माना जाता है। यह वाद छायावाद के ह्रासोन्मुख होने की स्थिति में प्रचलन में आया। छायावाद की रहस्यात्मक, रोमांचक कलावादी और कल्पनावादी प्रवृत्तियों से हिन्दी का सहृदय पाठक ऊब चुका था, उसे एक घुटन का अनुभव हो रहा था, वह यहाँ से निकलकर उन्मुक्त पथ पर विचरण करना चाह रहा था। राजनाथ शर्मा ने लिखा है कि- "जिस समय छायावाद अपने व्यष्टि की साधना में तन्मय, जगत की वास्तविकता की ओर से आँखें बन्द किये आत्म विभोर होकर आगे बढ़ता चला जा रहा था, उसी समय जगत की नग्न वास्तविकता- 'रोटी का राग' और 'क्रान्ति का आग' लिए प्रगतिवाद आगे आया और उसने झकझोर कर साहित्यकार को एक नवीन समस्या, एक नवीन चेतना का आलोक दिखाया।" इस प्रकार समसामयिक परिस्थितियाँ छायावाद के अनुकूल न थीं, देश में उग्रतावादी विचारधारा जोर पकड़ने लगी थी, रूस की क्रान्ति का प्रभाव भारत पर पड़ रहा था। मार्क्सवाद के कारण मजदूर आन्दोलनरत थे। इस तरह राजनीति और साहित्य के क्षेत्र में नये नये आन्दोलन आगे बढ़कर अपना मार्ग प्रशस्त करना चाहते थे, परिणामस्वरूप हिन्दी-साहित्य में प्रगतिवाद का जन्म हुआ।
प्रगतिवाद युग की माँग
प्रत्येक विचारधारा अपने रूप में स्वतन्त्र रूप से क्रमश: आगे बढ़ती हुई आगे बढ़ती है। समसामयिक परिस्थितियाँ युग की माँग के अनुरूप उसका स्वरूप निश्चित करते हुए उसे निरन्तर आगे बढ़ाती रहती हैं। जहाँ तक प्रगतिवाद की बात है तो वास्तव में वह भी युग की माँग थी। प्रगतिवाद की उत्पत्ति विदेशी प्रभाव से न होकर बहुत पहले से चली आती हुई असन्तोष और विद्रोह की भावनाओं का ही प्रतिफलन था। डॉ॰ जगदीश प्रसाद श्रीवास्तव ने लिखा है कि- “प्राणियों में मनुष्य अपनी बौद्धिक विशिष्टता के कारण सर्वोच्च गौरव और महत्त्व का अधिकारी माना जाता है- और बुद्धि नवीनता की माँग करती ही है। यह नवीनता की माँग बहुत कुछ युग-सापेक्ष होती है। हिन्दी काव्यधारा में प्रगतिवाद का अवतरण इस बौद्धिकता और युग-सापेक्षता का एक ज्वलन्त उदाहरण है।
इस नवीन काव्य धारा के कवियों ने परम्परागत काव्य विशेष रूप से छायावाद के प्रति, वस्तु और शैली दोनों ही क्षेत्रों में अपना असन्तोष प्रकट करते हुए उनकी प्रतिस्थापना की और यह प्रतिस्थापना बदले हुए राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय परिवेश से सन्दर्भित थी। अतएव उसे प्रगतिशील और प्रगतिवाद काव्यधारा कहा गया।" कुछ विचारकों ने प्रगतिशील और प्रगतिवाद में अर्थ-भेद बताया है। उनके अनुसार प्रगतिशीलता प्रगति के सामान्य अर्थ का बोध कराती है। इसकी परिधि में परम्परा से इतर प्रत्येक नवीन कार्य आ जाता है, जबकि प्रगतिवाद शब्द उस विशिष्ट धारा का परिचायक है, जिसमें 'कार्लमार्क्स की साम्यवादी विचारधारा ध्यान में रखते हुए काव्य सर्जना की गयी हो। इस प्रकार प्रगतिवाद मार्क्सवादी दृष्टिकोण से प्रभावित प्रतीत होता है। यह सत्य भी है, हिन्दी साहित्य में जिस प्रगतिवाद की चर्चा हम कर रहे हैं उस पर मार्क्सवाद का प्रभाव है।
