गिरा हुआ आदमी

SHARE:

गिरा हुआ आदमी मैने बाहर की ओर नजर डाली ट्रैन की गति बहुत तेज थी . बाहर के पेड़ ,जंगल और छुटपुट आते गाँव बड़ी तेजी से नजर में आते और उतनी ही तेजी से

गिरा हुआ आदमी


मैने बाहर की ओर नजर डाली ट्रैन की  गति बहुत तेज थी . बाहर के पेड़ ,जंगल और छुटपुट आते गाँव बड़ी तेजी से नजर में आते और उतनी ही तेजी से ओझल भी हो जाते . हमारे जीवन में भी कई घटनाए कई बार ऐसी ही तेजी से आती है , कुछ क्षण हम उन्हें महसूस करते हैं और फिर वे तेजी से भूतकाल में बदल जाती है . मेरे सफ़र के साथी बहुत दिलचस्प और कुछ साहित्य से  जुड़े व्यक्ति थे .                                                                     

हमारी चर्चा मनुष्य के वैचारिक उत्थान पतन पर चल रही थी . रात के ग्यारह बज रहे थे . रात भर का सफ़र था ट्रेन  सुबह दिल्ली पहूँचेगी .ऐसे में कोई दिलचस्प यात्री मिल जाये तो सफ़र आसान हो जाता है.मेरा ये मानना था कि आदमी की वैचारिक द्रढता ही. उसे किसी अनैतिक आकर्षण से सावधान करती है उसे बुरे समय में मजबूत बनाये रखती है साथ ही उसे गिरने से रोकती है . लेकिन मेरे सफ़र के साथी अमल ( शायद यही नाम बताया  था उसने ) ने मुझसे सहमति नहीं दर्शाइ . उनका कहना था कि  आदमी के गिरने या उसके वैचारिक पतन के कई कारण और कई तरह की पस्थितियाँ होती है  और गिरने के कई तरीके भी होते हें लेकिन उसके गिरने के मूल में होते हैँ उसका स्वार्थ या उसकी कोई बुरी लत या कोई मजबूरी . और जब आदमी गिरना शुरू होता है तब उसकी कोई सीमा नहीं  होती कि वो कहाँ जा कर रुकेगा . अमल ने अपनी बात पूरी कर मेरी ओर देखा .                 

"ठीक है अमल आप जो कह रहे हैँ लेकिन यदि आप अपने स्तर पर स्पष्ट और दृढ होँ तो शायद कभी कमजोर होने या विचलित होकर गिरने की ऐसी नौबत नहीं आयेगी .                                                         

""सर एक ऐसी घटना मेरे जीवन में घटी है जो इस बिंदु पर आपको सोचने पर मजबूर कर देगी."'अमल ने मुझसे विरोध जताते हुए कुछ कहना चाहा मैंने अमल की आँखों में प्रश्नसूचक द्रष्टी से  देखा .  .                                                                     
एक घटना मैँ आपको सुनाता हूँ और केवल इसलिए सुनाने की हिम्मत कर रहा हूँ क्युँकि आप यहाँ राजस्थान से हैं और में सुदूर बंगाल से . आपको यह घटना सुनाने से मुझे कुछ नुकसान होने की संभावना ना के बराबर है . बहुत अच्छी बात है  आप सुनाइये . मेरी जिज्ञासा  बढ रही थी . .                                                                     

अमल ने कुछ यूँ सुनाना शुरू किया .सर जी मैँ अपने विभाग का प्रमुख यानी बोस हूँ  . मेरे अधीनस्थ स्टाफ में एक थे रंजन बाबु . सीधे सादे हमेशा नज़रे झुका के रहने वाले कभी किसी बात का विरोध ना करने वाले  .उनका सहमति का अंदाज ये था कि मैं  कोई बात कहना शुरू करूँ तो वो बात पूरी होने या समझने के पहले ही उस बात के प्रति अपनी सहमती या समर्थन देने लग जाते थे . उसकी कमजोर मनोदशा और बोद्धिक स्तर से मै बहुत कुछ हद तक वाकिफ था लेकिन उस दिन हुए वाकिये से मै स्तब्ध था और समझ नहीं पा  रहा था कि उसके मन में क्या है.

क्या हुआ उस दिन ? मैंने जिज्ञासा से पूछा.

दरअसल हम दोनों रोजाना के अनुसार कोलकाता  अपने ऑफिस से छूटकर  घर जा रहे थे .मेरा घर 35  किलोमीटर दूर उपनगर मेँ था जबकि रंजन बाबु नजदीक की ही एक कालोनी मे रहते थे  जो मेरे घर के रास्ते  के  लगभग बिच में पड़ता था .ज्योंही बस उसकी  कालोनी वाले  बस स्टेंड पर रुकने के लिए धीमी हुई रंजन  ने एक विचित्र आग्रह मुझसे किया . सर आज तो यहीँ रुको मेरे घर .

