निराला की कविता 'खंडहर के प्रति' की प्रसंग सहित व्याख्या, भावार्थ और काव्य-सौंदर्य (अलंकार) विस्तार से पढ़ें। विद्यार्थियों के लिए उपयोगी।
खँडहर के प्रति कविता की व्याख्या भावार्थ | सूर्यकांत त्रिपाठी 'निराला'
सूर्यकांत त्रिपाठी 'निराला' द्वारा रचित कविता 'खंडहर के प्रति' छायावादी सौंदर्यबोध और प्रगतिशील चेतना का अनूठा संगम है। इस कविता में कवि ने किसी प्राचीन, जीर्ण-शीर्ण खंडहर को केवल ईंट-पत्थरों का ढेर न मानकर, उसे अतीत के गौरव, वैभव, विलास और समय की अमोघ शक्ति (काल-चक्र) के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया है।
कवि ने भारत की पुरातन महिमा को, अतीत की गरिमा को आज एक खंडहर के रूप में देखा है। यह खंडहर हमें भारत के समृद्ध अतीत का स्मरण दिलाता है जब भारत का ज्ञान-गौरव सम्पूर्ण विश्व में फैला हुआ था। आज भले ही यह खंडहर एक वृद्ध की भांति अपनी युवा संतानों से तिरस्कृत-उपेक्षित होकर बूँद भर पानी को तरस रहा हो और अपनी विगत समृद्धि पर आँसू बहाकर सोचने को विवश हो किन्तु यही भारत जैमिनी, पतंजलि एवं व्यास जैसे ऋषियों का जनक रहा है। इसी की गोद में राम, कृष्ण, भीष्म, अर्जुन और भीम जैसे श्रेष्ठ मानवों ने क्रीड़ा कर इसका मान बढ़ाया है। किन्तु आज इसकी सन्तानें अपने व्यक्तिगत सुख में लीन होकर उस प्राचीन गरिमा को भूल रही हैं। कवि भारत के उस अतीत को शत-शत प्रणाम करता हैं।
खंडहर ! खड़े हो.... .बूँद भर पानी को तरसते हुए ?
प्रसंग- प्रस्तुत पंक्तियाँ सूर्यकान्त त्रिपाठी 'निराला' द्वारा रचित कविता 'खंडहर के प्रति' से ली गई हैं जिसमें कवि ने भारत को एक खंडहर के रूप में चित्रित किया है क्योंकि भारत की प्राचीन गरिमा एवं समृद्धि अब भग्नावशेष जैसी रह गयी है।
व्याख्या- जिस प्रकार किसी खंडहर को देखकर यह अनुमान लगा लिया जाता है कि जिस इमारत का यह खंडहर है वह कितनी बुलन्द थी। उसी प्रकार हमारे भारत की वर्तमान दशा को देखकर भी इसकी प्राचीन गरिमा, गुरुता एवं समृद्धि का अनुमान हो जाता है। हे भारत! तुम आज भी खंडहर के रूप में स्थिर खड़े हो । न जाने कितने आक्रमणकारियों ने तुम्हें नष्ट करने का प्रयास किया किन्तु वे तुम्हें समूल नष्ट नहीं कर सके। तुम्हारे यह भग्नावशेष उस प्राचीन गरिमा एवं गुरुता का बोध करा देने के लिए पर्याप्त हैं। जब हम तुम्हें इस रूप में देखते हैं तो हमें बहुत कुछ पुरानी बातें याद आ जाती हैं और विस्मृति की नींद से हम जाग जाते हैं। हे भारत! तुम करुणा के भण्डार रहे हो, करुणा भरे गीत हमें तुम्हारे उस गौरवमय अतीत का स्मरण करा देते हैं जो बुद्ध की करुणा से जुड़ा हुआ है।
जैसे वायु संचरण के द्वारा फूलों की सुगंध और उनका पराग वातावरण में सर्वत्र व्याप्त हो जाता है उसी प्रकार तुम्हारे समृद्ध अतीत का वैभव संसार के सभी देशों में व्याप्त है। क्या तुम मुझे बताओगे कि तुम्हारा उद्देश्य क्या है? तुमने अपने समृद्ध दर्शन से संसार के बंधनों को काट दिया है। समग्र संसार के नर-नारी भारतीय दर्शन से प्रभावित होकर अध्यात्म और शांति की खोज में आज भी इधर ही भाग रहे हैं और तुम्हारी ओर आशा भरी दृष्टि लगाए हैं।
