ICSE Class 10 हिंदी | सेक्शन A में 40/40 अंक लाने की पूरी गाइड ICSE कक्षा 10 की हिंदी बोर्ड परीक्षा में सेक्शन A भाषा भाग सबसे महत्वपूर्ण और स्कोरिं
ICSE Class 10 हिंदी | सेक्शन A में 40/40 अंक लाने की पूरी गाइड
ICSE कक्षा 10 की हिंदी बोर्ड परीक्षा में सेक्शन A भाषा भाग सबसे महत्वपूर्ण और स्कोरिंग होता है, जिसमें कुल 40 अंक आते हैं। इस सेक्शन में निबंध, पत्र लेखन, अपठित गद्यांश और व्याकरण शामिल होते हैं, जो छात्रों को अपनी भाषा क्षमता, समझ और व्याकरणिक ज्ञान दिखाने का मौका देते हैं।
निबंध कैसे लिखें ?
निबंध में आमतौर पर 15 अंक होते हैं, जिसमें लगभग 250-300 शब्दों का एक निबंध लिखना पड़ता है और 2-3 विकल्पों में से एक चुनना होता है। टॉपिक्स जैसे पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा का महत्व, सोशल मीडिया के प्रभाव, भारतीय संस्कृति या कोई सामाजिक मुद्दा आदि पर आधारित होते हैं। अच्छे निबंध के लिए परिचय से शुरू करके मुख्य भाग में तर्क और उदाहरण दें तथा उपसंहार में सकारात्मक संदेश के साथ समाप्त करें। भाषा सरल, शुद्ध और प्रवाहपूर्ण रखें, मुहावरे या लोकोक्तियाँ थोड़ी-बहुत डालकर प्रभाव बढ़ाएँ। रोजाना एक निबंध लिखने की प्रैक्टिस से समय प्रबंधन और सामग्री की गुणवत्ता दोनों सुधर जाती है।पत्र लेखन
पत्र लेखन में 7 अंक मिलते हैं, जहाँ दो विकल्पों में से एक चुनकर औपचारिक या अनौपचारिक पत्र लिखना होता है। औपचारिक पत्र जैसे प्रधानाचार्य को शिकायत, संपादक को पत्र या किसी अधिकारी को आवेदन आदि में पूरा फॉर्मेट ध्यान रखें, जिसमें प्रेषक का पता, दिनांक, संबोधन, विषय, मुख्य भाग और समापन शामिल हो। अनौपचारिक पत्र मित्र या रिश्तेदार को लिखते समय प्रिय संबोधन और व्यक्तिगत स्पर्श रखें। सुझाव दिए जाते हैं तो उन्हें जरूर शामिल करें तथा भाषा विनम्र और संक्षिप्त रखें। फॉर्मेट में कोई गलती न होने दें क्योंकि इससे अंक कटते हैं।
अपठित गद्यांश कैसे हल करें ?
अपठित गद्यांश में 10 अंक होते हैं, जिसमें 250-300 शब्दों का एक पैसेज दिया जाता है और उसके आधार पर 5-7 प्रश्न पूछे जाते हैं, जैसे मुख्य विचार, शब्दों का अर्थ, शीर्षक सुझाना या सारांश लिखना। तैयारी के लिए रोजाना एक-दो पैसेज पढ़कर प्रश्न हल करने की आदत डालें। पहले प्रश्न पढ़ लें फिर पैसेज पढ़ें ताकि समय बचे और सटीक उत्तर दे सकें। उत्तर हिंदी में ही शुद्ध भाषा में लिखें।
व्याकरण भाग कैसे हल करें ?
व्याकरण भाग में 8 अंक होते हैं, जो MCQ या छोटे उत्तरों के रूप में आते हैं। मुख्य टॉपिक्स में संधि, समास, उपसर्ग-प्रत्यय, पर्यायवाची, विलोम, अनेकार्थी शब्द, शब्द-युग्म, मुहावरे, लोकोक्तियाँ, वाक्य शुद्धि, वाक्य भेद और वाच्य आदि शामिल हैं। इनमें मुहावरे-लोकोक्तियाँ और वाक्य शुद्धि सबसे ज्यादा पूछे जाते हैं। तैयारी के लिए पहले कॉन्सेप्ट समझें, नियमों को उदाहरणों से क्लियर करें और फिर रोजाना 40-50 प्रश्न सॉल्व करें। पिछले सालों के पेपर और स्पेसिमेन पेपर से प्रैक्टिस करें। मुहावरे-लोकोक्तियों के 150-200 आम वाले अर्थ और वाक्य प्रयोग के साथ याद करें। वाक्य शुद्धि में लिंग, वचन, कारक और क्रिया रूप पर विशेष ध्यान दें।
नियमित अभ्यास स्पेसिमेन पेपर से प्रैक्टिस जारी रखें
पूरे सेक्शन A को अच्छे से तैयार करने के लिए 15 दिनों का प्लान बनाएँ, जिसमें पहले निबंध और पत्र पर फोकस करें, फिर अपठित गद्यांश और अंत में व्याकरण का रिवीजन करें। पेपर में समय प्रबंधन करें, पहले व्याकरण और अपठित सॉल्व करें क्योंकि वे तेजी से पूरे होते हैं, फिर पत्र और आखिर में निबंध। भाषा शुद्ध रखें, स्पेलिंग गलतियाँ न करें और स्पेसिमेन पेपर से प्रैक्टिस जारी रखें। इस सेक्शन में 38-40 अंक लाना संभव है अगर नियमित अभ्यास हो।
बोर्ड परीक्षा में आत्मविश्वास के साथ जाएँ और अच्छा प्रदर्शन करें।
शुभकामनाएँ!


COMMENTS