नहीं यार रंजन  घर पर बच्चे इंतजार कर रहे होंगे  अभी एक घंटे में पहुँचता हूँ तुम जाओ .अरे सर आज तो रुक जाओ .रंजन  ने अपना आग्रह दोहराया . मैंने  उसका आग्रह सामान्य औपचारिकता  मानते हुए मुस्कराकर उसे बस से निचे उतरने का इशारा किया .बस वहां २०-२५ मिनिट रूकती थी तो में भी निचे आ गया .रंजन  ने जाने के बजाय मेरा हाथ पकड़ लिया , अच्छा सर ऐसा करो , बस अभी आधा घंटा रुकेगी या अगली बस भी है आप थोड़ी देर के लिए मेरे घर चलो .
क्यों ? मुझे कुछ अचरज हुआ . “ सर कुछ काम है आपसे “ रंजन अपना सर निचे झुकाए बोला  .
मुझसे ? क्या काम है ? यहीं बता दो                                                 
.नहीं सर आप घर चलो .रंजन का आग्रह मुझे समझ नहीं आया .
रंजन  , “ हम  लोग रोजाना साथ रहते हैँ दिन भर ,अब ऐसा क्या काम है जो तुम घर चल कर ही बताओगे “ ?
“ सर कुछ ऐसा ही है . ‘                                                         
मुझे साफ साफ बताओ में बड़े संशय में आ रहा था मेरे बार बार पूछने पर रंजन  अपनी गर्दन और भी निचे झुका कर बोला सर .........वो वाइफ को कुछ समझाना है . .
क्या ? वाइफ को समझाना है  ? क्या समझाना है ?
रंजन  बिलकुल नजरें चुराए मेरी और देखे बिना धीरे से बोला ,सर वो मेने एक बार आपसे पूछ कर वो मेडिसिन बुलवाई थी .
कौन  सी मेडिसिन ? मुझे कुछ समझ नहीं आ रहा था क्या माजरा था .
सर वो सेक्स की टेबलेट . आदमियों के लिए आती है वो .
मैँ चकराया तत्क्षण मेरे दिमाग में पिछले दिनों की कोई बात याद  आई .
तो ?
सर उस मेडिसिन से भी कोई फर्क नहीं पड़ा .                                            
"तो मैँ क्या करू  रंजन  इसमें ." ? अब मैँ झुंझलाने लगा था .
सर आप घर चल कर वाइफ को समझा दो . वो बहुत गुस्सा होती है  मुझ पर . कहती है तुमसे तो कुछ नहीं होता अब मैं क्या करूँ ? कहाँ जाऊं ?
अरे रंजन  कैसी बात करते हो मैँ क्या समझाऊंगा इसमेँ तुम्हारी वाइफ को ?
सर प्लीज बस उसे ये समझा दो कि ऐसा हो जाता हे कभी कभी और वापस सब ठीक हो जायेगा कुछ दिनों में .
क्या बेवकूफी की बात करते हो , मैँ एकदम आक्रोश में आ गया था , मैँ तुम्हारी वाइफ को ऐसी बात कैसे समझाऊं और क्यों समझाऊं ? मैँ चिल्ला उठा रंजन  पर और मेरे दिमाग में तत्क्षण उसकी पत्नी की छबि दिखने लगी दुबली पतली सांवली दिखने में बिलकुल भी आकर्षक नहीं . मेरा दिमाग एकदम वितृष्णा से भर उठा .

गिरा हुआ आदमी
सर प्लीज आपके समझाने से वो समझ जाएगी मेरी खातिर इतना कीजिये आपने कई बार मेरी हेल्प की है .
अरे ये कैसी हेल्प ? सोच समझ कर बात करो  रंजन  . मैँ उस पर और गुस्सा होकर उसे और भी कुछ कहता तभी बस के चलने का हार्न बज उठा मैँ वापस बस में चढ़ा .रंजन  शर्मिंदा सा मेरे आगे हाथ जोड़े खड़ा था . मैं अपनी सीट पर बैठा रंजन  को कुछ न कह सका लेकिन बस के चलते ही मेरे दिमाग में रंजन  के पिछले ५-६ सालों का पूरा इतिहास घूम गया .

शायद ५-६ साल पहले की बात होगी मैँ यहीँ  विभाग प्रमुख पद पर कार्य कर रहा था और ये रंजन  निम्न श्रेणी लिपिक के रूप में नई  नियुक्ति में आया आरक्षित कोटे का होकर बड़ा सीधा सादा विनम्र और मेहनती लड़का था . शादी पहले ही हो चुकी थी शुरुआत में आफीस के नजदीक एक कमजोर  सी सुविधाहीन बस्ती मे  रहने लगा . अपनी पत्नी और माँ बाप को भी साथ ही ले आया था . एक लिपिक को महानगर मे  रहना और ४-५ सदस्यों के परिवार का खर्चा  चलाना बहुत कठिन तो नहीं पर सरल भी नहीं था .