हे भारत के खंडहर ! तुम्हें देखकर मन में एक भाव चित्र और भी बनता है। तुम्हें देखकर ऐसा लगता है कि जैसे तुम जराजीर्ण होकर एक वृद्ध की भांति अपने अतीत पर पश्चाताप करते हुए एकटक दृष्टि से मृत्यु की प्रतीक्षा कर रहे हो। तुम उस वृद्ध पुरुष जैसे हो जो अपनी संतानों से उपेक्षित, तिरस्कृत होकर अपनी असहाय स्थिति पर आँसू बहा रहा है और बूँद भर पानी को तरस रहा है।
विशेष- उपरोक्त पंक्तियों में निम्नलिखित विशेषताएं हैं -
(1) अलंकार - परिमल परागसम में उपमा तथा पूरे काव्यांश में अन्योक्ति अलंकार है
(2) कवि ने भारतीयों को प्रेरणा दी है कि वे इस गुलाम भारत की आजादी के लिए कुछ करें, इसकी उपेक्षा, तिरस्कार न करें। जैसे एक वृद्ध पिता को अपनी युवा संतानों से बहुत कुछ अपेक्षाएँ होती हैं वैसे ही यह बूढ़ा भारत (खण्डहर) तुमसे बहुत कुछ चाहता है।
(3) निराला की स्वातंत्र्य चेतना तथा राष्ट्रीय भाव की अभिव्यक्ति छायावादी शैली में है।
किंवा, हे यशोराशि......... तव चरणों में प्रणाम है।
प्रसंग- सूर्यकांत त्रिपाठी 'निराला' द्वारा रचित 'खंडहर के प्रति' नामक कविता से उद्धृत इन पंक्तियों में कवि ने गुलाम भारत को अतीतकालीन भारत का खण्डहर बताते हुए उसे एक ऐसे वृद्ध पुरुष के रूप में चित्रित किया है जिसे अपनी संतानों से उपेक्षा एवं तिरस्कार मिल रहा है।
व्याख्या- हे भारत के खण्डहर! अतीत में तुम अत्यंत प्रसिद्ध रहे हो और आज अपनी दुर्दशा पर आँसू बहाते हुए दुःखी स्वर में कहते हो कि मैं अनेक दार्शनिकों का जनक हूँ। मैंने जैमिनी, पतंजलि, व्यास जैसे दार्शनिकों को जन्म दिया है। इन्होंने मेरी ही गोद में अपनी बालक्रीड़ाएँ की हैं और मेरा सम्मान बढ़ाया है। राम, कृष्ण, भीम, अर्जुन एवं भीष्म जैसे महापुरुषों ने, जिन्हें मानव होते हुए भी देव तुल्य कहा गया, महान कार्य सम्पादित किए।
दुःखी भारत अपनी परतंत्रता के कारण अपनी संतानों से कहता है कि मुझे तुमस बड़ी आशाएँ और अपेक्षाएँ हैं ठीक उसी तरह जैसे वृद्ध पिता को अपनी युवा संतानों से होती हैं। तुम मुझे निश्चय ही परतंत्रता की बेड़ियों से मुक्त कराओगे किन्तु लगता है कि तुमने सुख की इच्छा में गरलपान कर अपने कर्त्तव्य को विस्मृत कर दिया है। सुख की कामनाएँ तुम्हें कर्त्तव्य विमुख कर रही हैं। तुम्हारी आँखों में जो नए सुख स्वप्न जगे हैं, उसने तुम्हें सामगान और अमृत तुल्य सोमरस से वंचित कर दिया है। हे पुरुष पुरातन (अतीत भारत) तुम्हारे चरणों में शत-शत प्रणाम है।
विशेष- उपरोक्त पंक्तियों में निम्नलिखित विशेषताएं हैं -
(1) अलंकार - नरदेवों में रूपक तथा प्रान-गान-पान में पदमैत्री अलंकार है।
(2) भारत के खंडहर की तुलना वृद्ध पुरुष से की गई है तथा यह निरूपित किया गया है कि इसकी संतानें (नागरिक) ही इसका तिरस्कार कर रही हैं।
(3) मुख फेर लेना (उपेक्षा करना) मुहावरा है। छायावादी भाषा शिल्प का प्रयोग है।

COMMENTS