निराला की 'प्रेम के प्रति' कविता का भावार्थ, प्रसंग, व्याख्या और काव्य-सौंदर्य जानिए। परिमल की इस दार्शनिक रचना में प्रेम का वास्तविक स्वरूप समझें।
प्रेम के प्रति कविता का भावार्थ व्याख्या | सूर्यकांत त्रिपाठी निराला
सूर्यकांत त्रिपाठी 'निराला' की कविता 'प्रेम के प्रति' उनके प्रसिद्ध काव्य-संग्रह 'परिमल' (1930) में संकलित एक अत्यंत विचारोत्तेजक और दार्शनिक रचना है। छायावादी काव्य में जहाँ प्रायः प्रेम को कोमल, अमूर्त, वायवीय और केवल रोमानी भावोच्छ्वास के रूप में देखा गया, वहीं निराला इस कविता में प्रेम की पारंपारिक, रूढ़ और केवल वासना अथवा विलास तक सीमित धारणा को सीधे चुनौती देते हैं।
यह नाशवान प्रकृति बार-बार रूप बदलती है। उसी तरह जैसे जल वाष्प बनकर बादल बन जाता है जिसमें बिजली माया की तरह क्षण भर को चमकती है। वासना के वस्त्र पहनकर सृष्टि ललचाती है। हमें लगता है कि अब हमने अपने इच्छित प्रेम को पा लिया है किन्तु वह प्रेम न होकर उसकी प्रतिच्छाया मात्र होती है। प्रेम किसी डोर में गुंथी वस्तु न होकर प्रत्येक हृदय में निहित बहुमूल्य वस्तु है जो प्रकट न होकर छिपी रहती है।
चिर समाधि में अचिर-प्रकृति जब,
तुम अनादि तब केवल तम;
अपने ही सुख-इंगित से फिर
हुए तरंगित सृष्टि विषम।
वारि, वाष्प ज्यों, फिर बादल,
विद्युत की माया उर में, तुम
उतरे जग में मिथ्या-फल।
वसन वासनाओं के रँग-रँग
पहन सृष्टि ने ललचाया,
बाँध बाहुओं में रूपों ने
समझा-अब पाया-पाया;
किन्तु हाय, वह हुई लीन जब
क्षीण बुद्धि-भ्रम में काया,
समझे दोनों, था न कभी वह
प्रेम, प्रेम की थी छाया।
प्रेम, सदा ही तुम असूत्र हो
उर-उर के हीरों के हार,
गूँथे हुए प्राणियों को भी
गुँथे न कभी, सदा ही सार।
प्रसंग - प्रस्तुत काव्यांश सूर्यकांत त्रिपाठी 'निराला' द्वारा रचित कविता 'प्रेम के प्रति' से लिया गया है। इस कविता में कवि ने प्रेम के स्वरूप को स्पष्ट किया है।
व्याख्या - कवि कहता है कि जब यह नाशवान प्रकृति विनष्ट होकर चिर समाधि (मृत्यु) में लीन हो जाती है और चारों ओर गहन अंधकार व्याप्त रहता है तब भी हे प्रेम ! तुम शेष रहते हो। तुम्हारा अस्तित्व उस प्रलयकाल में भी अविशिष्ट रहता है। संपूर्ण सृष्टि इसी प्रेम से तरंगित होकर पुनः उस सुख को पाने के लिए अपना नया रूप धारण करती है।
पंचतत्वों का स्वरूप परिवर्तन ही नये-नये रूप बदलकर हमारे सामने उसी प्रकार आता है जैसे जल ही वाष्प के रूप में बादल बनकर आकाश में छा जाता है और अपने हृदय में माया की भाँति क्षणभंगुर बिजली को छिपाये रहता है। हे प्रेम! तुम बिजली की भाँति क्षण भर के लिए चमकने वाले ऐसे भाव हो जो इस संसार में सर्वत्र व्याप्त हो किन्तु जिसका परिणाम मिथ्या है।
यह सृष्टि (रूपी नायिका) वासना (इच्छा) रूपी विविध प्रकार के रंग-बिरंगे वस्त्र पहनकर हमें आकृष्ट करती है और हमें अपने बाहुपाश में बाँधकर समझती है कि मैंने अब प्रेम प्राप्त कर लिया है किन्तु यह इसका भ्रम है। जब बुद्धि भ्रम से मुक्त होती है तब दोनों की समझ में आता है कि जिस काया सुख को उन्होंने प्रेम समझ रखा था वह प्रेम न होकर प्रेम की छाया थी। प्रेम किसी सूत्र में बँधा नहीं होता। वह किसी वस्तु विशेष पर आधृत नहीं होता अपितु वह तो प्रत्येक हृदय में व्याप्त हीरों के हार की तरह बहुमूल्य वस्तु है और भीतर छिपा रहता है। ऊपर से देखने पर जो प्राणी परस्पर प्रेम से गुँथे हुए लगते हैं उन्हें प्रेम की कमी खलती है, वे भी प्रेम को पाने के लिए लालायित रहते हैं। भाव यह है कि प्रेम में परिपूर्णता किसी भी प्राणी को कभी प्राप्त नहीं होती, वह निरंतर प्रेम पाने पर भी अतृप्त रहता है। यह अतृप्ति ही प्रेम का सार है।
विशेष - उपरोक्त कविता में निम्नलिखित विशेषताएं हैं -
- अलंकार-वारि वाष्प ज्यों फिर बादल में उदाहरण, विद्युत की माया तथा वसन वासनाओं के में रूपक अलंकार है। सृष्टि का मानवीकरण किया गया है।
- बाह्य रूपाकर्षण प्रेम न होकर प्रेम की छाया है। प्रेम में कभी तृप्ति नहीं मिलती यही बात निराला यहाँ कहना चाहते हैं ।
- विद्यापति ने भी एक छंद में प्रेम का यही लक्षण बताया है- 'सखि कि पूछसि अनुभव मोय।"

COMMENTS