फिर भी रंजन  समय पर व्यवस्थित ऑफिस आता काम करता . लेकिन हमारे ही ऑफिस का एक पुराना बड़ा बाबू चक्रोबर्ती  जो खुद तो बड़ा आरपार था उसने रंजन  को अपनी दोस्ती के जाल में ऐसा फाँसा कि अक्सर दोनों ऑफिस के अलावा भी ज्यादा समय साथ साथ बिताने लगे .मुझे इन बातो से कोई मतलब नहीं था वो तो हमारे ऑफिस के सामने की पान  दुकान वाले ने मुझे एक दिन कुछ मजाक में कहा कि  आपके नए बाबूजी तो आजकल खूब उड़ने लगे हैँ .

और जब उसने विस्तार में मुझे बताया तो में चौंक गया उसके अनुसार पिछले साल भर में चक्रोबर्ती  ने रंजन  को तीन पत्ती और नंबर के खेल में यानि सट्टे बाजी में पारंगत कर दिया था रोजाना 25 - 50 रूपये का सट्टा खेलना साधारण बात हो गई थी रंजन  के लिए . इसके अलावा रोजाना शाम को ऑफिस के बाद देसी दारू की दुकान पर भी बैठक होने लगी थी .मैँ ये जानकर कुछ चिंतित जरुर हुआ लेकिन ज्यादा भी मुझे कोई फर्क नहीं पड़ना था मैं  कौन  था जो उसकी लाइफ में दखल देता . हाँ मेरे अधीनस्थ होने के नाते अब मुझे उसकी दिनचर्या पर थोड़ी नजर रखना जरुरी लगने लगा था .                                                

इस बिच चक्रोबर्ती  बड़े बाबू का ट्रान्सफर हो गया मुझे लगा अब ये रंजन  थोडा सुधर जायेगा लेकिन कहते हें ना कि अच्छी आदतेँ छूटने का डर तो अक्सर बना रहता है पर बुरी आदतेँ , जो एक बार आदमी उसकी गुलामी स्वीकार कर ले वो फिर कभी नहीं छूटती या बहुत मुश्किल से छूटती है  इस बीच उसके दो बच्चे भी हो चुके थे समय ऐसे ही गुजर रहा था .

एक बार रात के समय अचानक उसके पडोसी ने खबर दी कि रंजन  का छोटा बेटा सीरियस है उसे अस्पताल ले गए हैं    सहानुभूतिवश मैँ एक मित्र को लेकर तत्काल अस्पताल पहूँचा बच्चे को फीवर था  और उलटी दस्त भी हो रहे थे उसे एडमिट करने का बोला गया था और काउंटर पर दो हजार जमा करने तथा कुछ दवाइयाँ लाने  का कहा गया था रंजन   की पत्नी बच्चे के पास थी और रंजन   एक कोने में खड़ा था मैंने उसकी और देखा मुझे लगा कुछ समस्या है मैँ समझ रहा था पैसों की बात होगी . महीने की बीस तारीख चल रही थी  मैने पूछा रंजन कुछ आवश्यक्ता है क्या . सर झुकाए रंजन बोला  सर मेरे पास सिर्फ पांच सौ रुपये ही हैँ मैने अपनी जेब से दो हजार निकाल कर उसे दिए और काउंटर पर भेजा . तीन चार दिन उसका बच्चा भरती रहा चौथे दिन फिर रंजन  ऑफिस में मेरे  सामने खड़ा था सर  झुकाए , बोलो क्या बात है  ?  सर आज अस्पताल से छुट्टी होना हे दो हजार और चाहिए  में एक तारीख को पूरे पैसे आपको लौटा दूंगा प्लीज और अचानक रंजन  ने निचे बैठ कर मेरे दोनों पैर पकड़ लिए , सर आप भगवान हो मेरे लिए मेरे बच्चे को नई  जिन्दगी दी हैआपने  थोड़ी सहायता और कर दो   और मेंने उसे फिर दो हजार रुपये दे दिये .

धीमे धीमे  रंजन एक ऐसे शख्स में बदलता जा रहा था जो प्रगट रूप में बिलकुल सीधा सदा चुपचाप रहने वाला मेरे हर आदेश  को सर झुका कर स्वीकार करने वाला था .यद्यपि मेरे किसी भी उपदेशनुमा सलाह का या आदेश का पालन वो नहीं करता था . एक दो बार ऐसा भी हुआ कि  उसकी बीबी खुद चल कर मेरे आफीस आकर मुझे अपनी समस्या बताने लगी रोते रोते मेरे पाँव पकड़ कर मुझसे बच्चों की बीमारी के या त्योहारों के नाम पर या कोई और भी गंभीर कारण बताकर उधार पैसे मांगे साथ में अपने पति की अकर्मण्यता और दारू की आदत तथा लापरवाही का जिक्र करते हुए मेरे गुणगान  भी करती रही .मैं अपने बंद केबिन में एक पच्चीस छब्बीस  साल की विवाहिता औरत को देख रहा था जो मुझसे उधार मांग रही थी और उसके हाव-भाव से लग रहा था कि वो इस मेहरबानी के एवज में मेरा उपकार मानते हुए बहुत विनम्र हो रही है और इस  एहसान के कारण मेरे प्रति पूरी तरह से समर्पण दर्शा रही है है .                                                                  