यह बात और है कि हर युग में काल-विशेष के अनुसार प्रगतिवादी रचनाएँ हुई हैं और उन पर काल-विशेष से संदर्भित असन्तोष एवं विद्रोह की भावनाओं का प्रभाव दृष्टिगोचर होता है, यदि ऐसा न होता, तो हिन्दी साहित्य के विविध कालों में विविध वर्ण्य विषयों एवं भावों को लेकर रचनाएँ न हुई होती, लेकिन हिन्दी साहित्य का आधुनिक कालीन प्रगतिवादी साहित्य जो छायावाद की प्रतिक्रिया स्वरूप जन सामान्य के सम्मुख आया; उस पर साहित्य की अन्य धाराओं के समान विदेशी प्रभाव भी है, जो प्रगतिवादी साहित्य के स्वरूप को अधिक उन्नत व अधिक सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध हुआ ।
छायावाद के अवसान के पश्चात् जब प्रगतिवाद सम्मुख आया तो उसके विकास में पत्र-पत्रिकाओं का विशेष सहयोग रहा। हंस और जागरण जैसी पत्रिकाओं की भूमिका उल्लेखनीय रही। नवोदित साहित्यकारों को इससे अत्यन्त बल मिला। प्रगतिवादी काव्यध् रा के प्रमुख कवियों में रामविलास शर्मा, केदारनाथ अग्रवाल, नागार्जुन, त्रिलोचन शास्त्री, रांगेय राघव आदि का नाम आता है। इस समय तक छायावादी काव्यधारा के दो प्रमुख कवियों पन्त और निराला का भी भाव-परिवर्तन हो चुका था। इन कवियों ने समसामयिक सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक, विसंगतियों को देखा, जिसके चक्रव्यूह में सामान्य जनता बुरी तरह उलझी हुई थी। गरीब किसान मजदूरों का जीवन अत्यन्त दयनीय होता जा रहा था, जबकि इसके विपरीत पूँजीपति वर्ग येन-केन-प्रकारेण कल-बल-छल से इन्हीं किसानों एवं मजदूरों का शोषण कर अपने मन्तव्य की पूर्ति कर रहा था। इस तरह की सामाजिक विषमता से इन कवियों का मर्म बिध गया था। परिणामतः वे वैयक्तिक सुख-दुःख के स्तर से ऊपर उठकर लोक-मंगल की भावना से जुड़ गये। अर्थात् वे व्यष्टि से समष्टि की ओर उन्मुख हो गये।
प्रगतिवादी काव्य की पृष्ठभूमि
प्रगतिवादी काव्य-साहित्य युग सापेक्ष साहित्य है। आर्थिक दृष्टि से प्रगतिवाद का युग विपन्नता, विषमता एवं तज्जन्य संघर्ष का युग था। पूँजीपति, साहूकार एवं महाजन वर्ग येन-केन-प्रकारेण सर्वहारा वर्ग का शोषण कर रहा था। दैनिक उपयोग की वस्तुओं का दाम इतना अधिक बढ़ गया था कि अल्पवेतन भोगी मजदूर एवं किसान बड़ी मुश्किल से अपना जीवन-निर्वाह कर पा रहा था। अनेक अवसरों पर उसे इन्हीं महाजनों एवं सेठ-साहूकारों से कर्ज भी लेना पड़ता था। धीरे-धीरे महाजन वर्ग कृषकों की भूमि के स्वामी होते गये और वह कृषक जो अपने खेत का, स्वामी था वह उसी खेत का मजदूर हो गया। परिणामत: खेतिहर मजदूरों की संख्या बढ़ती ही गयी और वे आर्थिक संकट से उबरने के लिए नगरों की शरण लेने लगे। वहाँ पर मिल-मालिक एवं पूँजीपत्तियों द्वारा उसका शोषण होने लगा। उसके काम के बदले मिलने वाली मजदूरी इतनी कम थी कि उसे ठीक से भोजन भी नहीं मिल पाता था। आवास की व्यवस्था भी अत्यन्त दयनीय थी।
स्वतन्त्रता के पश्चात् भी इन श्रमिकों की दशा ज्यों की त्यों रही। फिर भी पूँजीपति वर्ग दिनों-दिन फलता-फूलता गया। सामान्य जनता की इस निरन्तर बिगड़ती हुई आर्थिक दशा ने बेकारी भुखमरी आदि को जन्म दिया। परिणामतः जो नारी घर के बाहर कदम तक नहीं रखती थी। वह भी जीविकोपार्जन के लिए पुरुषों के कन्धे से कन्धा मिलाकर काम करने को मजबूर हुई। सुमित्रानन्दन पन्त ने स्पष्ट लिखा है कि-
सर से आँचल खिसका है धूल भरा जूड़ा।
अधखुला वक्ष ढोती तुम सिर पर धर कूड़ा ।
निराला ने भी मजदूरनी का चित्रण करते हुए लिखा है कि-