मैंने इन स्थितियों में तत्काल जल्दी-जल्दी सोच विचार कर निर्णय लेकर उसे जो बन पड़ी थी वह सहायता की . मैँ इस विचार भर से ही कुछ असहज सा  महसूस कर रहा था कि कोई  औरत कुछ रुपय्ये के बदले मेरे प्रति इतना समर्पण भाव व्यक्त कर रही है यद्यपि मै उसके प्रति पूर्णत: विरक्त था लेकिन मैं भी इंसान था मेरी नजरें इस दौरान उसके शरीर पर घूमती रही आनंद की संभावनाओं  को में टटोलता रहा .                                       

मेरे लिए 2000 या 4000 की सहायता कोई बहुत बड़ी बात नहीं थी मैंने उसकी  सहायता की जबकि मेरे द्वारा पिछले दिए हुए रुपये भी वापस नहीं आए थे मुझे तो यह लालच था कि इस बहाने मेरा एक  कार्मिक पूरी तरह से मेरे प्रति समर्पित था मैं जब तक चाहूं उससे काम ले सकता था वह मेरा जरा भी अनादर , अवज्ञा नहीं कर सकता था वे लोग जो नौकरी में कार्यकारी पदों पर पदेन है वे समझते हैं इस बात का महत्व कि आप के ऑफिस के 10 के स्टाफ में यदि 6-7 कार्मिक आपके अनुगामी है तो आप सफल है . मैंने रंजन की बीवी को उधार दिया यह मानते हुए कि इसकी वापसी शायद ही हो और इसके बदले  में मुझे मिला दूसरे दिन ऑफिस टाइम में रंजन का 100% समर्पण भाव आज्ञाकारीता बल्कि एक गुलामी की मनोदशावाला कार्मिक  .मेरे लिए इतना पर्याप्त था . इन्हीं दिनों आफिस में टी टाइम में कई बार हंसी मजाक के दौरान स्टाफ के साथ कुछ फैमिली लाइफ की , सेक्स लाइफ की बातें होती रहती थी .मैं जानता था समझता था , यह विषय इतना गोपनीय होते हुए भी बहुत रुचिकर होता है और इसमें कौन कितना सच झूठ बोलता है कोई नहीं कह सकता . हर व्यक्ति हर पुरुष अपनी सफलता के बड़े बड़े दावे करता काल्पनिक किस्से सुनाता .लेकिन नई जानकारियों नए तरीकों के प्रति जिज्ञासा भी रखता है . .                                                   
हमारे विभाग से कुछ मेडिकल व्यवसाई भी जुड़े थे  जो अक्सर ऑफिस में आते रहते थे बातों बातों में यह जताते थे यदि किसी को कोई सेक्स संबंधी समस्या  है तो हमारे पास इसका उपाय है  वे स्टाफ वालों को  वियाग्रा /जियाग्रा या और ऐसी ही दूसरी मेडिसिन के बारे में बताते थे . .मैंने पाया कि वैसे तो सभी स्टाफ मेंबर इन बातों में बड़ी दिलचस्प से भाग लेते थे लेकिन रंजन बहुत गौर से यह बातें सुनता था और प्रश्न करता था . 

ऐसे ही किसी दिन जब मैं अपने ऑफिस का काम कंप्लीट करके बाजार में घूमता हुआ मेरे मेडिकल मित्र के शॉप पर बैठा था तो बातों बातों में उसने बताया की रंजन बाबू उसके खास ग्राहक है जो हर हफ्ते उससे वियाग्रा और ऐसी ही गोलियां ले जाते हैं   मैं चौंका मेरी कल्पना में वह दुबला पतला कमजोर सा रंजन बाबू जो शराबी भी था घूम गया और कल्पना में नजर आई उसकी वह बीवी जो मुझसे निवेदन कर उधार ले जाती थी ,लेकिन मुझे उसके जीवन में कोई ज्यादा दिलचस्पी नहीं थी . इसलिए मैंने इस विषय पर ज्यादा विचार नहीं किया और तभी बस के झटके से एरी विचार यात्रा भंग हुई।मेरी मंजिल भी आ चुकी थी  मैं एकदम वर्तमान में आ गया  .  .  .   .                                                                     
आज जब रंजन ने मेरे सामने दोहराया कि सर सेक्स की गोलियां लेने से भी ज्यादा फर्क नहीं पड़ा . और यह कि आप घर चलो मेरी बीवी को समझाओ , मुझे जरा भी अच्छा नहीं लगा . यद्यपि मेरे दिमाग में विचित्र किन्तु गलत भाव आने लगे कुछ कामुक भावनाएं जागी मुझे लगा कि मैं चाहूं तो इसकी बीवी को पाने के प्रयास कर सकता हूँ लेकिन मैं उसकी बीबी के प्रति इतना ज्यादा भी आकर्षित नहीं था मैंने ऐसे विचारोँ को  टाल दिया बात आई गई हो गई .

कुछ समय बीता होगा , जनवरी का महीना था अगले 3 महीने हम लोगों के लिए सारे पेंडिंग प्रोजेक्ट कंपलीशन और  टारगेट अचीवमेंट के थे . मेरे सारे स्टाफ को मेने जबरदस्त काम पर लगा दिया था सब को टारगेट  दिए थे और हम लोग औसतन रोजाना 8:00 बजे तक ऑफिस में बैठकर काम करते थे . धीमे धीमे मार्च आया  ईयर एंडिंग का माहौल लगभग सारे शासकीय विभागों में एक अतिरिक्त ऊर्जा भर देता है . बॉस लोगों की नींद हराम हो जाती है सारे स्टाफ को रोजाना निर्देश मिलते हैं . मैंने भी अपने एचीवमेंट को सुधारने के लिए सभी को टारगेट  दिए थे मैं वह पिछली बात भूल चुका था जब रंजन बाबू ने मुझे घर ले जाने की जीद की थी .

आज हम लोग रात 8:00 बजे तक  दैनिक वर्क और पेंडिंग वर्क    निपटाते रहे और अंततः 8:00 बजे की बस से घर  के लिए रवाना हुए .रात 9  बजते बजते बस उसकी कलोनी वाले  बस स्टैंड पर आई हमेशा की तरह हम बस से उतरे वह बस केवल वहीँ तक  के लिए थी अब मुझे इंतजार करना था अगली बस का जो  मुझे उपनगर मेरे घर तक ले जाती थी .

बोर हो रहे रंजन बाबू बस स्टैंड से ही कहीं से एक क्वाटर ले आए हम दोनों ने 2- 2 पेग जल्दी-जल्दी मारे और फिर बस का इंतजार करने लगे .

पता चला आज लोकल बस वालों की हड़ताल है इस कारण कुछ लोकल गाड़ियां नहीं चलेगी मुझे इंतजार था कोई भी साधन मिल जाये तो मैं देर रात तक भी घर पहुंच जाऊं बीवी के साथ रात बिताऊँ और सुबह वापस नई ऊर्जा के साथ अपने ऑफिस कार्य में लग जाऊं. लगभग एक से डेढ़ घंटा बीत चुका था कोई बस नहीं आई थी रंजन बाबू का लगातार आग्रह चल रहा था सर क्या करोगे रात में घर जाकर आज यहीं रुक जाओ सुबह वापस 8:00 बजे तो ऑफिस के लिए निकलना पड़ेगा .

और अंततः मैंने भी तय किया कि आज यहीँ रुक जाते  हैं हालाँकि में आमतौर पर  कभी बाहर रुकने का आदि नहीं हूँ जब तक साधन मिल जाये कहीं भी हूँ में घर आ ही जाता हूँ ,लेकिन इन दिनों लगातार  वर्कलोड बहुत चल रहा था शरीर का अंग अंग टूट रहा था अभी बीस  किलोमीटर और  जाना फिर वहाँ खाना खाना और सोना और कल सुबह फिर भागना . मैने रंजन  को कहा चलो किसी लाज में रूम  ले लेते  हें और ढाबे पर खाना खा लेते हें .

सर बड़ी मुश्किल से आज मौका मिला है  आज तो मेरे घर ही खाना खायेंगे और आप वहीँ आराम करना मेरे घर में पर्याप्त  जगह है .मैँ सोचने लगा खाना इसके घर . तभी रंजन  बोल पड़ा सर रामजी की होटल से खाना ले आयेंगे घर पर ही खायेंगे वो समझ गया कि मैँ शायद यह सोच रहा हूँ कि  इसके घर खाना कैसे खाऊंगा ?

मैं  थोडा खिसियाया अरे नहीं  रंजन  ऐसी कोई  बात नहीं मैं  तुम्हारे घर का बना खाना भी खा सकता हूँ पर तुम  तकलीफ क्यों उठाते हो ?

सर मुझे सब याद  है मैने आपको कितनी कितनी बार तकलीफ दी है  आज मुझे मौका मिला है  प्लीज चलो घर थोडा एन्जॉय करेंगे फिर खाना खाके आप आराम करना आपको मेरे घर कोई असुविधा नहीं होगी .

मुझे भी दिलचस्पी थी उस एन्जॉय की जिसकी और रंजन  का इशारा था मैँ मान रहा था कि  दो –दो  पेग ले के बढ़िया से खाना खा के रात सो लेंगे तो कल के लिए फिर  ताजा हो जायेंगे .मैंने रंजन को अपनी सहमति जताई .
और हम चल पड़े रंजन  के घर की ओर . .

रंजन  ने  मोबाइल से घर खबर कर दि थी हमारे आने की और इस बीच चलते हुए मैने बस स्टेंड  के एक एजेंट से पूछा उपनगर  जाने वाली बस के बारे में . रंजन उस समय कही दूर  था . एजेंट ने कहा  सर  बस तो आएगी ही कितनी देर में आएगी ये पक्का नहीं पर बस आएगी जरूर .मेने सोचा भी कि क्या मुझे बस के लिए रुकना चाहिए  या  रंजन   के घर सोने चले जाना चाहिए ?