वह तोड़ती पत्थर
मैंने देखा उसे इलाहाबाद के पथ पर ।
सामान्य मानव के प्रति सहानुभूतिपूर्ण दृष्टि प्रगतिवादी काव्यधारा के कवियों का मुख्य उद्देश्य था । ऐसे कवियों में निराला, नागार्जुन, पन्त, सुमन, मुक्तिबोध, केदारनाथ अग्रवाल, रामविलास शर्मा का नाम विशेष रूप से लिया जाता है। अभिशप्त मानव की विपन्नता का यथार्थ चित्रण इन कवियों ने बड़ी ही मार्मिकता के साथ प्रस्तुत किया है। नगर से संदर्भित कविताओं में शोषक वर्ग की क्रूर, अमानवीय, विलासी प्रवृत्तियों पर व्यंग्य करते हुए सर्वहारा वर्ग की दयनीय एवं सड़ांध-भरी जिन्दगी का चित्रण करना इन प्रगतिवादी कवियों का अभीष्ट था। यथा- सुमन जी ने लिखा है -
रक्षित है लाज लंगोटी पर, है कण्ठ बोलते घरर-घरर ।
आ रही असह दुर्गन्ध, पसीने और चीथड़ों से झर-झर ।
कुछ दमा तपेदिक से बेदम, कुछ साँस ले रहे पड़े पड़े ।
सम्पत्ति फटी मिरजई, और अधजली बीड़ियों के टुकड़े ।।
प्रगतिवादी कवियों ने जीवन के यथार्थ, कुत्सित एवं विकृत रूप के चित्रण में अपनी रुचि दिखायी है। क्योंकि उन्हें सामान्य मानव के जीवन का जो वास्तविक रूप देखने को मिला उसी को उन्होंने वर्ण्य विषय के रूप में अपनी रचना में स्थान दिया है। साथ ही साम्यवादी दर्शन से प्रभावित होने के कारण उनका उद्देश्य इसी जीवन को ही स्वस्थ, सुखी एवं सम्पन्न बनाना था। वे आदर्श समाज व राज्य की नयी रूपरेखा बनाना चाह रहे थे। परिणामत: अपनी इस अभिव्यक्ति के लिए उन्होंने भाषा एवं शैली के नवीन रूप का वरण किया ।
प्रगतिवाद का स्वरूप- प्रगति शब्द का अर्थ है- विशेष गति, आगे बढ़ना, चलना आदि । इस प्रकार 'प्रगतिवाद' का शाब्दिक अर्थ हुआ- वह वाद जो आगे बढ़ने में विश्वास रखता है। वैसे इस तरह इस शब्द का अर्थ बहुत व्यापक हो जाता है। आधुनिक हिन्दी-साहित्य में इसका प्रयोग एक विशेष विचारधारा के लिए रूढ़ हो गया है। विभिन्न विद्वानों ने प्रगतिवाद को अपने-अपने ढंग से परिभाषित कर उसका स्वरूपांकन करने का प्रयास किया है। यथा- कुछ परिभाषाएँ निम्नवत् हैं-
डॉ॰ नामवर सिंह- “छायावाद के गर्भ में सन् 1930 के आसपास नवीन सामाजिक चेतना से युक्त जिस साहित्य धारा का जन्म हुआ उसे सन् 1936 में प्रगतिशील साहित्य या प्रगतिवाद की संज्ञा प्रदान की गयी, और तब से इस नाम के औचित्य अनौचित्य को लेकर काफी वाद-विवाद होने के बावजूद छायावाद के बाद की प्रधान साहित्यधारा को प्रगतिवाद के नाम से पुकारा जाता है।"
उपर्युक्त विवरण से स्पष्ट है कि राजनीतिक समाजवादी विचारों का प्रचार करने वाला या साम्यवादी (समाजवादी) लक्ष्य की पूर्ति में योग देने वाला साहित्य ही प्रगतिवादी साहित्य है। प्रगतिवाद के स्वरूप एवं विशेषता से प्रभावित हो बाबू गुलाबराय ने कहा है कि- “प्रगतिवाद हमको स्वार्थ-परायण व्यक्तिवाद से हटाकर समष्टिवाद की ओर ले गया है। उसने लेखकों को शैया-सेवी अकर्मण्य नहीं रखा है।'
अन्तत: प्रगतिवाद के स्वरूपांकन को लक्ष्य करते हुए कहा जा सकता है कि प्रगतिवाद मूल रूप में साम्यवाद से प्रभावित एक दृष्टिकोण है, जो समाज में समानता का पक्षधर है, वह असमानता के कारण होने वाले शोषण का विरोधी है। प्राचीन रूढ़ियों, अंधविश्वासों, कुरीतियों को समाप्त करना चाहता है।

COMMENTS