अब आप देखिये सर जी अमल ने अपनी कहानी रोकी ........मेरी और गौर से देखा ......मुझे अब अमल की किस्सागोई में बहुत दिलचस्पी हो रही थी मैं  बैचेन था  आगे की बात जानने  के लिए .  . .                                                                      
अमल ने फिर शुरू किया . सर यहाँ वो स्थिति बनती है जो आपने शुरू में कहा था न द्रढ़ वैचारिकता . तो मैं   भी बहुत सात्विक और शरीफ आदमी हूँ दूसरी ओरतों में मेरी जरा भी दिलचस्पी  नहीं रहती है  फिर दुसरे किसी की बीबी के बारे में तो मेने कभी  नहीँ सोचा लेकिन आज ! आज में रंजन  से कुछ देर रुककर बस का इंतजार कर लेने का कहता तभी मेरे मन में  एक  चोर जागा , एक पाप ने अपना सर उठाया एक इच्छा  जागी कि आज तो  रंजन के घर ही रुकना चाहिए  देखे रंजन  की पत्नी का  कैसा  व्यवहार रहता  हे  मेरे प्रति ? क्या कुछ रोचक होगा?? .                                                            
ऐसा सोचते ही मेरी आत्मा  ने  मुझे  कोसना भी शुरू किया कि यह सब गलत है  ऐसा क्यों सोच रहा  हूँ  मैँ . दूसरे की पत्नी के बारे में सोचना पाप  है . तभी  मन ने सफाई दी मैँ कुछ गलत करने की कहाँ सोच रहा हूँ  रंजन   खुद मुझे जबरन उसके घर  ले जा रहा  है और अब इतनी रात को मैँ कहाँ जाऊंगा बस  ऐसी  ही कशमकश के  बाद मैँ चल पडा रंजन  के साथ  ..

घर का अगला कमरा बड़ा  साफ स्वच्छ व्यवस्थित था उसकी पत्नी  भी आज बड़ी अच्छी  लग रही थी मुझे ऐसा लगा  शायद  मेरे आने की खबर के साथ ही घर का और  उसकी पत्नी का दोनों का हुलिया  तेजी से  सुरुचिपूर्ण बना दिया गया था
मैँ तो जाते  ही उसके कमरे में लगे पलंग  पर  पसर गया .
यार रंजन  मुझे तेरी लुंगी  ला  दे  और  फुर्ती से क्या व्यवस्था है  लगा
जी सर अभी ५ मिनिट में सब कुछ तैयार है .
उसने घर में रखा व्हिस्की का  एक  क्वार्टर निकाला . 
मैँ बिना सोडे के नहीं पीता पर आज मैने  कुछ नहीं बोला .कुछ नमकीन  भी हमारे सामने था रंजन  की पत्नी बहुत खुश लग  रही थी बार बार मुझसे  आग्रह कर रही  थी सर पापड़ लीजिये सर  सलाद  लीजिये .
एक क्वार्टर  तो देखते देखते  ख़त्म हो रहा था क्वाटर में कुछ ही व्हिस्की बची दिख रही थी .
सर  मैँ  अभी  आया .
कहाँ जा रहे हो  .  प्लीज सर  मैँ  एक  हाफ  लेके आ रहा  हूँ दस   मिनिट  में  आ जाऊंगा . आप तब तक ये ख़त्म कीजिये .

अरे नहीं    बस  इतना  भी काफी  है  तुम  तो  खाना  ले  आओ मैने विरोध  किया
नहीं  सर  आज  आपको  पूरा  पूरा  एन्जॉय  दूंगा . ये  मेरी  ड्यूटी  है रंजन  मदिरा के सुरुर  में  बोल  रहा था . पूरा  पूरा  एन्जॉय  ?  मतलब  ?  मेरा  सर  घूमा  क्या  कह रहा  है  रंजन मैँने उसकी ओर 500 का नोट बढा दिया जो उसने नानुकुर करते हुए ले लिया और बाहर निकल गया ,  मैंने अपना पेग ख़त्म होने के बाद  क्वार्टर में शेष रही शराब की ओर देखा और सोचा क्या करूँ एक पेग बना लूं या रंजन का रास्ता देखूं ? मैं  कुछ तय करता तब तक रंजन   की  पत्नी  मेरे  पास आकर  बैठ चुकी थी  और  मेरे  खाली  ग्लास  को  उठाकर  कह  रही  थी साब जी एक  पेग  बना दूँ ?

मैंने नशे में डूबी अधखुली मदमाती आँखों से चेहरा उठाकर उसकी और देखा ! किसी विश्व सुंदरी जैसी तो नहीं लगी . लेकिन हाँ वो एक औरत थी बल्कि किसी दूसरे की औरत थी .जैसा की कहा जाता है हर इन्सान को बच्चे तो खुद  के लेकिन औरत दूसरो की ही अच्छी लगती  है . और सबसे बड़ी बात मुझ पर सवार होता नशा . मैने कुछ संकोच से कहा , रंजन  को तो आ जाने  दो .

अरे सर आप शरमाइये  मत इसे अपना ही घर समझो . बहुत एहसान हैँ आपके हमारे ऊपर , हमें भी तो कुछ अवसर दो एहसान उतारने का . और ये कहते हुए उसने एक  पेग बनाकर अपने हाथोँ से मेरे मुंह से लगा दिया . इस दौरान उसने जरा भी संकोच  नहीं किया इस बात से कि उसका शरीर मेरे शरीर से कितना सटा हुआ है या उसके शरीर का कौन  सा हिस्सा मेरे शरीर से टच हो रहा है .  

अतिरिक्त सम्मोहन से बंधता चला जा रहा था . मैने पूरा पेग एक साँस में ही खाली कर दिया . रंजन  का कहीं पता नहीं था . साला अपनी बीबी को सरे आम मेरे हवाले छोड़ गया कितना गिरा हुआ आदमी  है ? , अभी में इसके साथ कुछ भी कर लूं तो ?  शायद वो    गया ही  इसलिए  है और  वापसी में भी देर लगा रहा है  , वो चाहता ही है कि में उसकी बीबी को यूज  कर लूं  . 

ऐसे ही कामुक अनैतिक विचारों में डूबा मै मस्त हो रहा था तभी  रंजन एक  हाफ  लेकर  आ गया  हम दोनों  ने  उसमे से एक दो पेग और पिए और खाना खाने बैठ गए .                

मैँ खाना खाते हुए इसी  सोच में डूबा था कि क्या  रंजन  की बीबी  सोते समय  मेरे पास  आएगी ? 
“ यहाँ आप मेरी मनःस्थिति देखिये .”   अमल ने अपनी बात रोक कर मेरे चेहरे पर एक जिज्ञासापुर्ण नजर डाली और फिर कहना शुरु किया .                                                    

“ मैँ आगे बढ़ कर रंजन की बीबी को  आक्रामक ढंग से पा जाने के प्रयास नहीं कर रहा था लेकिन मैँ  ये चाह जरुर रहा था कि शायद आज खाना खाने के बाद वो खुद मेरे बिस्तर में आ जायेगी .मुझे तो ये भी अंदाजा था कि शायद वो खुद ही समर्पण कर देगी   .
इसी उहापोह के बीच न जाने  कब मैँ सो  गया .                                    

अलसुबह  मेरी  नींद  खुली और मैने पाया कि  मेरे बिस्तर  पर  मैँ  अकेला  नहीं  हूँ  कोई और भी मुझसे  लिपट कर सोया  हुआ  है . कुछ आँखे  खुली  तो  सारा  द्रश्य सामने आ गया रंजन  की  बीबी  अधखुले  कपड़ो  में  मुझसे  लिपटी  हुई सोई थी .  मेरे  शरीर पे भी नाममात्र के  कपडे  थे . मुझे बिल्कुल भी याद नहीं आ रहा था कि मैंने रात को कुछ कीया होगा रंजन की बीबी के साथ लेकिन सारा द्रश्य कह रहा  था  कि   पिछली  रात इन  दो  शरीरो  ने  सारी  सीमाए लाँघ  दी  होगी  . मैने  अपना  माथा  पकड़ा  अफ़सोस  किया  अनुमान  लगाया   शायद  पिछली  रात वो  सब कुछ हो गया  होगा ,  जिसके होने  ना होने  की  उलझन  में  मै उलझा  हुआ  था  . मैंने   अफसोस  किया  कि  आखिर  रंजन  इतना  कमीन   निकला .                                                .

कितना गिरा हुआ आदमी था रंजन .उसने  मुझे  खुश करने  को  उसकी  बीबी  को  ही  मेरे  आगे  पेश कर  दिया मुझे उसकी बीबी भी गिरे हुए चरित्र की औरत लगी जिसने  रात को नशे में आगे बढ़ कर  मुझे सब कुछ सोंप दिया होगा .

मैने घूम  कर  रंजन   की  बीबी  के  चेहरे  को  गौर  से देखा वो कहीं से भी जरा  भी आकर्षक   नहीं लग रही  थी मुझे  खुद  से वितृष्णा होने  लगी क्या  मैने इसके  साथ  रात को  वो  सब  किया  जो  वर्जित  था ?  क्या  मै इतना बहक गया था  .?
मैने  धीरे  से  अपने  कपडे  पहने घडी देखी   सुबह  के  पाँच  बज रहे  थे 

मैँ धीरे  से  दरवाजा  खोल कर  बाहर निकला  और  बस  स्टेंड  की  ओर  भाग  चला सुबह की पहली  गाड़ी  पकड़  के  मैँ  अपने  घर  जाना चाहता  था . मन  में  क्षोभ जुगप्सा  और  अपराधबोध  के  साथ  रंजन   के  प्रति  नफ़रत  और   गुस्सा भी  था उसकी  गिरी  हुई  मानसिकता  और   निर्लज्जता को कोसते  हुए  मैँ  बस  स्टेंड  पहुंचा १५ मिनिट बाद  गाड़ी  थी .  मैँ  तुरंत  वाश रूम में घुस  गया  . मूँह  धोते  हुए  भी  मैं   रंजन   की निर्लजता और  उसके  गिरे  हुए चरित्र को कोसता  रहा . उसकी पत्नी भी मेरी नजर में एक नंबर की स्वार्थी और चरीत्रहीन प्रतीत हो रही थी . तभी कुछ अचानक  विचित्र  सा  घटा  . वाश बेसिन  से  मुंह  धोते  हुए मैने अपना  सर ऊपर उठाते  हुए वाश बेसिन के उपर लगे आईने  में देखा ........

मैँ चौंका  मेरी  विचार तन्द्रा  भँग  हुई उस आईने  में  मुझे एक  और  गिरे  हुए  आदमी  की  तस्वीर  दिखाई  दी . मुझे  मेरे चेहरे पर  क्षोभ  और  ग्लानि  के  अलावा  कुत्सित  कामवासना  से  शिथिल  हुए  चेहरे  के अक्स दिखाई  दिए  जो  निसंदेह  मेरे  ही  थे  .

मेरे अनचाहे  ही  मेरे मन में  प्रबल  विचार  पैदा  हुए .....क्या  गिरा  हुआ  सिर्फ  रंजन ही था  या  उसकी  पत्नी  ही  थी ?  गिरा  हुआ  तो  मैँ भी साबित  हुआ .

वे  दोनों  कमजोर  व्यक्तित्व के  मालिक छोटी  स्वार्थी विचारधारा वाले  अपने  छुद्र स्वार्थो के कारण गिरे लेकिन  मैं ? मैं  भी  तो  गिरा  ....मैं    तो दृढ इच्छा शक्ति  का मालिक सशक्त  सक्षम  इन स्थितियों  का  बेहतर  सामना  भी तो कर सकता  था  स्वयं को रोक  सकता  था रंजन  के  घर ना जाकर  किसी  लाज में रुक सकता  था  या  देर  रात की गाडी पकड़  कर  अपने घर  अपनी पत्नी के पास  जा  सकता  था या  उसके  घर  जाता  भी तो स्वयं को मजबूत संतुलित और  व्यवस्थित रखते  हुए  उन दोनों  के  कुत्सित  प्रयासों  को नकार सकता  था लेकिन मुझे भी  तो कुछ अनुचित  अमर्यादित  पाने  की  आशा  थी . मुझे स्वयं  से ग्लानी होने  लगी. 

जुगुप्सा  होने  लगी  और  मैँ  बिलकुल  तय  नहीं  कर  पाया  कि  गिरा  हुआ  आदमी  कौन   है ? क्या  रंजन ?  या  मैँ   स्वयं  ? ? या उसकी पत्नी . .                                                                        

अब आप बतायेँ सर जी इस अरुचिकर पापपूर्ण घटनाक्रम में कौन  गिरा हुआ साबित हो रहा है  ?                                                                          
अमल की कहानी या उसकी आपबीती समाप्त हो चुकी थी उसकी नज़रेँ मेरे चेहरे पर गडी थी और मैँ उसके चेहरे पर एकटक देख रहा था तीनो में कौन  गलत था या तीनो गलत थे मैँ अमल को कोई जवाब नहीं दे पाया .                                            

हम लोग सोने की तैयारी कर रहे थे मूँह पर लिहाफ ओढ़े में एक नई बात सोच रहा था यदि ऐसी स्थिति मेरे सामने आती तो मैँ क्या करता ? उसका विरोध करता या मैँ भी गिर जाता ? मैँ इस बारे में भी कुछ भी तय नहीं कर पाया .




- महेश शर्मा, 
102 पैराडाइज होम, मोहसिन लेन, एरा मेडिकल कॉलेज के सामने, 
सरफराजगंज, लखनऊ; मोबाइल: 9340198976, ईमेल: mahesh.k111555@gmail.com

COMMENTS

Leave a Reply

इन्हे भी अवश्य पढ़ें -

Loaded All Posts Not found any posts VIEW ALL Readmore Reply Cancel reply Delete By Home PAGES POSTS View All RECOMMENDED FOR YOU LABEL ARCHIVE SEARCH ALL POSTS Not found any post match with your request Back Home Sunday Monday Tuesday Wednesday Thursday Friday Saturday Sun Mon Tue Wed Thu Fri Sat January February March April May June July August September October November December Jan Feb Mar Apr May Jun Jul Aug Sep Oct Nov Dec just now 1 minute ago $$1$$ minutes ago 1 hour ago $$1$$ hours ago Yesterday $$1$$ days ago $$1$$ weeks ago more than 5 weeks ago Followers Follow THIS PREMIUM CONTENT IS LOCKED STEP 1: Share to a social network STEP 2: Click the link on your social network Copy All Code Select All Code All codes were copied to your clipboard Can not copy the codes / texts, please press [CTRL]+[C] (or CMD+C with Mac) to copy बिषय - तालिका